लखनऊ में टीचर दंपति निकले लुटेरे! राहगीरों को ऐसे बनाते थे निशाना, पुलिस ने किया पर्दाफाश
लखनऊ के माल थाना क्षेत्र में टीचर दंपति और उनके परिवार ने नकली जेवर दिखाकर 5 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया. पुलिस ने CCTV और सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी बरामदगी की है.
लखनऊ के माल थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जेहटा मार्ग के काकराबाद इलाके में एक ज्वेलरी दुकानदार सुभाष चंद्र मौर्या और उनकी पत्नी मिथलेश से पांच लाख रुपये की नकदी लूट ली गई थी. पुलिस की गहन जांच में यह खुलासा हुआ कि इस लूट को अंजाम देने वाले लोग कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि एक सरकारी स्कूल और कॉलेज में पढ़ाने वाले शिक्षक दंपति और उनके परिवार के सदस्य थे.
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपी दानिशा फातिमा कालीचरण इंटर कॉलेज, लखनऊ में उर्दू की टीचर, मोहम्मद अफसर बदायूं जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में टीचर (पत्नी का पति). मोहम्मद अजमल अफसर का भाई (दानिशा का देवर). ये तीनों मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के मेहंदावल क्षेत्र के कसौना खुर्द गांव के रहने वाले हैं.
घटना कैसे हुई?
5 अप्रैल को सुभाष चंद्र मौर्या अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर पांच लाख रुपये लेकर चौक सर्राफा बाजार जेवर खरीदने जा रहे थे. रास्ते में दानिशा फातिमा नाम की महिला का फोन आया. उसने कहा कि वह कम दाम में अच्छे जेवर उपलब्ध करा सकती है. विश्वास में आकर सुभाष अपनी पत्नी के साथ जेहटा रोड पर पहुंच गए. वहां एक एसयूवी कार में दानिशा फातिमा, उसका पति मोहम्मद अफसर और उनका भाई अजमल पहले से मौजूद थे. उन्होंने सोने का एक टुकड़ा और कुछ जेवर दिखाए. जब सुभाष को कुछ शक हुआ और उन्होंने जेवर खरीदने से मना कर दिया, तो जैसे ही वे आगे बढ़े, आरोपियों ने अचानक झपट्टा मारा और पांच लाख रुपये का बैग छीन लिया. सुभाष और उनकी पत्नी जब शोर मचाने लगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और तेजी से एसयूवी लेकर भाग निकले.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की शिकायत मिलते ही माल थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. एसीपी मलिहाबाद सुजीत कुमार दुबे के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और थाने की टीम लगाई गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
बरामदगी
आरोपियों के पास से पुलिस ने चीजें बरामद की हैं:
29 हजार रुपये नकद
सोने के दो कंगन
कुछ जेवर
8 मोबाइल फोन
16 सिम कार्ड
नकली जेवर
लूट में इस्तेमाल हुई एसयूवी कार
1.90 लाख रुपये बैंक में जमा करने की पर्चियां
आरोपी शिक्षक दंपति का बैकग्राउंड
दानिशा फातिमा पिछले दो महीने से स्कूल नहीं आ रही थी. उसके पति मोहम्मद अफसर छह महीने पहले किसी मामले में निलंबित हो चुके थे. अफसर पर पहले से विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
लूट का कारण
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने 50 लाख रुपये का लोन लिया था. फाइनेंस कंपनी वाले लगातार लोन चुकाने के लिए दबाव बना रहे थे. इसी दबाव में वे रात के समय कार लेकर निकलते थे और ठगी तथा लूटपाट जैसी घटनाएं करते थे. पुलिस का कहना है कि ये लोग लंबे समय से टप्पेबाजी (ठगी) और लूट की घटनाओं में शामिल थे. पुलिस अब इनके खिलाफ अन्य पुराने मामलों की भी जांच कर रही है.