एपस्टीन-एंड्रयू कनेक्शन पर नया तूफान! लड़की भिजवाने से लेकर दस्तावेज़ शेयर करने तक, अब बॉडीगार्ड खोलेंगे सारे राज़?
प्रिंस एंड्रयू और एपस्टीन कनेक्शन मामले में अब नए खुलासे होने की काफी संभावना है. पुलिस ने उनके बॉडीगार्ड्स से जरूरी जानकारी देने के लिए कहा है. इससे पूर्व प्रिंस पर गाज गिरना तय माना जा रहा है.
Prince Andrew Connection with Epstein: एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर, जिन्हें पहले प्रिंस एंड्रयू के नाम से जाना जाता था, उनसे जुड़े मामले में नया मोड़ आया है. लंदन पुलिस ने उनके साथ सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात रहे मौजूदा और पूर्व पुलिस अधिकारियों से कहा है कि वे अपने कार्यकाल के दौरान जो कुछ भी उन्होंने देखा या सुना, उसे ध्यान से याद करें और जांच में शेयर करें.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टैक्सपेयर्स के पैसों से उन्हें सिक्योरिटी गार्ड्स मुहैया कराई गए थे. ये गार्ड्स उस दौरान थे जिस वक्त उनके जेफरी एपस्टीन के साथ रिश्ते थे. अब लगातार मांग उठ रही है कि उन गार्ड्स से एंड्रू के बारे में जानकारी ली जाए.
पहली जांच में क्या आया था सामने?
पहले की जांचों में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला था, लेकिन एपस्टीन फाइल्स जारी होने के बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की है. पुलिस ने कहा है कि वह अलग से उन अधिकारियों की पहचान कर रही है, जो सुरक्षा के तौर पर एंड्रयू के साथ करीब से जुड़े थे.
एक बयान में पुलिस ने कहा,"इन अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने सेवा काल के दौरान देखी या सुनी गई किसी भी बात पर गंभीरता से विचार करें, जो हमारी जांच में मदद कर सकती है, और संबंधित जानकारी साझा करें."
कौन हैं एंड्रयू?
एंड्रयू अल्बर्ट क्रिश्चियन एडवर्ड माउंटबेटन-विंडसर, जिन्हें पहले प्रिंस एंड्रयू, ड्यूक ऑफ यॉर्क के नाम से जाना जाता था, हाउस ऑफ विंडसर के मेंबर हैं. वह महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप, ड्यूक ऑफ एडिनबरा के तीसरे बच्चे और दूसरे बेटे हैं. वह किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई हैं. एंड्रयू अपने जन्म के समय ब्रिटिश सिंहासन की उत्तराधिकार लिस्ट में दूसरी जगह पर थे, और वर्ष 2026 तक वह आठवें स्थान पर हैं.
एंड्रयू के घर की तलाशी
पुलिस अधिकारी एंड्रयू के पुराने घर, विंडसर स्थित रॉयल लॉज, की तलाशी की थी. उन्हें गुरुवार सुबह, उनके 66वें जन्मदिन पर, गिरफ्तार किया गया था. थेम्स वैली पुलिस ने उन्हें 11 घंटे की पूछताछ के बाद रिहा कर दिया.
क्या हैं एंड्रयू पर आरोप?
एंड्रयू पर आरोप है कि उन्होंने 2001 से 2011 के बीच यूके ट्रेड एंवॉय के के तौर पर काम करते हुए एपस्टीन को संभावित गोपनीय और संवेदनशील दस्तावेज शेयर किए थे. थेम्स वैली पुलिस को एक अलग रिपोर्ट में आरोप मिला है कि 2010 में एपस्टीन ने एक 20 साल की महिला को यौन संबंध के लिए रॉयल लॉज में एंड्रयू के पास भेजा था.
पीड़िता वर्जीनिया गिफ्रे ने क्या लगाए थे इल्जाम?
पुलिस इन दावों की जांच कर रही है. एंड्रयू पहले भी एपस्टीन की पीड़िता वर्जीनिया गिफ्रे के इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं कि उन्होंने उनके साथ लंदन, न्यूयॉर्क और एपस्टीन के निजी द्वीप पर तीन बार यौन संबंध बनाए थे. वेस्ट यॉर्कशायर पुलिस यूके की एक टीम बनाई गई है, जिसका काम अमेरिकी न्याय विभाग के जरिए जारी की गई एपस्टीन फाइल्स के 30 लाख पन्नों का रिव्यू करना शुरू कर दिया है.४
एंड्रयू ने एपस्टीन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की गलत कार्रवाई से इनकार किया है, लेकिन हालिया आरोपों पर उन्होंने सीधे प्रतिक्रिया नहीं दी है. किंग चार्ल्स ने कहा है कि कानून को अपना काम करने दिया जाना चाहिए और पुलिस को उनका पूरा सहयोग और समर्थन है.