पाकिस्तान की सिट्टी पिट्टी गुल! BLA ने 17 पाक सैनिकों को बनाया बंधक, 7 पर अदला-बदली की डेडलाइन

बलूचिस्तान में BLA ने 17 पाकिस्तानी सैनिकों को पकड़ने का दावा किया. 10 रिहा, 7 के बदले कैदी अदला-बदली के लिए पाकिस्तान को 7 दिन की चेतावनी.;

( Image Source:  @shivank_8mishra-X )
Edited By :  सागर द्विवेदी
Updated On :

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत से एक बड़ा दावा सामने आया है. प्रतिबंधित संगठन Baloch Liberation Army (BLA) ने रविवार को कहा कि उसने 17 पाकिस्तानी सैनिकों को पकड़ लिया है. संगठन का कहना है कि इनमें से 10 को छोड़ दिया गया है, जबकि बाकी सात के बदले कैदियों की अदला-बदली के लिए पाकिस्तान सरकार को एक हफ्ते का समय दिया गया है.

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उनके कथित अभियान “Operation हेरोफ़' के दूसरे चरण का हिस्सा है. BLA के मीडिया विंग ‘Hakkal’ से जुड़े प्रवक्ता जीयंद बलोच के नाम से जारी बयान में इसे “रणनीतिक कदम” बताया गया है. हालांकि पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

क्या है BLA का दावा?

बयान के अनुसार, 17 में से 10 सैनिकों को रिहा कर दिया गया. संगठन ने कहा कि ये सभी जातीय रूप से बलोच थे और स्थानीय पुलिस व्यवस्था से जुड़े थे. उन्हें चेतावनी देकर छोड़ने की बात कही गई है. संगठन का कहना है कि यह फैसला ज़मीनी हालात और बलोच लोगों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया.

बाकी 7 सैनिकों पर क्या आरोप हैं?

BLA के मुताबिक, बाकी सात लोग पाकिस्तान सेना की नियमित यूनिट से जुड़े हैं. संगठन ने कहा कि 'बाकी हिरासत में लिए गए लोग पाकिस्तान आर्मी की नियमित इकाइयों के सदस्य हैं. एक बलोच नेशनल कोर्ट में कार्यवाही बुलाई गई, जहां बंदियों पर नागरिकों के खिलाफ कार्रवाइयों में शामिल होने, जबरन गायब किए जाने की घटनाओं में मदद करने और बलोच लोगों के नरसंहार में भागीदारी जैसे आरोप लगाए गए. सुनवाई के दौरान इन लोगों को आरोपों का जवाब देने का मौका दिया गया, सबूत पेश किए गए और बयान दर्ज किए गए, जिसके बाद दोषी ठहराने का फैसला सुनाया गया.' संगठन का दावा है कि एक तथाकथित 'बलोच नेशनल कोर्ट' में सुनवाई के बाद उन्हें दोषी माना गया.

कैदी अदला-बदली पर क्या कहा गया?

हालांकि BLA ने दोषी ठहराने की बात कही है, लेकिन साथ ही पाकिस्तान सरकार को सात दिन का समय दिया है. संगठन का कहना है कि अगर इस दौरान सरकार कैदियों की अदला-बदली के लिए तैयार होती है, तो इन सात लोगों को बलोच कैदियों के बदले छोड़ा जा सकता है. BLA ने यह भी आरोप लगाया कि पहले दिए गए प्रस्तावों पर पाकिस्तान सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. बयान में चेतावनी दी गई है कि अगर एक हफ्ते के भीतर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई, तो कथित सजा लागू कर दी जाएगी.

सरकार की क्या प्रतिक्रिया है?

इस मामले पर पाकिस्तान की सेना या सरकार की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. जानकारों का कहना है कि अगर यह दावा सही है, तो इससे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और तनाव बढ़ सकता है.

Similar News