Middle East Crisis : खर्ग पर ईरान कितना निर्भर, ट्रंप ने किया कब्जा तो कितना होगा असर?

ईरान के खर्ग द्वीप की अर्थव्यवस्था में क्या अहमियत है? जानिए अगर इस पर कब्जा होता है तो तेल बाजार, महंगाई और दुनिया पर कितना बड़ा असर पड़ेगा.

लाइफलाइन खर्ग ईरान के लिए अहम क्यों?  @DawoodNadaf10 / @Yoddha_0

(Image Source:  @DawoodNadaf10 , @Yoddha_0 )
Curated By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 31 March 2026 2:18 PM IST

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान का खर्ग आइसलैंड इस बार सुर्खियों में है. इसकी वजह है उसका सबसे अहम तेल निर्यात केंद्र खर्ग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बयान. ईरान का छोटा सा द्वीप उसकी अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, जहां से देश का अधिकांश कच्चा तेल दुनिया तक पहुंचता है. ऐसे में अगर इस रणनीतिक ठिकाने पर ट्रंप किसी तरह की सैन्य कार्रवाई या कब्जा करने की कोशिश करते हैं, इसका असर सिर्फ ईरान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक तेल बाजार, महंगाई और अंतरराष्ट्रीय राजनीति तक महसूस किया जाएगा. आज सबसे बड़ा सवाल यही है, ईरान खर्ग पर कितना निर्भर है और अगर यह लाइफलाइन बाधित होती है, तो दुनिया पर इसका कितना बड़ा असर पड़ेगा?

खर्ग द्वीप क्या है, इतना महत्वपूर्ण क्यों?

फारस की खाड़ी में स्थित खर्ग द्वीप ईरान का सबसे बड़ा और सबसे अहम तेल निर्यात केंद्र है. आकार में छोटा होने के बावजूद यह देश की ऊर्जा व्यवस्था का मुख्य हब है, जहां से कच्चे तेल को स्टोर, प्रोसेस और जहाजों में लोड कर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक भेजा जाता है. इसे ईरान की अर्थव्यवस्था की 'लाइफलाइन' इसलिए कहा जाता है क्योंकि यहां की गतिविधियां सीधे देश की आय से जुड़ी हुई हैं.

ईरान की अर्थव्यवस्था में खर्ग की कितनी हिस्सेदारी?

ईरान के कुल तेल निर्यात का करीब 85 से 90 प्रतिशत हिस्सा खर्ग द्वीप से होता है. तेल निर्यात ही ईरान की विदेशी मुद्रा कमाने का सबसे बड़ा स्रोत है, जिससे सरकारी बजट, सब्सिडी, विकास योजनाएं और सैन्य खर्च पूरे होते हैं. ऐसे में खर्ग का संचालन सुचारू रहना ईरान की आर्थिक स्थिरता के लिए बेहद जरूरी है. अगर, यहां किसी कारण से रुकावट आती है, तो इसका सीधा असर देश की कमाई और वित्तीय स्थिति पर पड़ता है.

खर्ग पर कब्जा होता है तो ईरान पर क्या असर पड़ेगा?

खर्ग द्वीप पर हमला होने या निष्क्रिय होने पर ईरान के तेल निर्यात पर तुरंत बड़ा असर पड़ेगा. इससे विदेशी मुद्रा का प्रवाह कम हो सकता है, जिससे देश में आर्थिक संकट गहरा सकता है. मुद्रा कमजोर हो सकती है, महंगाई बढ़ सकती है और सरकार के लिए अपने खर्चों को संभालना मुश्किल हो सकता है. पहले से लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बीच यह झटका ईरान की अर्थव्यवस्था को और दबाव में डाल सकता है.

क्या ईरान के पास इसका कोई विकल्प है?

ईरान ने खर्ग पर निर्भरता कम करने के लिए जास्क जैसे नए तेल टर्मिनल विकसित किए हैं. इसके अलावा, वह “शिप-टू-शिप ट्रांसफर” और गुप्त टैंकर नेटवर्क के जरिए भी तेल निर्यात करता है. लेकिन इन विकल्पों की क्षमता सीमित है और वे खर्ग की जगह पूरी तरह नहीं ले सकते. इसलिए, अगर खर्ग बाधित होता है, तो ईरान का निर्यात काफी हद तक प्रभावित होगा.

ट्रंप की और से सैन्य कार्रवाई का बाजार पर असर क्या?

अमेरिका की ओर से खर्ग को निशाना बनाया जाता है, तो इसका असर केवल ईरान तक सीमित नहीं रहेगा. वैश्विक तेल सप्लाई में कमी आने से कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं. इसका असर भारत, चीन और यूरोप जैसे बड़े आयातक देशों पर पड़ेगा, जहां ईंधन महंगा होगा और महंगाई बढ़ेगी. तेल की कीमतों में उछाल से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दबाव बढ़ सकता है. खर्ग पर किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई मिडिल ईस्ट में तनाव को और बढ़ा सकती है. ईरान इसके जवाब में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को बाधित कर सकता है, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है. इससे वैश्विक सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ेगा और क्षेत्रीय संघर्ष व्यापक युद्ध में बदल सकता है.

Similar News