Rajasthan Board Result 2026:10वीं और 8वीं के टॉपर्स को झटका! अब प्राइज मनी हो गई आधी, जानें किसे क्या मिलेगा?

राजस्थान बोर्ड रिजल्ट 2026 के साथ टॉपर्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. इस बार 10वीं और 8वीं के मेधावी छात्रों को मिलने वाली प्राइज मनी कम कर दी गई है, जिससे कई छात्रों को झटका लगा है.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 24 March 2026 1:46 PM IST

राजस्थान बोर्ड रिजल्ट 2026 के साथ इस बार छात्रों के लिए एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने टॉपर्स की खुशी पर हल्का सा ब्रेक लगा दिया है. जहां एक ओर अच्छे नंबर लाने वाले छात्र जश्न की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी ओर इनाम से जुड़ी नई अपडेट ने सभी का ध्यान खींच लिया है. खासकर 10वीं और 8वीं के मेधावी विद्यार्थियों के बीच इस बदलाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

हर साल टॉप करने वाले छात्रों को मिलने वाले इनाम को लेकर उत्साह अलग ही होता है, लेकिन इस बार तस्वीर थोड़ी बदली हुई नजर आ रही है. प्राइज मनी और सुविधाओं में किए गए बदलाव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर किसे कितना फायदा मिलेगा और किसे झटका? पूरी जानकारी जानकर ही तस्वीर साफ होगी.

कितने नंबर वालों को मिलते हैं पुरस्कार?

राजस्थान बोर्ड हर साल अच्छे नंबर लाने वाले छात्रों को पुरस्कार दिया जाता है. जो विद्यार्थी जिला स्तर पर 70% या उससे ज्यादा अंक हासिल करते हैं और राज्य स्तर पर कम से कम 75% नंबर लाते हैं, उन्हें पुरस्कार दिया जाता है. इसके अलावा सरकार की अलग-अलग योजनाओं के जरिए इन छात्रों को लैपटॉप और नकद इनाम भी मिलता है.

इंदिरा प्रियदर्शिनी (पद्माक्षी) पुरस्कार में बदलाव

मेधावी लड़कियों के लिए चलाई जा रही इंदिरा प्रियदर्शिनी योजना का नाम अब बदलकर पद्माक्षी कर दिया गया है. इस योजना में मिलने वाली इनाम राशि को पहले के मुकाबले कम कर दिया गया है.

  • कक्षा 8 में टॉप करने वाली छात्राओं को पहले मिलने वाले ₹40,000 की जगह ₹25,000 ही दिए जाएंगे.
  • इसी तरह कक्षा 10 की टॉपर्स को ₹75,000 के बजाय ₹50,000 मिलेंगे.
  • कक्षा 12 की टॉप छात्राओं को ₹1 लाख की जगह अब ₹75,000 का इनाम दिया जाएगा.
  • पहले कक्षा 12 में टॉप करने वाली छात्राओं को इनाम के साथ स्कूटी भी मिलती थी, लेकिन अब यह सुविधा बंद कर दी गई है.

मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकार पुरस्कार योजना

इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के होनहार छात्रों को मदद दी जाती है. योग्य छात्रों को ₹50,000 की नकद राशि के साथ एक सर्टिफिकेट दिया जाता है. इसकी जानकारी और प्रोसेस जानने के लिए छात्र शाला दर्पण पोर्टल पर जा सकते हैं.

आर्थिक पिछड़ा वर्ग (EBC) प्रोत्साहन योजना

यह योजना कम आय वाले परिवारों के होनहार छात्रों के लिए बनाई गई है. जिन परिवारों की सालाना आय 8 लाख रुपये से कम है, उनके बच्चे इस योजना का फायदा उठा सकते हैं. योग्य छात्रों को ₹15,000 की आर्थिक मदद दी जाती है. इसके साथ उन्हें सम्मान के तौर पर एक सर्टिफिकेट भी दिया जाता है. अप्लाई करने के लिए छात्रों को राजस्थान के SSO पोर्टल पर जाकर प्रोसेस पूरा करना होता है.

क्या है एकल/द्विपुत्री योग्यता पुरस्कार योजना?

राजस्थान बोर्ड की इस योजना का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना है. इसमें मेरिट सूची में आने वाली एकल या दो बेटियों को नकद पुरस्कार दिया जाता है.

  • इस योजना के तहत कक्षा 10वीं में छात्राओं को ₹3,100 तक की राशि दी जाती है.
  • कक्षा 12वीं के लिए यह इनाम ₹51,000 तक होता है.
  • यह योजना लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है और समाज में उनकी पढ़ाई को लेकर जागरूकता बढ़ाने में मदद करती है.

Similar News