AI से लेकर UPI तक, PM मोदी-नेतन्याहू की मौजूदगी में 10 बड़े MoU साइन; डिफेंस से आगे बढ़ा भारत-इजरायल सहयोग

पीएम मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान दोनों देशों ने AI, साइबर सुरक्षा, कृषि, शिक्षा और व्यापार समेत कई क्षेत्रों में बड़े समझौते किए. UPI लिंक, साइबर सेंटर और एग्रीकल्चर इनोवेशन जैसे फैसले भविष्य की टेक और आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देंगे.

पीएम मोदी के इज़राइल दौरे में AI-साइबर समेत कई बड़े समझौते

By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 26 Feb 2026 6:32 PM IST

PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान भारत और इज़राइल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, कृषि, शिक्षा, व्यापार और टेक्नोलॉजी समेत कई अहम क्षेत्रों में समझौते ( MoUs) किए. यरुशलम में प्रधानमंत्री मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू की मौजूदगी में इन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को दिखाते हैं. इन समझौतों में कृषि इनोवेशन, जियोफिजिकल एक्सप्लोरेशन, मछली पालन, एक्वाकल्चर, समुद्री विरासत, शिक्षा में AI का इस्तेमाल, व्यापार और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्र शामिल हैं.

दोनों देशों ने भारत-इजरायल एग्रीकल्चर इनोवेशन सेंटर बनाने, साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने और UPI सिस्टम को जोड़ने जैसे फैसले भी लिए. इसके अलावा शिक्षा, रिसर्च और हाई-टेक सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी है. समझौतों पर हस्ताक्षर के दौरान एस. जयशंकर और इज़राइल के कई मंत्रियों ने अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े दस्तावेजों पर साइन किए. अधिकारियों का कहना है कि इन समझौतों से आने वाले समय में रिसर्च, टेक्नोलॉजी, व्यापार और निवेश में तेज़ी आएगी और भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी.

भारत-इजरायल के बीच किन-किन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए?

1. सांस्कृतिक और कृषि सहयोग

  • सांस्कृतिक आदान-प्रदान (Cultural Exchange) पर MoU
  • भारत-इजरायल एग्रीकल्चर इनोवेशन सेंटर की स्थापना पर MoU
  • हस्ताक्षर: इजरायल के विदेश मंत्री गिडियन सार और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर

2. ऊर्जा और वैज्ञानिक सहयोग

  • जियोफिजिकल एक्सप्लोरेशन (भू-भौतिकीय खोज) पर MoU
  • हस्ताक्षर: इजरायल के ऊर्जा व अवसंरचना मंत्री और एस. जयशंकर

3. समुद्री विरासत परियोजना

  • गुजरात के लोथल में नेशनल मैरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के विकास पर समझौता
  • हस्ताक्षर: इजरायल के हेरिटेज मंत्री और एस. जयशंकर

4. भविष्य की तकनीक और रिसर्च

Horizon Scanning (भविष्य की तकनीकों की पहचान) पर Declaration of Intent

हस्ताक्षर: इजरायल के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री व एस. जयशंकर

5. मत्स्य और कृषि क्षेत्र

  • फिशरीज और एक्वाकल्चर (मत्स्य पालन) पर MoU
  • हस्ताक्षर: इज़राइल के कृषि मंत्री और एस. जयशंकर

6. शिक्षा और AI सहयोग

  • शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर समझौता
  • हस्ताक्षर: इज़राइल के शिक्षा मंत्री और एस. जयशंकर

7. व्यापार और उद्योग सहयोग

  • 4th India-Israel CEO Forum की रिपोर्ट पेश
  • कॉमर्स, सर्विसेज, मैन्युफैक्चरिंग और रेस्तरां सेक्टर में प्रोटोकॉल लागू

8. साइबर और डिजिटल सहयोग

  • Cyber Centre of Excellence की स्थापना के लिए Letter of Intent
  • भारत के UPI सिस्टम (NPCI) और इज़राइल के Masav पेमेंट सिस्टम को जोड़ने पर MoU

9. वित्तीय और कानूनी सहयोग

  • कमर्शियल आर्बिट्रेशन (व्यापारिक विवाद निपटान) समझौता
  • IFSCA और इज़राइल इंटरनेशनल सिक्योरिटीज अथॉरिटी के बीच MoU

10. उभरती तकनीकों में साझेदारी

  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर अलग से MoU, ताकि नई तकनीकों में सहयोग बढ़े
  • अधिकारियों के अनुसार, इन समझौतों से भारत-इज़राइल साझेदारी सिर्फ रक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि टेक्नोलॉजी, शिक्षा, कृषि और डिजिटल इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ेगी।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

  • Jerusalem में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-इजराइल संबंधों को नई ऊंचाई देने वाले कई अहम फैसलों का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने क्रिटिकल और उभरती तकनीकों में साझेदारी स्थापित करने का निर्णय लिया है.
  • पीएम मोदी ने बताया कि इजरायल में UPI के उपयोग को लेकर समझौता होने पर उन्हें खुशी है, जिससे डिजिटल भुगतान सहयोग मजबूत होगा. इसके अलावा दोनों देश सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य के लिए तैयार कृषि समाधान विकसित करने और 'विलेज ऑफ एक्सीलेंस' बनाने पर भी मिलकर काम किया जाएगा, ताकि कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ठोस परिणाम हासिल हो सकें.
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की स्पष्ट सोच है कि मानवता कभी भी किसी संघर्ष की शिकार नहीं बननी चाहिए. उन्होंने कहा कि गाजा शांति योजना ने शांति की दिशा में एक रास्ता खोला है और भारत ने ऐसे प्रयासों का समर्थन किया है.
  • प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि भारत आगे भी सभी देशों के साथ सहयोग और संवाद जारी रखेगा ताकि स्थायी शांति सुनिश्चित की जा सके.
  • पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में आतकंवाद के लिए कोई जगह नहीं है. हम पहले भी इसका विरोध करते थे, आगे भी करते रहेंगे.

नेतन्याहू ने क्या कहा?

  • इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में अपनी निजी याद साझा की.  उन्होंने कहा कि वह भारत के प्रति व्यक्तिगत रूप से कर्जदार महसूस करते हैं, क्योंकि अपनी पत्नी सारा से पहली या दूसरी मुलाकात के दौरान उनकी डेट Reena Pushkarna नाम के एक भारतीय रेस्तरां में हुई थी. नेतन्याहू ने बताया कि वहां का खाना बेहद शानदार था और सारा ने पहली बार भारतीय व्यंजन चखे थे, जिससे वह मुलाकात उनके लिए बेहद खास बन गई.
  • बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री के दौरे पर कहा कि यह एक छोटा लेकिन बेहद असरदार और भावुक दौरा रहा. उन्होंने कहा कि इजराइल के लोगों पर इस यात्रा का गहरा प्रभाव पड़ा है और संसद में दिए गए संबोधन के बाद पूरा देश भावुक हो गया.
  • नेतन्याहू ने नेसेट में दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरे ने दोनों देशों को दिल और दिमाग से और करीब लाने का काम किया है.। उनके मुताबिक, इस मुलाकात में दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने वाले कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और सहयोग को और मजबूत बनाने की संभावनाएं तलाशी गईं.

Similar News