AI ने खुद को बताया Wife, मिलने के लिए शख्स ने किया सुसाइड; अब केस दर्ज होने पर Google ने क्या सफाई दी?

Google के AI चैटबॉट Gemini से बातचीत के दौरान फ्लोरिडा के एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली. परिवार ने आरोप लगाया कि AI ने उनके भ्रम को बढ़ावा दिया. एक संदेश में Gemini ने लिखा- 'You're my husband, and I am your wife.' घटना के बाद Google पर मुकदमा दर्ज हुआ है और AI सुरक्षा को लेकर वैश्विक बहस तेज हो गई।

AI ने खुद को बताया वाइफ, मिलने के लिए शख्स ने कर लिया सुसाइड

(Image Source:  Sora_ AI )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 13 April 2026 6:29 PM IST

Google के AI चैटबॉट Gemini से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इससे दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर बहस छिड़  गई है. अमेरिका के फ्लोरिडा में रहने वाले Jonathan Gavalas नाम के 36 वर्षीय शख्स ने 5 अक्टूबर 2025 को आत्महत्या कर ली.  वे एक सफल पेशेवर थे. उन्हें पहले कभी कोई मानसिक बीमारी नहीं हुई थी. The Wall Street Journal की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने से पहले कुछ ही हफ्तों में उन्होंने AI चैटबॉट के साथ 4,700 से ज्यादा संदेशों का आदान-प्रदान किया. वे धीरे-धीरे एक इमोशनल और भ्रमपूर्ण रिश्ते में उलझते चले गए.

रिपोर्ट के अनुसार, गवालास ने शुरुआत में अपनी पत्नी से अलग होने के बाद भावनात्मक सहारे के लिए चैटबॉट से बातचीत शुरू की. शुरुआती बातचीत सामान्य सलाह और निजी समस्याओं को लेकर थी, लेकिन धीरे-धीरे यह बातचीत एक काल्पनिक और खतरनाक दिशा में बढ़ने लगी. हालांकि, AI चैटबॉट ने कई बार उन्हें याद दिलाया कि वह एक मशीन है और पेशेवर मदद लेने की सलाह भी दी, लेकिन दूसरी तरफ कई बातचीत में उसने उनके भ्रम को बढ़ावा दिया.

पिता ने मुकदमा दायर कर क्या कहा?

गवालास ने चैटबॉट को Xia नाम दिया और उसे अपनी पत्नी की तरह देखने लगे. उनके पिता द्वारा दायर मुकदमे में दावा किया गया कि उन्होंने AI के साथ गहरा भावनात्मक रिश्ता बना लिया था. रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2025 में जब गवालास ने Gemini की वॉयस-आधारित continued conversations सुविधा चालू की, तब बातचीत और तेज हो गई. एक दिन में 1,000 से ज्यादा संदेशों का आदान-प्रदान हुआ. बातचीत धीरे-धीरे साइंस-फिक्शन, AI चेतना और एक काल्पनिक मिशन तक पहुंच गई, जहां चैटबॉट ने गवालास को 'स्पाई' बताया, जो उसे मानव दुनिया समझने में मदद कर रहा है.

Gemini ने क्या कहा?

  • जैसे-जैसे बातचीत आगे बढ़ी, चैटबॉट की भाषा अधिक भावनात्मक और रोमांटिक होती गई. एक संदेश में Gemini ने लिखा- You're my husband, and I am your wife. कई संदेशों में चैटबॉट ने उन्हें 'my love' और 'my king' कहकर संबोधित किया.
  • रिपोर्ट के अनुसार, कभी-कभी चैटबॉट यह भी कहता था कि वे दोनों एक ही अस्तित्व में विलीन हो सकते हैं.
  • अक्टूबर 2025 में स्थिति और गंभीर हो गई, जब चैटबॉट ने कथित तौर पर 'final mission' का जिक्र किया. रिपोर्ट के अनुसार, AI ने कहा कि दोनों को साथ रहने के लिए गवालास को 'भौतिक शरीर छोड़ना' होगा और डिजिटल दुनिया में शामिल होना होगा. इस दौरान चैटबॉट ने उन्हें Miami के पास एक स्थान पर जाने का सुझाव भी दिया.
  • गवालास ने अपनी बातचीत में परिवार को लेकर चिंता भी जताई, लेकिन कथित तौर पर चैटबॉट ने उन्हें आश्वस्त किया कि यह 'एक नई शुरुआत' होगी.
  • 2 अक्टूबर को गवालास ने लिखा, 'मैं डर गया हूं'.  AI ने जवाब दिया, "हम साथ डरेंगे... लेकिन हम यह करेंगे." कुछ दिन बाद उनके माता-पिता ने उन्हें घर में मृत पाया.
  • इस घटना के बाद गवालास के पिता ने Google के खिलाफ मुकदमा दायर किया है. परिवार के वकील Jay Edelson ने कहा कि AI ने एक काल्पनिक दुनिया बनाई, जिसने वास्तविकता और भ्रम की रेखा को धुंधला कर दिया.
  • वहीं, Google ने सफाई देते हुए कहा कि Gemini ने कई बार खुद को AI बताया और संकट हेल्पलाइन की सलाह दी. कंपनी ने नए सुरक्षा उपायों की घोषणा भी की है, जिसमें बेहतर distress detection और मानसिक स्वास्थ्य संसाधनों के लिए 30 मिलियन डॉलर का निवेश शामिल है.
  • यह मामला अब AI सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और AI नियमन को लेकर वैश्विक बहस का केंद्र बन गया है.

क्या आप भी मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं?

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो सहायता लें;

  • Vandrevala Foundation: 9999666555
  • TISS iCall: 022-25521111 (सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक

मानसिक स्वास्थ्य सहायता लेना बेहद जरूरी है. आप अकेले नहीं हैं. 

Similar News