अमेरिका की नाक में दम करने वाला ड्रग लॉर्ड, मौत के बाद सुलग उठा मेक्सिको- कौन था एल मेंचो?

मेक्सिको की ड्रग दुनिया का वह नाम, जिसने अमेरिका की एजेंसियों के नाक में दम किया हुआ था. जिस पर करोड़ों डॉलर का इनाम घोषित था और जिसका नेटवर्क सीमा पार तक फैला हुआ था. अब उसकी मौत के बाद मेक्सिको हिंसा की आग मे जल रहा है- आखिर कौन था एल मेंचो और कैसे खड़ा किया उसने अपना खौफनाक साम्राज्य?

( Image Source:  X-@ANI )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 23 Feb 2026 11:09 AM IST

Who is El Mencho: मेक्सिको में बड़े ड्रग माफिया सरगना नेमेसियो रूबेन ओसेगुएरा सर्वांतेस उर्फ ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद हालात काफी संजीदा हो गए हैं. जलिस्को राज्य में मैक्सिकन अधिकारियों की छापेमारी के दौरान उसे मार गिराया गया. इसके बाद उसके गैंग ने कई इलाकों में सड़कों को जाम करने के लिए गाड़ियों और ट्रकों में आग लगानी शुरू कर दी.

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में साफ तौर पर मेक्सिकों के गंभीर हालात दिख रहे हैं. गाड़ियों, घरों और दुकानों में आग लगाई गई है और एयरपोर्ट पर लोग भागते नजर आ रहे हैं. अमेरिका एल मेंचो से काफी परेशान था और उसने मेक्सिको सरकार से उसके खिलाफ एक्शन लेने की भी बात की थी. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कौन था एल मेंचो, जिसकी मौत के बाद इतना बवाल मचा हुआ है.

कौन था एल मेंचो?

एल मेंचो जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का चीफ था. यह गिरोह अमेरिका में कोकीन, मेथामफेटामिन और फेंटानिल की तस्करी के लिए जिम्मेदार माना जाता है. अमेरिका के नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के मुताबिक, यह कार्टेल ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, यूरोप, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका तक भी ड्रग्स की तस्करी करता था. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.

एल मेंचो का जन्म मेक्सिको के मिचोआकान राज्य के अगुइलिया इलाके में हुआ था. वह 1990 के दशक से ही ड्रग तस्करी से जुड़ा हुआ था. एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, वह कम उम्र में अमेरिका चला गया था और 1994 में कैलिफोर्निया की एक अदालत ने उसे हेरोइन की तस्करी की साजिश के मामले में दोषी ठहराया था. सजा पूरी करने के बाद उसे अमेरिका से मेक्सिको निर्वासित कर दिया गया.

मेक्सिको लौटने के बाद कैसे ड्रग के नेटवर्क से जुड़ा?

मेक्सिको लौटने के बाद ड्रग माफिया इग्नासियो कोरोनेल विल्लारियल उर्फ 'नाचो कोरोनेल' ने उसे फिर से तस्करी के नेटवर्क से जोड़ा. विल्लारियल की मौत के बाद एल मेंचो ने 2009 में जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल की स्थापना की. एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, मेक्सिको में सीनालोआ कार्टेल और एल मेंचो के कार्टेल के बीच कई सालों तक कड़ा कॉम्पीटीशन चलता रहा.

एल मेंचो कितनी संपत्ति का था मालिक?

एल मेंचो, जिसका असली नाम नेमेसियो ओसेगेरा सर्वांतेस था, उसकी कुल संपत्ति का सटीक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है. 2019 में अमेरिकी एजेंसी Drug Enforcement Administration (DEA) ने संकेत दिया था कि उसकी संपत्ति 1 अरब डॉलर से अधिक हो सकती है. एक पुरानी Univision रिपोर्ट में DEA एजेंट काइल मोरी के हवाले से कहा गया था कि उसके पास कम से कम 500 मिलियन डॉलर की संपत्ति थी और यह 1 अरब डॉलर से भी ज्यादा हो सकती है.
यह अनुमान उसकी निजी संपत्ति से जुड़ा था. वहीं कुछ आकलनों में उसके संगठन Jalisco New Generation Cartel (CJNG) की कुल संपत्ति कई अरब डॉलर बताई गई है, लेकिन चूंकि यह अवैध कारोबार से जुड़ा संगठन था, इसलिए सटीक गणना संभव नहीं है.

एल मेंचो का क्या परिवार था?

El Mencho की पत्नी का नाम रोजालिंडा गोंजालेज वालेंसिया है, जिनका परिवार 'लोस कुइनिस' के नाम से जाना जाता है और वह CJNG के वित्तीय कामकाज से जुड़ा था. दोनों ने 1996 में शादी की थी और रिपोर्ट्स के मुताबिक 2018 में कानूनी रूप से अलग हो गए थे. उनके तीन बच्चे हैं- रूबेन ओसेगेरा गोंजालेज, जिन्हें टएल मेंचिटोट कहा जाता है, जेसिका जोहाना ओसेगेरा और लाइशा ओसेगेरा.

अमेरिता में एल मेंचो पर क्या हैं आरोप?

एल मेंचो पर अमेरिका में कई बार आरोप लगाए गए. सबसे हालिया आरोप अप्रैल 2022 में कोलंबिया में दर्ज किया गया था, जिसमें मेथामफेटामिन, कोकीन और फेंटानिल जैसे बैन पदार्थों की अमेरिका में साजिश और सप्लाई थे.

मेक्सिको में क्या हो रहा है?

मेक्सिको के जलिस्को में हाल ही में हुई कार्रवाई के दौरान CJNG के सात सदस्य मारे गए, जिनमें एल मेंचो भी शामिल था. इस घटना के बाद देश के लगभग एक दर्जन राज्यों में तनाव फैल गया. आपराधिक समूहों ने कई जगहों पर सड़कों को जाम किया और वाहनों में आग लगा दी.

जलिस्को की राजधानी ग्वाडलहारा में सोमवार को स्कूल बंद कर दिए गए. टूरिस्ट प्लेस प्यूर्टो वल्लार्ता के आसपास हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं. ब्लूमबर्ग के मुताबिक, कंट्रोलाडोरा वुएला कम्पानिया दे एवियासियोन एसएबी (वोलारिस) और ग्रुपो वीवा एरोबस एसएबी ने अस्थायी रूप से अपनी उड़ान सेवाएं रोक दीं. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट्स पर कुछ विमानों को रास्ते से वापस लौटते हुए भी दिखाया गया.

Similar News