खामनेई के खम के आगे निकला नेतन्याहू का दम, क्या Iran ने तोड़ दिया Israel का गुरूर? 25 दिन 5 वाकये- घायल और घातक का Deadly Combination
Iran और Israel के बीच 25 दिनों की जंग में कैसे बदला संतुलन? जानिए Deadly Combination - मिसाइल, प्रॉक्सी, एनर्जी वॉर और कूटनीति ने कैसे इजरायल को दी चुनौती.
मिडिल ईस्ट में जारी टकराव ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि 21वीं सदी की जंग सिर्फ हथियारों की नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और बहु-स्तरीय दबाव की होती है. Iran और Israel के बीच बढ़ता संघर्ष शुरुआती दिनों में एकतरफा लगता था, लेकिन 25 दिनों के भीतर तस्वीर बदलती दिखी. अब सवाल यह है कि क्या ईरान ने इजरायल की बढ़त को सच में चुनौती दे दी है, या यह सिर्फ एक अस्थायी संतुलन है?
क्या ‘डिकैपिटेशन स्ट्राइक’ के बाद भी ईरान नहीं टूटा?
दरअसल, ईरान, अमेरिका और इजरायल जंग की शुरुआत 28 फरवरी 2026 को हुई, जब यूएस और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़े पैमाने पर हमला किया. इस ऑपरेशन में ईरान के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाया गया और सुप्रीम लीडर खामेनेई समेत करब 25 नेता मारे जा चुके हैं.
इस एक्शन के पीछे इजरायल और अमेरिका की रणनीति साफ थी, “नेतृत्व खत्म करो, सिस्टम गिर जाएगा.” लेकिन हुआ उल्टा. ईरान ने तुरंत जवाबी हमले शुरू कर दिए. सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे गए, जिससे पूरा क्षेत्र युद्ध की चपेट में आ गया. यह पहला संकेत था कि सिर्फ नेतृत्व खत्म करने से कोई देश तुरंत नहीं टूटता.
क्या इजरायल की ‘आयरन डोम’ चुनौती में है?
इजरायल की सबसे बड़ी ताकत उसकी मिसाइल रक्षा प्रणाली मानी जाती है, लेकिन इस बार ईरान ने नई रणनीति अपनाई. क्लस्टर मिसाइलों और मल्टी-वारहेड सिस्टम का इस्तेमाल कर उसने रक्षा प्रणाली को चकमा देने की कोशिश की. हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई मिसाइलें इजरायल के एयरस्पेस में घुसने में सफल रहीं, जिससे मौतें और भारी नुकसान हुआ. इससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या इजरायल की 'अभेद्य सुरक्षा' की छवि दरक रही है?
25 दिनों में ईरान ने कैसे बदला बदला युद्ध का संतुलन?
मिडिल ईस्ट वॉर के शुरू में इजरायल ने तेज और सटीक हमलों से बढ़त बना ली थी, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीते, ईरान ने अपनी रणनीति बदल दी. सीधे टकराव के बजाय 'लंबी लड़ाई' का रास्ता अपनाया. ईरान ने लगातार मिसाइल हमले किए. प्रॉक्सी ग्रुप्स की अमेरिका और इजरायल के खिलाफ बढ़ा दी. इसके अलावा, ईरान ने क्षेत्रीय स्तर पर कई मोर्चे एक साथ खोल दिए. इजरायल ने भी जवाबी हमले तेज किए और तेहरान तक एयरस्ट्राइक किए. लेकिन अब यह साफ है कि यह 'शॉर्ट वॉर' नहीं, बल्कि 'लॉन्ग गेम' बन चुका है. जानें ईरान ने अब तक क्या किया?
1. ईरान की ओर से दो मार्च को मिसाइल हमले में इजरायल के बेत शेमेश में कम से कम नौ लोग मारे गए हैं और 27 घायल हुए थे.
2. ईरान में बहरीन में US नेवी के 5वें फ्लीट बेस पर एक और ड्रोन हमला किया था. ईरानी ड्रोन एक ब्रिटिश नेवी फैसिलिटी के पास गिरा, जो अमेरिकी बेस से सटा हुआ है. इस हमले में चार लोग घायल हुए थे.
3. ईरान ने 17 मार्च को तेल अवीव के पास एक अपार्टमेंट बिल्डिंग पर क्लस्टर बम हमला बोला था. इस हमले में एक जोड़ा मारा गया. बुजुर्ग दंपत्ति यारोन और इलाना मोशे तेल अवीव के उपनगर रामत गान में अपनी अपार्टमेंट बिल्डिंग की सबसे ऊपरी मंलिल पर बने लिविंग रूम में मृत पाए गए. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स के मुताबिक बुधवार को तेल अवीव पर एक बड़ा बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया. यह हमला, देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारीजानी की हत्या के बदले में किया गया था.
4. ईरान ने मार्च 2026 में इजरायल की ओर से अपने सबसे बड़े गैस उत्पादन केंद्र पर हमले के बाद 20 मार्च को कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर (Ras Laffan Industrial City) के एलएनजी (LNG) संयंत्रों और पर्ल जीटीएल (Pearl GTL) फैसिलिटी पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए. इसके अलावा, उसने कुवैत, सउदी अरब और यूएई के बड़े गैस उत्पादन केंद्रों पर भी हमला बोला था.
5. इससे पहले इजरायल ने 18 मार्च 2026 को ईरान के सबसे बड़े गैस उत्पादन केंद्र, साउथ पार्स (South Pars) गैस फील्ड पर हमला किया. यह हमला क्षेत्र में तनाव को बढ़ाते हुए ईरान की ऊर्जा अर्थव्यवस्था की रीढ़ को निशाना बनाने के लिए किया गया, जिसमें ईरान के साउथ पार्स क्षेत्र में स्थित गैस और तेल स्थलों को निशाना बनाया गया.
