तालिबान ने आधी रात हमला कर 15 चौकियों पर किया कब्जा, 40 सैनिकों को उतारा मौत के घाट; क्या बोला पाकिस्तान?

Afghanistan और Pakistan के बीच सीमा पर तनाव तेज हो गया है. अफगान सरकार ने दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया और 40 सैनिकों को मार गिराया, जबकि पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि अफगान बलों ने पहले गोलीबारी शुरू की.

पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष

(Image Source:  Sora_ AI )
Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 27 Feb 2026 1:09 AM IST

Afghanistan और Pakistan के बीच सीमा पर तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. अफगान सरकार ने गुरुवार देर रात दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया और कई सैनिकों को मार गिराया. टोलो न्यूज के मुताबिक, मारे गए सैनिकों की संख्या 40 है. यह कार्रवाई हाल में अफगान क्षेत्र पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में की गई बताई गई है. तालिबान सरकार के प्रवक्ता Zabihullah Mujahid ने कहा कि डूरंड लाइन के पास हुए संघर्ष में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हुआ और कुछ सैनिकों को जिंदा पकड़ भी लिया गया.

अफगान सेना के पूर्वी कमान ने बताया कि नंगरहार और कुनार प्रांतों में गुरुवार रात भारी लड़ाई शुरू हुई, जहां पाकिस्तानी चौकियों पर बड़े हमले किए गए. अफगान पक्ष का दावा है कि उनकी ओर कोई हताहत नहीं हुआ. वहीं इस्लामाबाद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अफगान बलों ने पहले सीमा पार गोलीबारी शुरू की, जिसका पाकिस्तान ने “तुरंत और प्रभावी जवाब” दिया।



पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच कैसे भड़का तनाव?

  • पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच यह ताजा टकराव रविवार को पाकिस्तान द्वारा अफगान सीमा के भीतर किए गए हवाई हमलों के बाद शुरू हुआ. पाकिस्तान का दावा है कि इन हमलों में कम से कम 70 आतंकवादी मारे गए, जबकि काबुल ने कहा कि हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कई निर्दोष नागरिकों की मौत हुई.
  • अफगान अधिकारियों के अनुसार नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में स्कूलों और घरों पर बमबारी हुई, जिससे दर्जनों नागरिक मारे गए. स्थानीय मीडिया ने बताया कि नंगरहार के बेहसूद जिले में एक घर मलबे में दब गया, जिसमें एक ही परिवार के 23 लोग फंस गए.
  • पाकिस्तान ने स्वीकार किया कि उसने पक्तिका और नंगरहार के कई इलाकों में सीमापार हमले किए. उसका कहना है कि ये कार्रवाई उन आतंकी ठिकानों के खिलाफ थी, जिन्हें वह पाकिस्तान में हालिया आत्मघाती हमलों के लिए जिम्मेदार मानता है.
  • पाकिस्तान के अनुसार टीटीपी और आईएसआईएस-खुरासान से जुड़े सात ठिकानों को निशाना बनाया गया.
  • पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया कि हाल के हमलों, जिनमें इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमला भी शामिल है, के पीछे अफगानिस्तान में बैठे आतंकी नेटवर्क का हाथ है.
  • हाल के दिनों में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कई आत्मघाती हमले हुए, जिनमें सैनिकों और नागरिकों की मौत हुई. इसके बाद पाकिस्तान ने चेतावनी दी कि वह जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कहीं भी कार्रवाई करेगा.
  • अफगानिस्तान ने बार-बार इन आरोपों को खारिज किया है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ हमलों के लिए हो रहा है.



भारत ने क्या कहा?

भारत ने भी इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए अफगान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा की और कहा कि इनसे महिलाओं और बच्चों समेत नागरिकों की मौत हुई है. दोनों पड़ोसी देशों के बीच पहले भी सीमा पर झड़पें होती रही हैं, लेकिन ताजा घटनाक्रम को हाल के वर्षों में सबसे गंभीर तनावों में से एक माना जा रहा है.

Similar News