तेहरान के पास आग या धमाका? परंद में उठे काले धुएं से मचा हड़कंप, शिराज में भी विस्फोट की आवाज- देखिए Video

तेहरान के पास परंद में काले धुएं से हड़कंप, शुरुआती रिपोर्ट्स में धमाके का दावा. शिराज में भी विस्फोट की आवाज. जानें क्या है पूरा मामला.;

( Image Source:  @Prince4295- X )
Edited By :  सागर द्विवेदी
Updated On :

ईरान के तेहरान प्रांत में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब परंद शहर में एक इमारत के ऊपर आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दिया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में धुएं का घना गुबार साफ नजर आया, जिसके बाद शुरुआती रिपोर्ट्स में विस्फोट की आशंका जताई गई.

हालांकि बाद में ईरानी सरकारी प्रसारक Islamic Republic of Iran Broadcasting (IRIB) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि इमारत के पास नदी किनारे उगी सरकंडों में आग लगने के कारण यह धुआं उठा था. इसके बावजूद, घटनाक्रम ने क्षेत्रीय तनाव के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या परंद में हुआ था विस्फोट?

शुरुआती ऑनलाइन दावों में कहा गया कि घटना स्थल पर धमाका हुआ था. लेकिन IRIB की रिपोर्ट के मुताबिक, परंद नदी तट के पास सरकंडों में आग लगने से काला धुआं उठा. राज्य मीडिया ने परंद फायर डिपार्टमेंट के हवाले से बताया कि 'परंद शहर के पास दिखाई दे रहा काला धुआं परंद नदी तट के आसपास उगी सरकंडों में लगी आग का परिणाम है. दमकलकर्मी मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का अभियान जारी है.' फिलहाल किसी भी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटे रहे.

शिराज में क्यों सुनाई दिया धमाका?

परंद की घटना के अलग, शिराज प्रांत में शहर के बाहरी पहाड़ी इलाके में धमाके की आवाज सुनी गई. अभी तक इस विस्फोट के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. गौरतलब है कि बीते कुछ हफ्तों में तेहरान के आसपास कई रहस्यमयी धमाकों की खबरें सामने आई हैं. हालांकि ईरानी अधिकारियों ने इन घटनाओं के विस्तृत विवरण की पुष्टि नहीं की है.

क्या क्षेत्रीय तनाव से जुड़ी हैं ये घटनाएं?

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर है. अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी वार्ताओं और संभावित टकराव की आशंका के बीच क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, United States Department of Defense ने अतिरिक्त लड़ाकू विमान, युद्धपोत और एयर-डिफेंस सिस्टम तैनात किए हैं. ओपन-सोर्स फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि कई अत्याधुनिक लड़ाकू विमान- जैसे F-22 Raptor, F-35 Lightning II और F-16 Fighting फाल्कन- मध्य-पूर्व की ओर बढ़ रहे हैं.

अमेरिकी मीडिया प्लेटफॉर्म Axios के मुताबिक, यदि कूटनीति विफल रहती है तो अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव कुछ ही दिनों में शुरू हो सकता है और यह कई हफ्तों तक चलने वाला व्यापक अभियान बन सकता है. एक व्हाइट हाउस अधिकारी ने Axios को बताया कि आने वाले हफ्तों में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की संभावना 90 प्रतिशत तक हो सकती है.

क्या आगे और बढ़ेगा तनाव?

तेहरान के पास आग, शिराज में धमाके की आवाज और क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियां- इन सभी घटनाओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है. फिलहाल ईरानी प्रशासन ने आग और विस्फोट के मामलों में सीमित जानकारी साझा की है, लेकिन क्षेत्रीय हालात को देखते हुए वैश्विक समुदाय की नजरें अब ईरान और अमेरिका के रिश्तों पर टिकी हुई हैं.

Similar News