विदेशी नागरिकों को बनाते थे शिकार, क्रिप्टो करेंसी के जरिए लेते थे रकम; नोएडा में इंटरनेशनल साइबर ठगी गैंग का खुलासा, 16 गिरफ्तार
नोएडा के थाना साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़े इंटरनेशनल साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 16 साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को सेक्टर-16 नोएडा से पकड़ा गया है, जहां से पूरा साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था.
Noida Cyber Fraud Busted: नोएडा में साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने सेक्टर-16 में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहे थे.
DCP Shaivya Goyal ने बताया कि आरोपी Google और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फर्जी कस्टमर केयर और टेक सपोर्ट के नाम से पेड विज्ञापन चलाते थे. इन विज्ञापनों में टोल-फ्री नंबर दिए जाते थे. जैसे ही कोई विदेशी नागरिक कॉल करता, कॉल सीधे आरोपियों के लैपटॉप में इंस्टॉल कॉलिंग सॉफ्टवेयर पर पहुंचती थी.
ये भी पढ़ें :Noida में मौत का गड्ढा कहां से आया, इंजीनियरिंग छात्र के मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?
लोगों को कैसे बनाते थे शिकार?
आरोपी खुद को टेक सपोर्ट एजेंट बताकर कहते थे कि आपका कंप्यूटर हैक हो गया है, डेटा चोरी हो रहा है या सिस्टम में वायरस आ गया है. इसके बाद आरोपी स्क्रीन-शेयरिंग ऐप के जरिए पीड़ित के कंप्यूटर का एक्सेस ले लेते थे और स्क्रीन ब्लैक कर देते थे. इससे पीड़ित को लगता था कि उसका सिस्टम सच में हैक हो गया है.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक, कम बैलेंस वाले पीड़ित से 100-500 डॉलर वसूले जाते थे. वहीं, ज्यादा बैलेंस वाले का कॉल 'सीनियर एजेंट" को ट्रांसफर किया जाता था. इसके बाद बड़ी रकम की ठगी की जाती थी. आरोपी ठगी की रकम Cryptocurrency के जरिए लेते थे, ताकि ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना मुश्किल हो जाए. पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, लैपटॉप, कॉलिंग सॉफ्टवेयर और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े सबूत बरामद किए हैं.
करोड़ों की ठगी का खुलासा
पूछताछ में सामने आया है कि यह गैंग अब तक विदेशी नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है. पुलिस ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.