50 मिलियन रोटियां, 700 पार्किंग-2500 एंबुलेंस, ड्रोन और हेलीकॉप्टर... 6 पॉइंट्स में जानें खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए ईरान की तैयारी
अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए ईरान एक भव्य आयोजन कर रहा है, जिसके लिए खूब तैयारी और सुरक्षा के घास इंतजाम किए गए हैं. इस दौरान लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
Ayatollah Khamenei funeral
(Image Source: X/ @ferozwala )Ayatollah Khamenei Funeral: ईरान में अब पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही है, जिसको लेकर ईरान से इराक तक जनसैलाब देखने को मिलने वाला है. अंतिम संस्कार से पहले खामेनेई की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, जो ईरान से इराक तक होगी. उनकी अंतिम यात्रा ईरान-इराक के 5 शहरों से होकर गुजरेगी.
यह आयोजन केवल एक विदाई समारोह नहीं, बल्कि ईरान की राजनीतिक शक्ति, संगठन क्षमता और राष्ट्रीय एकजुटता का विशाल प्रदर्शन माना जा रहा है. सरकार को उम्मीद है कि इस दौरान लाखों-करोड़ों की संख्या में लोग शामिल होंगे. जिसको लेकर काफी तैयारियां भी की गई है. उनका अंतिम संस्कार उनके जन्मस्थान मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह में किया जाएगा.
6 पॉइंट्स में जानें अंतिम संस्कार को लेकर ईरान की तैयारी
1. खामेनेई के पार्थिव शरीर को लेकर अंतिम यात्रा तेहरान से शुरू होगी और इसके बाद यह कई धार्मिक और ऐतिहासिक शहरों से होकर गुजरेगी. जिसमें तेहरान, कोम, मशहद, नजफ और कर्बला शामिल हैं.
2. रिपोर्ट के मुताबिक यह अंतिम संस्कार केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि इसे ईरान की राजनीतिक मजबूती और राज्य शक्ति के प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है. कई सालों से जारी अंतरराष्ट्रीय बैन और हालिया युद्ध के कारण बने आर्थिक दबाव के बावजूद, ईरान सरकार ने इस आयोजन को भव्य स्तर पर आयोजित करने की योजना बनाई है.
3. रिपोर्ट के मुताबिक अंतिम संस्कार के पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहने वाले हैं. इस दौरान 2,500 एम्बुलेंस, 21 हेलीकॉप्टर, 100 ड्रोन और हजारों बचावकर्मी अलर्ट पर रहेंगे. इसके अलावा दो दर्जन से अधिक अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
4. तेहरान में इस आयोजन को देखते हुए बड़े पैमाने पर ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण योजना लागू की जा रही है. इस दौरान जिन रास्तों से जुलूस निकलेगा वहां निजी वाहनों पर बैन रहेगा, वहीं एयर पोर्ट भी बंद रहेंगे, इसके अलावा 700 से ज्यादा अस्थायी पार्किंग जोन बनाए गए है. यह ईरान के इतिहास का सबसे बड़ा ट्रैफिक मैनेजमेंट ऑपरेशन होने वाला है.
5. आयोजन की कितने बड़े पैमाने पर किया जा रहा है इसका अंदाजा इस बात से लगाता जा सकता है कि अधिकारियों ने लगभग 50 मिलियन रोटियों के उत्पादन की योजना बनाई है. इसके लिए राजधानी तेहरान में 16 मोबाइल बेकरी यूनिट्स तैयार की गई हैं, ताकि लाखों लोगों को खाना उपलब्ध कराया जा सके.
6. ईरानी सरकारी मीडिया ने अंतिम संस्कार से पहले व्यापक अभियान चलाया है, जिसमें खामेनेई के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री, श्रद्धांजलि गीत और विशेष प्रसारण शामिल हैं. इस कवरेज के जरिए न केवल जनभावनाओं को जोड़ने की कोशिश की जा रही है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक संदेश भी दिया जा रहा है.