BJP दफ्तर में झाड़ू में लगाने वाले को मिली जिले की कमान, जानें कौन हैं संजय मिश्रा
भाजपा ने हाल ही में जारी जिलाध्यक्षों की सूची में एक ऐसा नाम शामिल किया, जिसने सबको चौंका दिया. पार्टी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को शीर्ष पदों पर पहुंचाने के लिए जानी जाती है, और इस बार भी ऐसा ही हुआ. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भाजपा ने संजय मिश्रा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है.;
भाजपा ने हाल ही में जारी जिलाध्यक्षों की सूची में एक ऐसा नाम शामिल किया, जिसने सबको चौंका दिया. पार्टी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को शीर्ष पदों पर पहुंचाने के लिए जानी जाती है, और इस बार भी ऐसा ही हुआ. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भाजपा ने संजय मिश्रा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है, जो पहले कार्यालय की देखरेख और सफाई का काम करते थे. संजय मिश्रा वर्षों तक भाजपा के एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत रहे. वे बलिया स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह छह बजे पहुंचते, ताला खोलते, कुर्सी-मेज सही करते और झाड़ू लगाते थे. इसके बाद, घर जाकर तैयार होकर फिर कार्यालय लौट आते.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
उनकी नियुक्ति के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनके चेहरे पर रंग लगा हुआ है और वे अपने राजनीतिक सफर की कहानी सुना रहे हैं एक यूजर, जितेंद्र प्रताप सिंह ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'बीजेपी कार्यालय में झाड़ू लगाने वाले संजय मिश्रा को पार्टी ने जिलाध्यक्ष बना दिया, जो लोगों के लिए प्रेरणा है.'
संघ से भाजपा तक: संजय मिश्रा का राजनीतिक सफर
संजय मिश्रा ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत बाल स्वयंसेवक के रूप में की थी. 1992 में वे बजरंग दल के नगर संयोजक बने और इसी के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखा. उनकी संगठनात्मक क्षमताओं और समर्पण को देखते हुए 2005 में तत्कालीन भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजनारायण राय ने संघ के प्रचारकों से चर्चा कर उन्हें भाजपा में शामिल करने का प्रस्ताव रखा. इसके बाद संजय मिश्रा को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) का जिलाध्यक्ष बनाया गया.
भाजपा में अहम भूमिकाएं
भाजपा में शामिल होने के बाद संजय मिश्रा ने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वे युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष, भाजपा के मीडिया प्रभारी और दो बार भाजपा के जिला महामंत्री रह चुके हैं. संगठन में उनकी सक्रियता और समर्पण के कारण वे कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय रहे.
कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ बनी ताकत
संजय मिश्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि वे हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच रहकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे. भाजपा ने जो भी जिम्मेदारी दी, उन्होंने उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया. उनकी मजबूत संगठनात्मक पकड़ और संघ से जुड़ाव ने उन्हें बलिया भाजपा का जिलाध्यक्ष बनने में अहम भूमिका निभाने में मदद की. आज संजय मिश्रा न केवल पार्टी के लिए बल्कि हर उस कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा हैं जो समर्पण और मेहनत से अपने राजनीतिक सफर को आगे बढ़ाना चाहते हैं.