यात्रियों को मिली बड़ी राहत, सड़क पर फिर से दौड़ेंगी बसें; पंजाब रोडवेज-PRTC के 8 हजार कर्मचारियों ने कैसे खत्म की हड़ताल?

पंजाब रोडवेज और PRTC के संविदा कर्मचारियों ने सरकार से समझौते के बाद अपनी हड़ताल वापस ले ली है. शुक्रवार से बस सेवाएं पूरी तरह बहाल होंगी.;

पंजाब रोडवेज और PRTC कर्मचारियों की हड़ताल खत्म(Image Source:  Sora_ AI )

Punjab Roadways PRTC strike ends: पंजाब के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. पंजाब रोडवेज और पीआरटीसी (PRTC) के संविदा कर्मचारियों ने दो दिन से चल रही हड़ताल वापस ले ली है. गुरुवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्चुअल एम्प्लॉइज यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच दूसरे दौर की बातचीत के बाद समझौता हो गया.

यूनियन नेताओं ने बताया कि ड्राइवर और अन्य कर्मचारी काम पर लौट रहे हैं. शुक्रवार सुबह से बसों का संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा. पिछले दो दिनों से राज्य के 27 डिपो के करीब 8,000 कर्मचारी हड़ताल पर थे, जिससे बस सेवाएं लगभग ठप हो गई थीं.


भारत बंद क्यों बुलाया गया?

इस हड़ताल के साथ-साथ ‘भारत बंद’ का भी असर रहा. किसानों, ट्रेड यूनियनों और बैंक यूनियनों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील और श्रम कानूनों के विरोध में बंद बुलाया था. कई जगहों पर सड़क जाम और धरने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, खासकर पटियाला और आसपास के इलाकों में.


किन बातों पर बनी सहमति?

PRTC कॉन्ट्रैक्चुअल एम्प्लॉइज यूनियन के राज्य उपाध्यक्ष हरकेश विक्की ने कहा कि नवंबर में जिन कर्मचारियों को हटाया गया था, उन्हें बहाल करने पर सहमति बनी है. इसके अलावा दिसंबर में गिरफ्तार किए गए 10 कर्मचारियों को जल्द रिहा करने का आश्वासन भी दिया गया है.


हालांकि यूनियन ने साफ किया है कि वह सरकार के वादों पर नजर रखेगी. अगर समझौते की शर्तें पूरी नहीं हुईं तो हड़ताल फिर से शुरू की जा सकती है. दो दिन की बंदी के बाद अब शुक्रवार से राज्य में सार्वजनिक परिवहन सेवा पटरी पर लौटने की उम्मीद है.

Similar News