शादी के दिन खुला राज, गर्भवती नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी बना था दूल्हा, पुलिस के आते ही रुकी बरात

रतलाम में शादी से पहले दूल्हे के खिलाफ रेप और POCSO केस सामने आने से बारात रोक दी गई. नाबालिग पीड़िता के गर्भवती होने का खुलासा होते ही पूरे मामले में सनसनी फैल गई.

रतलाम शादी कांड(Image Source:  AI Sora )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

मध्य प्रदेश के रतलाम में एक शादी समारोह के दौरान अचानक सन्नाटा छा गया. बारात लेकर पहुंचे दूल्हे के खिलाफ पुलिस में दुष्कर्म का बहुत गंभीर केस दर्ज होने की खबर आते ही पूरे माहौल में हड़कंप मच गया. दूल्हे का नाम अभिषेक सेन है. उज्जैन की एक 15 साल की नाबालिग लड़की ने उसके खिलाफ आरोप लगाया है कि अभिषेक ने उसे डरा-धमकाकर जबरन रेप किया. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि शादी वाले दिन ही पता चला कि पीड़िता लड़की गर्भवती है.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 5 जनवरी को हुई थी. अभिषेक सेन पीड़िता के घर में घुसकर उसके साथ रेप करने का आरोप है. उसने लड़की को धमकी भी दी थी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो जान से मार देगा. अभिषेक की शादी तय होने के बाद पीड़िता बहुत ज्यादा मानसिक तनाव में आ गई. 6 अप्रैल को उसने एसिड पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की.

डॉक्टर के उड़े होश 

अस्पताल में उसकी जांच हुई तो डॉक्टरों को पता चला कि वह गर्भवती है. इसके बाद पीड़िता ने अपने परिवार वालों को सारी बात बताई कि उसके साथ क्या हुआ था. जब यह जानकारी सामने आई तो पुलिस और एक स्थानीय पार्षद की मदद से शादी को रोक दिया गया. पुलिस ने अभिषेक सेन के खिलाफ POCSO एक्ट और दुष्कर्म (रेप) का केस दर्ज कर लिया है. लेकिन आरोपी शादी में शामिल होने के लिए रतलाम पहुंचने से पहले ही फरार हो गया. पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कह रही है.

बारात निकल चुकी थी, लेकिन शादी रुक गई

अभिषेक सेन बड़नगर थाना क्षेत्र की शिक्षक कॉलोनी में रहता है. उसकी शादी रतलाम की एक लड़की से तय हुई थी. शादी के दो दिन से घर पर कार्यक्रम चल रहे थे. बुधवार की रात करीब 8 बजे अभिषेक घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर निकल भी चुका था. लेकिन रतलाम पहुंचने से पहले ही बड़नगर पुलिस ने दुल्हन के परिवार को फोन करके बताया कि दूल्हे अभिषेक पर रेप का केस दर्ज है. यह सुनते ही शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई. दोनों परिवारों में बातचीत हुई और अंत में शादी रोक दी गई.

कैसे हुआ था अपराध?

पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि अभिषेक ने उसे डरा-धमकाकर जबरदस्ती गलत काम किया था. जब वह विरोध करने लगी तो अभिषेक ने उसे मारने की धमकी दे दी. पीड़िता पिछले तीन महीने तक इस बात को चुपचाप सहती रही. लेकिन जब उसे पता चला कि अभिषेक किसी और लड़की से शादी करने जा रहा है, तो वह टूट गई. उसने आत्महत्या का प्रयास किया. जांच में गर्भवती होने का पता चलने के बाद ही उसने परिवार को सारी आपबीती सुनाई. थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि 15 वर्षीय नाबालिग की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की गई है. दोनों ही अभिषेक और पीड़िता एक ही कॉलोनी में रहते थे, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया. पुलिस आरोपी अभिषेक सेन को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है. फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है.

Similar News