कौन है आतंकी अबू मूसा, जिसने सामने ला दिया पाकिस्तान का असली चेहरा, शांति वार्ता के बीच पहलगाम पर किया एक्सपोज
अबू मूसा कश्मीरी, लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक शीर्ष कमांडर के रूप में चर्चा में है, जिसने शांति वार्ता के बीच पाकिस्तान की पोल खोल दी है और बयान में कहा कि पहलगाम हमले से पाकिस्तान की हैसियत बढ़ी है. अबू मूसा के इस बयान की खूब चर्चा की जा रही है और कहा जा रहा है आखिरकार पाकिस्तान का नापाक चेहरे सबके सामने आ ही गया.
मिडिल ईस्ट में 28 फरवरी से चल रहे तनाव और सैन्य टकराव के बीच हर दिन नए राजनीतिक और कूटनीतिक मोड़ सामने आ रहे हैं. हालिया घटनाक्रम में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, होर्मूज स्ट्रेट को लेकर चेतावनी और इस्लामाबाद में संभावित शांति वार्ता ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है.
इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर अबू मूसा कश्मीरी के बयान ने नए विवाद को जन्म दे दिया है. इस बयान में पाकिस्तान की भूमिका, पहलगाम हमले और क्षेत्रीय कूटनीति को जोड़कर गंभीर दावे किए गए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस तेज हो गई है.
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच कैसे बढ़ा मिडिल ईस्ट संकट?
रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 अप्रैल को अमेरिका की ओर से ईरान को कड़ी चेतावनी दी गई थी कि अगर होर्मूज स्ट्रेट नहीं खोला गया तो गंभीर कार्रवाई की जा सकती है. इसके बाद हालात तेजी से बिगड़ने लगे और वैश्विक बाजार से लेकर कूटनीतिक हलकों तक हलचल मच गई. इसके बाद सामने आए सोशल मीडिया दावों में यह भी कहा गया कि अमेरिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की अपील के बाद युद्ध रोकने का दावा किया था, जिसके बाद इस्लामाबाद में शांति वार्ता की चर्चा तेज हो गई.
क्या इस्लामाबाद में हो रही है अमेरिका-ईरान शांति वार्ता?
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की संभावना पर चर्चा चल रही है. बताया जा रहा है कि ईरान की ओर से कई शर्तें भी रखी गई हैं. इस पूरे घटनाक्रम ने पाकिस्तान को एक संभावित 'मध्यस्थ' की भूमिका में ला दिया है, जिससे उसकी अंतरराष्ट्रीय छवि को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं.
अबू मूसा कश्मीरी का बयान क्या है और क्यों मचा विवाद?
वायरल वीडियो में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर अबू मूसा कश्मीरी को यह दावा करते हुए देखा गया है कि इस्लामाबाद में हो रही अंतरराष्ट्रीय वार्ता और पाकिस्तान की बढ़ती भूमिका के पीछे पहलगाम आतंकी हमले जैसी घटनाओं का प्रभाव है. उसके बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान का कूटनीतिक कद ऐसे घटनाक्रमों से बढ़ा है, जिसे लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
क्या पहलगाम हमले को लेकर आतंकी ने किया 'खुला दावा'?
वीडियो में अबू मूसा कश्मीरी यह दावा करता दिखता है कि पहलगाम में हुए हमले और उसके बाद की घटनाओं ने क्षेत्रीय राजनीति को प्रभावित किया है. उसके अनुसार, इसी घटनाक्रम के कारण पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में भूमिका निभा रहा है. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
क्या पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि पर असर पड़ेगा?
एक्सपर्ट का मानना है कि इस तरह के बयान पाकिस्तान की कूटनीतिक स्थिति और उसकी “शांतिदूत” छवि पर सवाल खड़े कर सकते हैं. खासकर तब जब एक आतंकी संगठन से जुड़े कमांडर के बयान वैश्विक चर्चा का हिस्सा बन रहे हों.
अबू मूसा कौन है?
अबू मूसा कश्मीरी (जिसे हाशिम मूसा या सुलेमान शाह के नाम से भी जाना जाता है) को लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष ऑपरेशनल कमांडर बताया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में सक्रिय था और कई आतंकी गतिविधियों की योजना में शामिल रहा है. जानकारी के अनुसार, वह पाकिस्तान सेना के स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) का पूर्व कमांडो रहा है और बाद में आतंकी संगठन से जुड़ गया. अप्रैल 2025 के पहलगाम हमले को लेकर उसे मास्टरमाइंड बताया गया था, जिसमें 20 से अधिक नागरिकों की मौत हुई थी.