क्या आप ट्राई करना चाहेंगे कोबरा सूप? जब इस महिला ने ट्राई की सांप से बनी डिश और ड्रिंक; Video Viral
चीन के हांगकांग में 50 साल पुराना स्नेक सूप रेस्टोरेंट सोशल मीडिया पर चर्चा में है. 'Cobra Queen' के नाम से मशहूर चौ का-लिंग का वीडियो देख लोग हैरान हैं.;
सांप का सूप? जी हां, यह सुनकर ही कई लोगों के होश उड़ जाते हैं. हम सबने टमाटर, चिकन, मशरूम या वेजिटेबल सूप तो पिया है, लेकिन कोबरा या अन्य जहरीले सांपों से बना सूप? यह बात भारतीयों के लिए तो और भी हैरान करने वाली है, क्योंकि यहां सांप को ज्यादातर डरावना या जहरीला माना जाता है. लेकिन चीन खासकर हांगकांग और ग्वांगडोंग इलाके में यह एक पारंपरिक और सेहतमंद डिश मानी जाती है.
इंस्टाग्राम यूजर magpie_vi ने हाल ही में एक ऐसा वीडियो शेयर किया, जिसमें एक महिला ने चीन की एक खास रेस्टोरेंट में कोबरा सूप, स्नैक्स और जेली जैसा ड्रिंक ट्राई किया. वीडियो में 'कोबरा क्वीन' नाम से मशहूर एक महिला रेस्टोरेंट चला रही है, जो 50 साल से इस बिजनेस में है. बाहर से जगह बिलकुल सामान्य लगती है, लेकिन अंदर सांपों का पूरा कलेक्शन है.
क्यों कहते हैं 'कोबरा क्वीन'
इंस्टाग्राम पर magpie_vi नाम की यूजर ने इसी जगह का वीडियो शेयर किया. वीडियो में वह बताती हैं, 'हम चीन में एक ऐसी जगह पर पहुंचे जहां लोग कोबरा खाते हैं. बाहर से तो यह जगह बिलकुल नॉर्मल लगती है, लेकिन अंदर जो हो रहा है, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती.' यह महिला जिसे कोबरा क्वीन कहा जाता है पिछले 50 साल से इस रेस्टोरेंट को चला रही है. उसके पास कोबरा, अजगर और कई अन्य सांपों का कलेक्शन है. वह इन सभी सांपों को लकड़ी के बक्सों से सांप निकालकर दिखाती है कुछ जहरीले, कुछ बड़े अजगर. magpie_vi खुद वीडियो में एक अजगर को हाथ में लेती है, और फिर कोबरा से बने स्नैक्स खाती है.
क्या फायदेमंद है कोबरा सूप?
महिला महिला ने अपने साथी के साथ सिर्फ स्नैक्स ही नहीं, वह सांपों से बनी जेली जैसी चीज और एक स्पेशल ड्रिंक भी ट्राई करती है. यह ड्रिंक अक्सर सांप की पित्त (gall bladder) या खून से बनाया जाता है, जिसे पारंपरिक चाइनीज मेडिसिन में बहुत फायदेमंद माना जाता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सर्दियों में यह सूप शरीर को गर्म रखता है, खून साफ करता है, त्वचा अच्छी बनाता है और कई बीमारियों से बचाता है. स्थानीय लोग इसे 'हीटिंग फूड' मानते हैं, खासकर सर्द मौसम में. हांगकांग और ग्वांगडोंग जैसे इलाकों में सांप का सूप सर्दियों की स्पेशल डिश है, जैसे भारत में अदरक वाली चाय या गरमागरम सूप.
कौन हैं कोबरा क्वीन?
कोबरा क्वीन की कहानी भी कम रोचक नहीं है. कई सारे यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर इस रेस्तरां में गए हैं. 'कोबरा क्वीन' चौ का-लिंग जो दशकों से यह बिजनेस चला रही हैं. चौ का-लिंग ने अपने पिता से यह हुनर सीखा और आज वे हांगकांग की एकमात्र सर्टिफाइड महिला स्नेक कैचर हैं. उनकी दुकान 'शिया वोंग हिप' 1960 के दशक से चल रही है. वह खुद सांप पकड़ती हैं, मारती हैं और सूप बनाती हैं. कई बार जहरीले सांपों के काटने की वजह से उन्हें खतरा भी झेलना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.
क्या रहा यूजर्स का रिएक्शन?
वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं देखते ही बनती हैं. एक यूजर ने लिखा, 'मैं उस गंध की कल्पना भी नहीं कर सकता.' किसी ने कहा, 'मैंने एक बार प्रेग्नेंसी में सांप खाया था. मेरी मां ने जबरदस्ती खिलाया, कहा कि इससे डिलीवरी आसान होती है. उसके बाद कभी नहीं खाया.' एक ने कमेंट किया, 'चीन के बड़े-बड़े रेस्टोरेंट में सांप के अलावा मेंढक भी मिलते हैं.' शाकाहारी यूजर्स तो पूरी तरह शॉक में थे- 'यह शाकाहारियों के लिए नरक जैसा है.' चीन और हांगकांग में सांप का सूप सदियों पुरानी परंपरा है. पारंपरिक चाइनीज मेडिसिन (TCM) के अनुसार, सांप का मांस 'यांग' एनर्जी देता है, जो शरीर को गर्म रखता है और इम्यूनिटी बढ़ाता है. सूप में अक्सर चिकन, अदरक, गाजर, गोभी और कई हर्ब्स डाले जाते हैं, जिससे स्वाद थोड़ा मीठा-तीखा हो जाता है. लेकिन कई लोगों के लिए यह अभी भी अजीब और डरावना लगता है.