6. 2026 के ईरान युद्ध के दौरान ईरानी नौसेना के फ्रिगेट IRIS Dena को हिंद महासागर में अमेरिकी नौसेना ने 4 मार्च को लॉस एंजिल्स-क्लास पनडुब्बी USS Charlotte ने टॉरपीडो से हमला करके डुबो दिया था. Dena ने हाल ही में भारत द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू 2026 नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा लिया था और घर लौट रहा था. अमेरिका से जिस समय उसे निशाना बनाया तब वो श्रीलंका के गाले तट से लगभग 19 नॉटिकल मील (35 किमी; 22 मील) की दूरी पर था.
क्या एनर्जी वॉर ने पूरी दुनिया को लपेट लिया?
मिडिल ईस्ट वॉर का बड़ा असर युद्ध क्षेत्र से बाहर दिख रहा है. ईरान ने Strait of Hormuz जैसे अहम समुद्री मार्ग को प्रभावित किया, जिससे वैश्विक तेल सप्लाई पर असर पड़ा. अभी तक की रिपोर्ट्स बताती हैं कि तेल की कीमतें बढ़ गईं, सप्लाई चेन प्रभावित हुई और कई देशों की अर्थव्यवस्था दबाव में आ गई.
यानी अब यह सिर्फ दो देशों की जंग नहीं रही, यह 'ग्लोबल इम्पैक्ट वॉर' बन चुकी है.
क्या कूटनीति और युद्ध साथ-साथ चल रहे हैं?
दिलचस्प, बात यह है कि जहां एक तरफ मिसाइलें चल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ बातचीत भी जारी है. अमेरिका ने कुछ हमले रोककर बातचीत की कोशिश की है. हालांकि ईरान ने सीधे वार्ता से इनकार किया है. यह दिखाता है कि 21वीं सदी का युद्ध सिर्फ मैदान में नहीं, बल्कि डिप्लोमैटिक टेबल पर भी लड़ा जाता है.
क्या ईरान का ‘Deadly Combination’ इजरायल के लिए चुनौती बन गया?
1. नेतृत्व पर हमला, लेकिन सिस्टम कायम
ईरान में सत्ता सिर्फ एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं, बल्कि संस्थागत ढांचे पर टिकी है. जैसे इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प और धार्मिक परिषदें. शीर्ष नेताओं पर हमलों के बावजूद कमांड संरचना तेजी से सक्रिय रहती है. इतिहास बताता है कि “डिकैपिटेशन स्ट्राइक” से सिस्टम अस्थायी रूप से प्रभावित होता है, लेकिन पूरी तरह ढहता नहीं.
2. मिसाइल टेक्नोलॉजी से रक्षा तंत्र को चुनौती
इजरायल की Iron Dome दुनिया की सबसे उन्नत रक्षा प्रणाली मानी जाती है, लेकिन ईरान ने सैचुरेशन अटैक और मल्टी-वारहेड मिसाइलों का इस्तेमाल कर इसे चुनौती दी. बड़ी संख्या में एक साथ दागी गई मिसाइलें किसी भी एयर डिफेंस को ओवरलोड कर सकती हैं. यही आधुनिक युद्ध की नई रणनीति है.
3. प्रॉक्सी और मल्टी-फ्रंट वॉर
ईरान सीधे युद्ध के बजाय क्षेत्रीय नेटवर्क का उपयोग करता है. जैसे हिजबुल्लाह और अन्य सहयोगी समूह. इससे इजरायल को एक साथ कई मोर्चों पर लड़ना पड़ता है. लेबनान, गाजा और सीरिया तक. यह रणनीति दुश्मन की सैन्य क्षमता को विभाजित कर उसे थका देने पर केंद्रित होती है.
4. एनर्जी और ईकोनॉमी को ढाल बनाना कारगर रणनीति
Strait of Hormuz से दुनिया का लगभग 20% तेल गुजरता है. इस मार्ग पर तनाव बढ़ने से वैश्विक तेल कीमतें तुरंत प्रभावित होती हैं. ईरान इस भू-रणनीतिक स्थिति का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए करता है, जिससे युद्ध का असर सीधे दुनिया की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी तक पहुंचता है.
5. युद्ध और कूटनीति का साथ-साथ चलना
21वीं सदी के युद्ध में सैन्य कार्रवाई के साथ कूटनीतिक बातचीत भी जारी रहती है. यूएन जैसे मंचों पर बातचीत, बैक-चैनल डिप्लोमेसी और सीजफायर की कोशिशें चलती रहती हैं. इसका मकसद संघर्ष को नियंत्रित रखना और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच रणनीतिक बढ़त बनाए रखना होता है.
क्या वाकई टूटा इजरायल का गुरूर?
ऐसा कहना जल्दबाजी होगी कि इजरायल कमजोर पड़ गया है, क्योंकि उसकी सैन्य क्षमता अब भी मजबूत है. लेकिन इतना जरूर है कि ईरान ने यह साबित कर दिया है कि वह सिर्फ “रक्षा करने वाला” देश नहीं, बल्कि “लंबी और जटिल जंग” लड़ने में सक्षम है. इस जंग ने एक बात साफ कर दी है कि 21वीं सदी के युद्ध में जीत सिर्फ ताकत से नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और बहु-स्तरीय लड़ाई से तय होती है. यानी, यह लड़ाई अब “कौन जीतेगा” से ज्यादा “कौन ज्यादा देर टिकेगा” की बन चुकी है.