पोखरण में नियमित अभ्यास के दौरान हुआ हादसा, बीएसएफ के 4 जवान घायल; 2 की हालत गंभीर

( Image Source:  ANI )
By :  नवनीत कुमार
Updated On : 25 Dec 2025 11:12 PM IST

जैसलमेर जिले के पोखरण स्थित फील्ड फायरिंग रेंज में बीएसएफ के चार जवान नियमित अभ्यास के दौरान हुए हादसे में घायल हो गए। हादसा का कारण अभ्यास के दौरान शॉट फॉल होना बताया जा रहा है। चारों घायल जवानों को तुरंत पोखरण के अस्पताल में ले जाया गया। वहां उनको भर्ती कर लिया गया। दो जवानों की हालत गंभीर होने के कारण उनको जोधपुर रेफर किया गया है।

हादसे में घायल हुए चारों जवान जोधपुर बीएसएफ के ट्रेनी थे। घटना के बाद पहुंचे बीएसएफ कमांडेट रणवीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और उच्चधिकारियों को सूचित किया। पोकरण अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घायल जवानों का इलाज किया जा रहा है। उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

बता दें, पश्चिमी राजस्थान के भारत-पाक बॉर्डर इलाके में बीएसएफ की तैनाती है। इन रेतीले स्थानों में वह बड़ी मुस्तैदी के साथ भारत-पास की सरहद पर डटे रहते हैं। ऐसे में उनका अभ्यास भी लगातार चलता रहता है। इसी अभ्यास के दौरान ये हादसा हुआ है।

घायल जवानों का नाम उदय, सुविमल, अभिषेक और राहुल कुमार बताया जा रहा है। बीएसएफ के अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि हादसे के असल कारणों का पता चल सके।

राजस्थान में क्यों हो रहा काल्पनिक युद्ध?

दरअसल राजस्थान में ही अभ्यास के लिए भारत और अमेरिकी सेना के जवान 72 घंटे के लिए आधुनिक हथियारों के साथ 'काल्पनिक युद्ध' कर रहे हैं। दोनों ही सेना हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम संचालन का प्रशिक्षण ले रहे हैं। हेलीकॉप्टर से भी जवानों को दुश्मनों के ठिकाने तक पहुंचाने, हथियारों का संचालन, तोपें आदि चलाने का भी अभ्यास किया जा रहा है। दोनों ही सेनाओं के 72 घंटे के युद्धभ्यास का कल समापन होने वाला है।

अधिकारी बनाए हैं नजर

इसपर भारत और अमेरिकी सेना के अधिकारी पूरी नजर बनाए हुए हैं। इस दौरान अधिकारी इस अभ्यास का लाइव प्रसारण देख रहे हैं। साथ ही जवानों के साथ एक वैन चलती है जिसपर कैमरे लगे होते हैं जो हमेशा निगरानी करते रहते हैं। बता दें, बीकानेर स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज को 1982 में बनाया गया था, यह एशिया की सबसे बड़ी फायरिंग रेंज है।

Similar News