Begin typing your search...

Gold Silver Price : हफ्ते की शुरुआत में गिरे सोना-चांदी, जानें दिल्ली-मुंबई, चेन्नई का ताजा रेट

23 फरवरी 2026 को सोने और चांदी के दाम में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन पिछले हफ्ते के उछाल से कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं. एक्सपर्ट्स के मुताबिक टैरिफ और वैश्विक तनाव से आगे फिर तेजी आ सकती है.

gold price today 23 february 2026 24k 22k silver rate india
X
( Image Source:  Create By AI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 23 Feb 2026 9:16 AM

Gold Price: नए हफ्ते की शुरुआत में सोने और चांदी के दामों में थोड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. आज 23 फरवरी 2026 की सुबह भारत के विभिन्न शहरों में सोने की कीमतें हल्की कम हुई हैं. लेकिन पिछले एक हफ्ते में कुल मिलाकर सोना काफी महंगा हो चुका है. खासकर 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे निवेशक और खरीदार दोनों सतर्क हो गए हैं.

दिल्ली में आज सुबह 24 कैरेट (शुद्ध) सोने का भाव 1,59,420 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है. वहीं मुंबई में यह थोड़ा कम है 1,59,270 रुपये प्रति 10 ग्राम. अन्य बड़े शहरों जैसे चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना लगभग 1,59,270 से 1,59,320 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है. दिल्ली, जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ जैसे शहरों में थोड़ा ज्यादा यानी 1,59,420 रुपये तक देखा जा रहा है.

क्या इन शहरों में भाव?

22 कैरेट सोने (जो ज्यादातर ज्वेलरी में इस्तेमाल होता है) की बात करें तो दिल्ली में यह 1,46,140 रुपये प्रति 10 ग्राम है. मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद जैसे शहरों में यह 1,45,990 से 1,46,000 रुपये के बीच है. अहमदाबाद और भोपाल में 1,46,040 रुपये पर है. पिछले एक हफ्ते की तुलना करें तो 24 कैरेट सोना करीब 1,530 रुपये महंगा हुआ है और 22 कैरेट में 1,400 रुपये की बढ़ोतरी आई है. मतलब, हाल के दिनों में सोने ने अच्छा उछाल दिखाया था, लेकिन आज हल्की गिरावट आई है, जिससे बाजार में थोड़ा सुकून है.

चांदी का आज का भाव

चांदी में भी आज सुबह गिरावट देखी गई है. भारत में चांदी का भाव 2,74,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 80.5 डॉलर प्रति औंस के आसपास है. जनवरी में चांदी ने 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था, लेकिन अब यह नीचे आ गई है. फिर भी, औद्योगिक मांग और वैश्विक संकेतों के आधार पर चांदी में भी आगे तेजी की उम्मीद है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

विदेशी बाजार में सोने का स्पॉट प्राइस (हाजिर भाव) आज 5,027.13 डॉलर प्रति औंस पर है. यह स्तर काफी ऊंचा है, लेकिन हाल के दिनों में उतार-चढ़ाव जारी है.

क्यों हो रही है यह गिरावट और आगे क्या होगा?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका में ट्रंप प्रशासन के नए टैरिफ (आयात शुल्क) फैसलों से बाजार प्रभावित हो रहा है. पिछले साल ट्रंप ने भारत समेत कई देशों पर टैरिफ लगाए थे, लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें रद्द कर दिया. इसके बाद ट्रंप ने आयात पर टैरिफ को 10% और फिर 15% बढ़ाने का ऐलान किया. इससे वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता बढ़ी है साथ ही मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव (जैसे युद्ध या संघर्ष की खबरें) भी बढ़ रही हैं. ऐसे में निवेशक सोने जैसी सुरक्षित चीजों की ओर ज्यादा रुख कर रहे हैं. जिससे सोने की मांग मजबूत बनी रह सकती है इसलिए एक्सपर्ट्स मानते हैं कि आने वाले दिनों में सोना-चांदी में फिर से उछाल आ सकता है.

कुल मिलाकर क्या समझें?

आज बाजार में हल्की गिरावट है, लेकिन पिछले हफ्ते की तेजी को देखते हुए सोना अभी भी महंगा बना हुआ है. अगर आप शादी, त्योहार या निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने का सोच रहे हैं, तो थोड़ा इंतजार करके देख सकते हैं क्योंकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि टैरिफ और वैश्विक तनाव से आगे कीमतें फिर बढ़ सकती हैं. लेकिन कीमतें रोज बदलती हैं, इसलिए खरीदने से पहले लोकल ज्वेलर या विश्वसनीय ऐप/वेबसाइट से ताजा रेट जरूर चेक कर लें। बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, इसलिए सावधानी से फैसला लें!.

सोना-चांदी
अगला लेख