Iran के टॉप लीडर्स की जानकारी दो, 92 करोड़ 50 लाख ले जाओ- US का बड़ा एलान; Israel पर फिर मिसाइल से हुआ हमला-10 बड़ी बातें

Middle East में जारी जंग के बीच US ने Iran के कई शीर्ष नेताओं की जानकारी देने पर 10 मिलियन डॉलर तक इनाम की घोषणा की है. वहीं Iran-Israel के बीच मिसाइल और ड्रोन हमले तेज हो गए हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है. इस बीच भारत से जुड़ी ऊर्जा सप्लाई, कूटनीतिक बयान और सुरक्षा हालात भी चर्चा में हैं.

Iran vs US-Israel जंग के पांचवें दिन की बड़ी खबरें
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 14 March 2026 12:25 AM IST

Middle East Conflict, Iran vs Israel US war: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने Rewards for Justice कार्यक्रम के तहत ईरानी नेताओं की जानकारी देने पर 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है. इसमें मोजतबा खामेनेई समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. अमेरिका का कहना है कि ये लोग ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) से जुड़े हैं और दुनिया भर में आतंक से संबंधित गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नेतृत्व और सरकार को लेकर बयान दिए हैं. उन्होंने कहा कि हालात गंभीर हैं. अमेरिका कार्रवाई जारी रखेगा. साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संघर्ष का समय और दिशा तय करने का फैसला वे खुद करेंगे.

Iran vs Israel US War के 10 बड़े अपडेट्स

  1. इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष और बढ़ गया है. ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उन्होंने इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया. इजरायल के तेल अवीव में एयर रेड सायरन बजे और धमाकों की आवाजें सुनी गईं. इजराइली सेना का कहना है कि मिसाइलों को रोकने के लिए डिफेंस सिस्टम सक्रिय हैं. वहीं, यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उन्होंने ईरान से आए कई बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन को रोक दिया.
  2. अमेरिका ने तीन युद्धपोतों पर 2200 मरीन सैनिकों को तैनात किया गया है. इससे वह उचित समय पर ईरान पर जमीनी हमले के लिए भी अपने सैनिकों को भेज सकेगा. इससे यह भी संकेत मिलता है कि जंग अप्रैल तक जारी रह सकती है.
  3. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मोजतबा खामेनेई पर कहा कि मुझे लगता है कि वह घायल है. वह किसी न किसी रूप में जीवित है. वे बहुत बातें कर रहे हैं. इसलिए उसे बर्दाश्त करना ही पड़ेगा. हमें देखना होगा, क्योंकि हम उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर रहे हैं."
  4. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, "इस समय हम एक सैन्य अभियान में लगे हुए हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके, जैसा कि राष्ट्रपति बार-बार कह चुके हैं, कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके." वेंस ने देश की सेवा कर रहे अमेरिकी सैनिकों के लिए प्रार्थना करने का भी आह्वान किया. उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि हम सभी न केवल उत्तरी कैरोलिना के लोगों के लिए, बल्कि हमारे सभी 50 राज्यों के उन लोगों के लिए प्रार्थना करें जो वर्दी पहनते हैं और संयुक्त राज्य अमेरिका की सुरक्षा, संरक्षा और स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने को तैयार हैं.
  5. मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते बहरीन और सऊदी अरब में होने वाली F1 रेस रद्द या स्थगित कर दी गई है. यह रेस बहरीन में 10-12 अप्रैल को, जबकि सऊदी अरब में एक सप्ताह बाद होनी थी.
  6. इस संघर्ष के चलते तेल की कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे वैश्विक बाजार पर असर पड़ा है. वॉल स्ट्रीट के शेयर बाजार में भी गिरावट देखी गई.
  7. एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने दो भारत-ध्वज वाले LPG टैंकरों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी है. इससे भारत में रसोई गैस की संभावित कमी को कुछ राहत मिल सकती है.
  8. ओमान के सोहार शहर में हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए. विदेश मंत्रालय ने इस पर दुख जताया है. उसका कहना है कि वह स्थानीय अधिकारियों से संपर्क में है.
  9. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने सभी पक्षों से युद्ध रोकने और संघर्ष विराम की अपील की है. उनका कहना है कि क्षेत्र में शांति बेहद जरूरी है.
  10. इजराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर कार्रवाई तेज की है और चेतावनी दी है कि अगर हमले जारी रहे तो और सख्त कदम उठाए जाएंगे. k

कुल मिलाकर, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है. इजराइल पर मिसाइल हमले जारी हैं. तेल बाजार और शेयर बाजार पर भी युद्ध का असर दिखाई दे रहा है. क्षेत्र में हालात अभी भी बेहद संवेदनशील हैं.

Similar News