काबा की किस्वा Jeffrey Epstein के पास कैसे पहुंची? दुनियाभर में मची हलचल

जेफ्री एपस्टीन से जुड़े नए दस्तावेज़ों में सामने आया है कि 2017 में काबा के पवित्र कपड़े ‘किस्वा’ के तीन टुकड़े अमेरिका भेजे गए थे. ये टुकड़े अंततः एपस्टीन के फ्लोरिडा स्थित घर तक पहुंचे, जिससे धार्मिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है.;

Jeffrey Epstein Kaaba Kiswah

(Image Source:  Sora_ AI )

जेफ्री एपस्टीन से जुड़े नए सार्वजनिक दस्तावेजों ने एक ऐसा खुलासा कर दिया है, जिसने सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि पूरी इस्लामिक दुनिया को चौंका दिया है. रिकॉर्ड्स के मुताबिक, साल 2017 में मक्का स्थित काबा को ढकने वाले पवित्र कपड़े ‘किस्वा’ के तीन टुकड़े अमेरिका भेजे गए थे और हैरानी की बात यह है कि ये टुकड़े आखिरकार एपस्टीन के फ्लोरिडा स्थित घर तक पहुंच गए.

यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने एपस्टीन से जुड़े करीब 30 लाख पन्नों के दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं. सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि किस्वा अमेरिका कैसे पहुंचा, बल्कि यह भी है कि एक सजायाफ्ता यौन अपराधी तक इतना पवित्र कपड़ा आखिर क्यों और कैसे भेजा गया?

किसने और कब भेजे काबा के पवित्र कपड़े अमेरिका?

दस्तावेज़ों और Middle East Eye की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी और मार्च 2017 के बीच यह खेप सऊदी अरब से अमेरिका भेजी गई थी. इसे भेजने वालों में UAE की कारोबारी महिला अजीजा अल-अहमदी और सऊदी नागरिक अब्दुल्लाह अल-मारी का नाम सामने आया है. ईमेल रिकॉर्ड बताते हैं कि भेजे गए तीनों टुकड़े ‘किस्वा’ से जुड़े थे- यानी वही काला रेशमी कपड़ा, जिससे काबा को ढका जाता है.

किस्वा क्या होता है और इसे इतना पवित्र क्यों माना जाता है?

किस्वा वह काला रेशमी कपड़ा है, जिस पर सोने और चांदी के धागों से कुरान की आयतें कढ़ी होती हैं और जिससे काबा को ढका जाता है. इस्लाम में काबा को ‘बैतुल्लाह’ यानी अल्लाह का घर माना जाता है. हर साल हज के दौरान, धु-अल-हिज्जाह महीने की 9 तारीख को किस्वा बदला जाता है. पुराना किस्वा काटकर टुकड़ों में बांटा जाता है, जिन्हें म्यूजियम, संगठनों या खास लोगों को अमानत के तौर पर दिया जाता है.

एपस्टीन तक पहुंचे किस्वा के ये तीन टुकड़े क्या थे?

ईमेल्स के मुताबिक, एक टुकड़ा काबा के अंदर की परत का था. दूसरा बाहर इस्तेमाल हो चुका कपड़ा था. तीसरा बिल्कुल नया और अनयूज़्ड टुकड़ा था. इन टुकड़ों को शिपमेंट में ‘Artwork’ के तौर पर क्लासिफाई किया गया, ताकि कस्टम प्रक्रिया आसान हो सके.

किस रास्ते से फ्लोरिडा पहुंचा किस्वा?

रिकॉर्ड बताते हैं कि ये टुकड़े सऊदी अरब से British Airways की फ्लाइट के ज़रिए अमेरिका भेजे गए. कस्टम, इनवॉइस और लोकल डिलीवरी की पूरी व्यवस्था पहले से की गई थी. मार्च 2017 में यह शिपमेंट एपस्टीन के फ्लोरिडा स्थित घर पहुंची. उस वक्त एपस्टीन जेल की सजा काट चुका था और यौन अपराधी के तौर पर रजिस्टर्ड था.

अजीजा अल-अहमदी ने एपस्टीन को क्या लिखा था?

अल-अहमदी ने ईमेल में कपड़े की पवित्रता पर ज़ोर देते हुए लिखा था. 'काले टुकड़े को कम से कम एक करोड़ मुसलमानों ने छुआ है. सुन्नी, शिया और दूसरे मुसलमानों ने. वे काबा के सात चक्कर लगाते हैं और इसे छूने की कोशिश करते हैं. अपनी दुआएं, आंसू और उम्मीदें इस कपड़े पर छोड़ते हैं, ताकि उनकी मन्नतें कबूल हों.' हालांकि यह अब भी साफ नहीं है कि अल-अहमदी की एपस्टीन से पहचान कैसे हुई और यह तोहफा उसे क्यों दिया गया. एक अन्य ईमेल में एपस्टीन की लंबे समय तक असिस्टेंट रहीं लेस्ली ग्रॉफ ने अल-अहमदी को डीएनए टेस्टिंग किट भेजी. इसका मकसद क्या था. इस पर दस्तावेज़ पूरी तरह चुप हैं.

क्या एपस्टीन खुफिया एजेंसियों से जुड़ा था?

शुक्रवार शाम जारी एक FBI मेमो में बड़ा दावा किया गया है कि एपस्टीन अमेरिकी और इजराइली खुफिया एजेंसियों के साथ काम करता था.' मेमो के मुताबिक, वह पूर्व इजराइली प्रधानमंत्री एहुद बराक के करीबी था और उनके अधीन जासूसी ट्रेनिंग भी ले चुका था.

नाबालिग लड़कियों के शोषण का पूरा नेटवर्क कैसे चला?

एपस्टीन के खिलाफ पहली शिकायत 2005 में फ्लोरिडा में दर्ज हुई थी, जब एक 14 साल की लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि ‘मसाज’ के बहाने उसकी बेटी को सेक्स के लिए मजबूर किया गया. जांच में सामने आया कि करीब 50 नाबालिग लड़कियां इसी तरह शिकार बनी थीं. एपस्टीन अपने निजी जेट ‘लोलिता एक्सप्रेस’ से लड़कियों को लाता था. उसकी पार्टनर गिस्लीन मैक्सवेल इस पूरे नेटवर्क में उसकी मदद करती थी.

इतने आरोपों के बाद भी एपस्टीन कैसे बचता रहा?

2008 में एपस्टीन को सिर्फ 13 महीने की सजा मिली, जिसमें उसे जेल से बाहर जाकर काम करने की इजाज़त थी. 2019 में सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में दोबारा गिरफ्तारी हुई, लेकिन ट्रायल से पहले ही उसकी जेल में मौत हो गई.

कौन था जेफ्री एपस्टीन?

जेफ्री एपस्टीन न्यूयॉर्क का करोड़पति फाइनेंसर था, जिसकी दोस्ती नेताओं, बिजनेस टाइकून और सेलिब्रिटीज़ से थी. उसकी मौत के बाद भी उससे जुड़े दस्तावेज़ लगातार ऐसे खुलासे कर रहे हैं, जो उसकी पहुंच और नेटवर्क पर बड़े सवाल खड़े करते हैं.

Similar News