पाक-अफगान के बीच छिड़ गया युद्ध, रक्षा मंत्री ने कर दिया एलान; FAQ से समझें अब तक क्या-क्या हुआ?

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव ने अब गंभीर सैन्य टकराव का रूप ले लिया है. पाकिस्तान ने खुले युद्ध का एलान कर दिया है.

( Image Source:  AI: Sora )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 27 Feb 2026 8:54 AM IST

Afghanistan-Pakistan Conflict: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव ने अब गंभीर सैन्य टकराव का रूप ले लिया है. हालिया हवाई हमलों और जमीनी कार्रवाई के बाद दोनों देशों के संबंध बेहद नाजुक मोड़ पर पहुंच गए हैं. इस्लामाबाद द्वारा काबुल और कंधार में की गई बमबारी के बाद हालात और अधिक विस्फोटक हो गए हैं.

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सख्त बयान जारी करते हुए कहा "हमारे सब्र की सीमा पार हो चुकी है. अब हमारे और आपके बीच खुला युद्ध छिड़ गया है."

सवाल: कैसे गहराया तनाव?

जवाब: अफगान राजधानी काबुल में कम से कम तीन जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई. हालांकि हमलों के सटीक ठिकानों और संभावित हताहतों की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी. तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने दक्षिणी शहर कंधार और दक्षिण-पूर्वी प्रांत पक्तिया में भी हवाई हमले किए हैं. तालिबान प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई हाल के दिनों में हुए सीमा पार हमलों की कड़ी में की गई है, जिससे तनाव और गहरा गया है.

2. सवाल: क्या है अफगानिस्तान का दावा?

जवाब: इससे कुछ घंटे पहले अफगान रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने देर रात सीमा पार पाकिस्तान में जवाबी हमला किया. यह कार्रवाई पिछले रविवार को अफगान सीमावर्ती इलाकों पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के बदले में की गई बताई गई है. अफगान का कहना है कि उसने एक दर्जन से अधिक पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है. हालांकि इस संघर्ष में उसके आठ सैनिकों के मारे जाने की भी पुष्टि की गई है.

3. सवाल: क्या आम लोगों को हुआ नुकसान?

जवाब: सीमा क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. तोरखम सीमा चौकी के पास पाकिस्तान से लौट रहे लोगों के एक शिविर में मोर्टार गिरने से कई नागरिक घायल हो गए. नांगरहार प्रांत के सूचना प्रमुख ने बताया कि हमले में सात शरणार्थी घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर है. नांगरहार क्षेत्र में पहले से ही मानवीय संकट गहराया हुआ है और ताजा हिंसा ने स्थिति को और जटिल बना दिया है. अक्टूबर से जारी झड़पों के कारण सीमा अधिकांश समय बंद रही है, हालांकि अफगानिस्तान लौटने वाले नागरिकों को विशेष अनुमति दी जा रही है.

4. क्या बोला पाकिस्तान?

जवाब: समाचार एजेंसी Associated Press के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया में अफगान सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दो ब्रिगेड बेस नष्ट कर दिए गए, हालांकि संभावित हताहतों के बारे में कोई आधिकारिक आंकड़ा साझा नहीं किया गया. पाकिस्तान सरकार ने हालिया हवाई हमलों को आतंकवादियों के खिलाफ लक्षित अभियान बताया है. इस्लामाबाद का कहना है कि अफगान सेना द्वारा किया गया हमला बिना उकसावे के था और उसने सीमा चौकियों पर कब्जे के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है.

5. क्या टूट गया सीजफायर?

जवाब: दोनों देशों की ओर से दर्जनों सैनिकों के मारे जाने के दावों ने हालात को और गंभीर बना दिया है. कतर की मध्यस्थता से बना सीजफायर अब टूटने की कगार पर है. यदि तनाव इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में और ज्यादा तबाही देखने को मिलेगी.

Similar News