इंदौर IT कंपनी के वॉशरूम में स्पाई कैमरा मिलने से बवाल, सफाईकर्मी रिकॉर्ड करता था कर्मचारियों के प्राइवेट वीडियो
इंदौर की एक IT कंपनी में वॉशरूम में गुप्त कैमरा मिलने से हड़कंप मच गया।. आरोपी सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है, मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं.
इंदौर शहर में एक आईटी कंपनी के अंदर बहुत ही गंदी और शर्मनाक घटना सामने आई है. इस घटना ने पूरे ऑफिस में हड़कंप मचा दिया है और सुरक्षा तथा निजता के मुद्दे पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. कंपनी में सफाई का काम करने वाले एक व्यक्ति ने वॉशरूम में गुप्त कैमरा लगा दिया था. उसका मकसद था कि वहां आने वाले कर्मचारियों के निजी पलों को चुपके से रिकॉर्ड कर ले. यह बहुत ही गंभीर और निंदनीय काम था.
यह घटना इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में स्थित ग्रेविटी टावर (जंजीरावाला चौराहा) की है. कंपनी में काम करने वाले शैलेंद्र बोरसे नाम के कर्मचारी ने इसकी शिकायत की. आरोपी का नाम शुभम वानखेड़े है. वह कंपनी में सफाईकर्मी के तौर पर काम करता था. शनिवार को अचानक आरोपी की जेब से एक छोटा सा संदिग्ध डिवाइस नीचे गिर गया. कर्मचारियों को शक हुआ, उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया. जब उन्होंने उस डिवाइस को अच्छे से देखा और जांचा, तो सबकी आंखें फट गईं. यह एक जासूसी कैमरा निकला, जिससे वॉशरूम के अंदर की गुप्त रिकॉर्डिंग हो रही थी.
मोबाइल में मिले आपत्तिजनक वीडियो
कंपनी के मैनेजमेंट ने तुरंत आंतरिक जांच शुरू कर दी. उन्होंने आरोपी शुभम का मोबाइल फोन चेक किया. उसमें कई कर्मचारियों के निजी वीडियो मिले, जो वॉशरूम में बनाए गए थे. यह देखकर पूरे ऑफिस में गुस्सा और डर का माहौल बन गया. कर्मचारी बहुत परेशान और आक्रोशित हो गए.
कैमरा कैसे खरीदा?
पुलिस ने पूछताछ में शुभम ने कबूल किया कि उसने एक मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए सिर्फ 700 रुपये में यह छोटा जासूसी कैमरा खरीदा था. वह सिर्फ दो दिन पहले ही यह कैमरा वॉशरूम में लगा कर रिकॉर्डिंग कर रहा था. कुछ देर बाद वह कैमरा निकाल भी लेता था, ताकि किसी को शक न हो और उसका राज छिपा रहे.
वॉशरूम महिला-पुरुष दोनों इस्तेमाल करते थे
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस वॉशरूम में यह कैमरा लगाया गया था. उसका इस्तेमाल कंपनी के पुरुष कर्मचारी के साथ-साथ महिला कर्मचारी भी करती थीं. ऐसे में न सिर्फ पुरुषों, बल्कि महिलाओं की निजता भी बुरी तरह भंग हुई है. इस घटना ने ऑफिस की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस ने किया गिरफ्तार
रविवार को कंपनी मैनेजमेंट ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. तुकोगंज थाना पुलिस ने शुभम वानखेड़े को तुरंत गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है और पूरी जांच शुरू कर दी है. टीआई जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी ने इन वीडियो को कहीं और शेयर तो नहीं किया, या किसी को बेचा तो नहीं. इस पूरी घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों में बहुत डर और गुस्सा है. लोग अब अपने ऑफिस और वॉशरूम की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई करेगी.