कोंकणा सेन शर्मा से उर्फी जावेद तक, कॉकरोच जनता पार्टी के फैन हुए सेलेब्स; 11.3 मिलियन फॉलोअर्स के साथ BJP को पछाड़ा
'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम का व्यंग्यात्मक इंटरनेट मूवमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महज 6 दिनों में इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स BJP से भी ज्यादा हो गए हैं.
आपने अगर इन दिनों सोशल मीडिया या इंटरनेट पर थोड़ा भी समय बिताया है, तो 'कॉकरोच जनता पार्टी' का नाम जरूर सुना होगा. यह नाम सुनकर कई लोगों को पहले हंसी आती है और वे सोचते हैं कि आखिर यह क्या नई बला है? लेकिन यह कोई साधारण मजाक नहीं है। सिर्फ 6 दिनों में इस पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 11.3 मिलियन (1 करोड़ 13 लाख) से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं.
हैरानी की बात यह है कि इसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 8.7 मिलियन फॉलोअर्स को भी पीछे छोड़ दिया है. यह पार्टी असल में कोई सच्ची राजनीतिक पार्टी नहीं है. यह एक व्यंग्यात्मक (satirical) यानी मजाकिया राजनीतिक आंदोलन है, जो इंटरनेट पर बहुत तेजी से फैल गया है. खासकर Gen Z इसमें खूब शामिल हो रही है.
चीफ जस्टिस के बयान से शुरू हुई कहानी
'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की शुरुआत तब हुई जब देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से कर दी. इस बयान के बाद काफी विवाद छिड़ रहा है. इसके बाद एक आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व सोशल मीडिया रणनीतिकार अभिजीत दिपके ने 16 मई को एक्स हैंडल और इंस्टाग्राम पर इस पार्टी का अकाउंट बनाया. शुरू में यह सिर्फ एक मजाक था, लेकिन कुछ ही दिनों में यह पूरे देश के युवाओं का पसंदीदा इंटरनेट ट्रेंड बन गया. अब युवा लोग इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और पोस्ट के जरिए मजाक-मजाक में खुद को इस पार्टी का सदस्य, नेता या उम्मीदवार बताने लगे हैं. अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी अजीब आदतों को बताकर वे कह रहे हैं कि वे इस पार्टी के लिए कितने 'योग्य' हैं.
सेलेब्रिटीज भी हो गए फैन
इस मजाकिया पार्टी को आम लोगों के साथ-साथ कई बड़े सेलेब्रिटीज का भी पूरा समर्थन मिल रहा है. दीया मिर्जा, कोंकणा सेन शर्मा, अनुराग कश्यप, विशाल डडलानी, फातिमा सना शेख, ईशा गुप्ता, उमर रियाज, उर्फी जावेद, अभिषेक निगम, पूरव झा, कुणाल कामरा, हिमांशी खुराना और कई अन्य मशहूर हस्तियां इस पेज को फॉलो कर रही हैं.
अन्य पार्टियों से तुलना
इंस्टाग्राम पर प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के फॉलोअर्स की संख्या इस प्रकार है:
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress): 13.3 मिलियन
भारतीय जनता पार्टी (BJP): 8.7 मिलियन
आम आदमी पार्टी (AAP): 1.9 मिलियन
समाजवादी पार्टी: 870 हजार
तृणमूल कांग्रेस: 537 हजार
'कॉकरोच जनता पार्टी' ने महज छह दिन में BJP को भी पीछे छोड़ दिया, जो सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को दिखाता है.
कॉकरोच जनता पार्टी का एजेंडा क्या है?
हालांकि यह पूरी तरह से मजाकिया आंदोलन है, फिर भी इसके बनाने वालों ने एक मजेदार मेनिफेस्टो (एजेंडा) भी जारी किया है. इसमें कुछ गंभीर मांगें रखी गई हैं, जो सिस्टम में सुधार लाने के बारे में हैं. जैसे :
किसी भी मुख्य न्यायाधीश को रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा की सीट न दी जाए.
संसद में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण की व्यवस्था हो (बिना सदन की संख्या बढ़ाए)
दल-बदल करने वाले सांसदों और विधायकों पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाई जाए
कॉम्पिटिटिव एग्ज़ाम में री-चेकिंग के नाम पर छात्रों से ली जाने वाली अतिरिक्त फीस को पूरी तरह खत्म किया जाए
ये मांगें युवाओं की नाराजगी और व्यवस्था में बदलाव की चाहत को मजाक के रूप में सामने रखती हैं
क्यों हो रहा है इतना वायरल?
आज के समय में युवा बेरोजगारी, महंगाई, परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों और राजनीति के प्रति निराशा महसूस कर रहे हैं. 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने इन भावनाओं को हल्के-फुल्के अंदाज में, मीम्स और रील्स के जरिए व्यक्त करने का मौका दिया है. यही वजह है कि यह इतनी तेजी से फैल गया. यह आंदोलन बताता है कि आज का युवा व्यंग्य के जरिए भी अपनी बात रखना जानता है. चाहे यह कितना भी मजाक लगे, लेकिन इसमें गहरी सामाजिक और राजनीतिक टिप्पणी छिपी हुई है.




