VIDEO: वृंदावन में यमुना नदी में नाव पलटने से 10 मौत, 30 लोग थे सवार; पुलिस ने बताई हादसे की वजह
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया है. श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया. बताया जा रहा है कि स्टीमर में करीब 30 लोग सवार थे, जो पंजाब से दर्शन करने आए थे.
Mathura: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया है. श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया. बताया जा रहा है कि स्टीमर में करीब 30 लोग सवार थे, जो पंजाब से दर्शन करने आए थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मथुरा में यमुना नदी के केशी घाट के पास नाव डूबने की घटना पर एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने जानकारी देते हुए कहा कि 'केशी घाट के पास यमुना नदी में एक नाव डूब गई है. अब तक 22 लोगों को पानी से निकाला गया है. सभी घायलों को एंबुलेंस और 8 पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) के जरिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है."
पुलिस ने बताया किस वजह से यमुना नदी में पलटी नाव?
उन्होंने आगे बताया कि हम फिलहाल स्थिति का आकलन कर रहे हैं कि कितने लोग सुरक्षित हैं और कितनों की दुखद मौत हुई है. यहां एक पंटून पुल बना हुआ है, जो जर्जर हालत में था. एक एजेंसी द्वारा पंटून की मरम्मत का काम किया जा रहा था. आशंका है कि यह हादसा उसी मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हो सकता है."
पंटून पुल से टकराने से पलटी नाव, 10 शव बरामद: DIG
मथुरा में यमुना नदी में हुए नाव हादसे को लेकर डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि 'करीब दोपहर 3:15 बजे यमुना नदी में, पंटून पुल के पास यह नाव हादसा हुआ. नाव में लगभग 25 से 27 लोग सवार थे." उन्होंने आगे कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह सामने आया है कि नाव पंटून पुल से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ. अब तक मौके से 10 शव बरामद किए जा चुके हैं."
डीआईजी ने बताया कि फायर सर्विस, पुलिस टीम, स्थानीय गोताखोर और नाविक सभी मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी अपने-अपने बेस से रवाना हो चुकी हैं और जल्द ही मौके पर पहुंचेंगी." उन्होंने यह भी कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि सभी लोगों का पता लगाया जा सके."
क्या कहा मथुरा डीएम ने?
मथुरा के जिलाधिकारी ने बताया कि 30 श्रद्धालु लुधियाना से आए थे. यमुना नदी में नाव पलट गई. अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं. 16–17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. बाकी लोगों की तलाश जारी है. सेना और NDRF को बुलाया गया है. अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है."
राहत और बचाव अभियान तेज
घटना के तुरंत बाद प्रशासन, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई. नदी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. हालात की गंभीरता को देखते हुए सेना और NDRF की टीमों को भी बुला लिया गया है. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखते हुए अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ तैनात कर दिया है. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. शुरुआती आशंका है कि ओवरलोडिंग या संतुलन बिगड़ने के कारण स्टीमर पलटा हो सकता है. प्रशासन मामले की जांच कर रहा है.
CM योगी ने वृंदावन नाव हादसे का संज्ञान लिया
मुख्यममंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जाहिर करते हुए लिखा कि, मथुरा जनपद में नाव पलटने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें और सभी घायल शीघ्र स्वस्थ हों.