पश्चिमी इराक में US का KC-135 टैंकर विमान क्रैश, ईरान संघर्ष के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी- पांच लोग थे सवार

पश्चिमी इराक में अमेरिकी KC-135 टैंकर विमान क्रैश हो गया. ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, विमान में कम से कम 5 क्रू सदस्य सवार थे.

( Image Source:  @worldbestvideo- X )
By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 13 March 2026 7:36 AM IST

ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच पश्चिमी इराक से एक बड़ी खबर सामने आई है. अमेरिकी सेना का एक KC-135 सैन्य टैंकर विमान ऑपरेशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद अमेरिकी बलों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान में कम से कम पांच क्रू सदस्य सवार थे.

इस घटना ने क्षेत्र में चल रहे सैन्य अभियानों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब विमान मिशन से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इस दुर्घटना में किसी की मौत या गंभीर चोट हुई है या नहीं.

किस प्रकार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ?

रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान KC-135 टैंकर था, जो अमेरिकी सेना के लिए बेहद महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म माना जाता है. इस विमान का मुख्य काम लंबी दूरी के मिशनों के दौरान फाइटर जेट और अन्य सैन्य विमानों को हवा में ही ईंधन उपलब्ध कराना होता है. एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि आम तौर पर इस टैंकर विमान में तीन क्रू सदस्य होते हैं, लेकिन इस उड़ान में कम से कम पांच सैन्यकर्मी सवार थे. अतिरिक्त क्रू सदस्यों की भूमिका क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है.

क्या इस घटना में एक से अधिक विमान शामिल थे?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अपने बयान में कहा कि इस घटना में दो विमान शामिल थे. इनमें से एक विमान सुरक्षित लैंड कर गया, जबकि दूसरा पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सेंट्रल कमांड ने बयान में कहा कि 'यह घटना ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान मित्र क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र में हुई है और बचाव अभियान अभी जारी है. इस बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि हादसा Operation Epic Fury के दौरान हुआ, जो ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान का हिस्सा है.

क्या दूसरा विमान भी KC-135 टैंकर था?

एक अमेरिकी अधिकारी ने, जो इस मामले पर खुलकर बोलने के अधिकृत नहीं थे, बताया कि इस घटना में शामिल दूसरा विमान भी KC-135 टैंकर था. सेंट्रल कमांड ने आगे कहा:“जैसे-जैसे स्थिति स्पष्ट होती जाएगी, और जानकारी साझा की जाएगी। हम अतिरिक्त विवरण जुटाने और सेवा सदस्यों के परिवारों को स्पष्ट जानकारी देने के लिए धैर्य बनाए रखने का अनुरोध करते हैं।”

क्या इससे पहले भी ऐसे हादसे हुए हैं?

एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों के दौरान यह चौथा विमान हादसा है जो सार्वजनिक रूप से सामने आया है. पिछले सप्ताह अमेरिकी सेना ने पुष्टि की थी कि तीन F-15E Strike Eagle लड़ाकू विमान गलती से कुवैत की मित्र सेना की गोलीबारी में मार गिराए गए थे. हालांकि राहत की बात यह रही कि उन विमानों में सवार सभी छह क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और बाद में उन्हें बचा लिया गया.

ईरान के साथ युद्ध में अब तक कितना नुकसान हुआ है?

रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के साथ चल रहे संघर्ष में अब तक सात अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है. इनमें से छह सैनिक उस समय मारे गए जब कुवैत के एक नागरिक बंदरगाह पर स्थित ऑपरेशन सेंटर पर ईरानी ड्रोन हमला हुआ था. वहीं एक अन्य सैनिक की मौत सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर हुए हमले में घायल होने के बाद हुई. अमेरिकी रक्षा विभाग यानी पेंटागन के अनुसार इस संघर्ष में अब तक लगभग 140 अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं, जिनमें से आठ को गंभीर चोटें आई हैं.

Similar News