Anil Kapoor ने दी जियो हॉटस्टार को धमकी! पोस्ट शेयर कर कहा- तुम्हारे पास सिर्फ 24 घंटे है
अनिल कपूर के एक रहस्यमयी पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, जिसमें उन्होंने जियो हॉटस्टार को 24 घंटे की चेतावनी दी है. फैंस इसे उनके पॉपुलर शो ‘24’ के नए सीजन की ओर इशारा मान रहे हैं.
अनिल कपूर (Anil Kapoor) सोशल मीडिया पर हमेशा काफी एक्टिव रहते हैं. लेकिन हाल ही में उन्होंने एक रहस्यमयी और क्रिप्टिक पोस्ट शेयर करके अपने फैंस और फॉलोअर्स को हैरान कर दिया है. उन्होंने जियो हॉटस्टार को सीधे चेतावनी देते हुए लिखा है कि 'तुम्हारे पास सिर्फ 24 घंटे हैं. नहीं तो ये मामला मैं अपने हाथ में ले लूंगा.' यह पोस्ट एक्स हैंडल पर उन्होंने डाला, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया है. अब हर कोई अंदाजा लगा रहा है कि आखिर अनिल कपूर इस पोस्ट के जरिए क्या कहना चाहते हैं. लोग तरह-तरह के अनुमान लगा रहे हैं.
पोस्ट के बाद फैंस की प्रतिक्रियाएं भी काफी दिलचस्प आई हैं. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'लगता है 24 वापस आ रहा है… मैं तो कब से इंतजार कर रहा हूं!.' दूसरे ने उत्सुकता जताते हुए कहा, 'जल्दी अनाउंसमेंट कर दो अब… धक-धक हो रही है.' कई लोग यह मान रहे हैं कि अनिल कपूर शायद अपने पॉपुलर टीवी शो '24' से जुड़ी कोई नई खबर या नया सीजन जल्द ही घोषित करने वाले हैं.
अनिल कपूर का फेमस शो '24'
बता दें कि अनिल कपूर का शो '24' भारतीय टेलीविजन पर काफी पसंद किया गया था. यह शो साल 2013 में शुरू हुआ था. इसके पहले सीजन में कुल 24 एपिसोड थे. दर्शकों को यह शो बहुत पसंद आया, जिसके बाद साल 2016 में इसका दूसरा सीजन भी रिलीज किया गया. इस शो में अनिल कपूर ने एक एक्शन हिरो की भूमिका निभाई थी, जो समय के साथ दौड़ते हुए देश की सुरक्षा के लिए लड़ते थे. आज भी कई फैंस इस शो को दोबारा देखना चाहते हैं.
अनिल ने 'धुरंधर 2' का ऑफर क्यों ठुकराया?
कुछ दिनों पहले एक इंटरव्यू में अनिल कपूर ने बताया था कि फिल्ममेकर आदित्य धर उनके पास फिल्म 'धुरंधर 2' के लिए आए थे. आदित्य धर चाहते थे कि अनिल कपूर इसमें एक छोटा सा कैमियो रोल करें. अनिल कपूर ने कहा, 'हां, आदित्य मेरे पास 'धुरंधर 2' लेकर आए थे. वे मुझे छोटा कैमियो करने के लिए कह रहे थे. लेकिन उस समय मैं पहले से ही कुछ दूसरी फिल्मों के लिए डेट्स दे चुका था. मैंने आदित्य से कहा कि मैं यह कैमियो जरूर करना चाहूंगा, लेकिन मैं पहले से ही दूसरे प्रोजेक्ट्स के लिए कमिटेड हूं.' उन्होंने आगे बताया, 'मेरे लिए प्रोफेशनलिज्म और कमिटमेंट बहुत जरूरी है. सिर्फ टैलेंट से कुछ नहीं होता, समय पर काम पूरा करना भी उतना ही जरुरी है. फिल्म देखकर लगता है कि शायद यह मेरा लॉस हो गया, लेकिन कोई बात नहीं. भविष्य में हम साथ काम कर सकते हैं.'
अनिल कपूर की आने वाली फिल्में
अनिल कपूर हाल ही में फिल्म 'सुबेदार' में नजर आए थे, जो अब अमेजन प्राइम पर स्ट्रीमिंग हो रही है. इसके बाद उनकी दो बड़ी फिल्में आने वाली हैं:
अल्फा- इसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका में हैं. यह एक महिला केंद्रित एक्शन फिल्म है.
किंग- यह फिल्म भी काफी चर्चा में है.
अभी अनिल कपूर का यह क्रिप्टिक पोस्ट काफी चर्चा का विषय बना हुआ है. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि अगले 24 घंटों में कोई बड़ा अनाउंसमेंट हो सकता है.




