9 साल से था किसी और से प्रेम संबंध, पति बन रहा था रोड़ा; एक लाख की सुपारी देकर ऐसे रची खौफनाक साजिश
धार जिले में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की सुपारी दी और घटना को लूट का रूप देने की कोशिश की. पुलिस की वैज्ञानिक जांच में सच्चाई सामने आई और आरोपी पत्नी व प्रेमी गिरफ्तार कर लिए गए.
मध्य प्रदेश के इंदौर में राजा रघुवंशी हत्याकांड की घटना अभी लोगों के मन में ताजा थी कि ठीक उसी तरह का एक और जघन्य मामला अब धार जिले से सामने आ गया है. यहां एक महिला ने अपने पति के साथ पवित्र पति-पत्नी के रिश्ते को पूरी तरह से तोड़ते हुए, अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच दी. धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव में यह दिल दहला देने वाली घटना हुई.
मृतक देवकृष्ण पुरोहित एक मिर्च-मसाला का व्यापारी था. पुलिस ने बुधवार को इस मामले का पूरा खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, देवकृष्ण पुरोहित की अपनी पत्नी प्रियंका ने ही अपने प्रेमी को पाने के लिए यह पूरी हत्या की साजिश रची थी. प्रियंका ने अपने प्रेमी के जरिए एक अपराधी को एक लाख रुपये की सुपारी (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग) दी थी, ताकि उसका पति रास्ते से हट जाए.
घटना क्या हुई थी?
7 अप्रैल की रात को धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के गांव गौंडीखेड़ा चारण में यह वारदात हुई. आरोपी पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश ने मिलकर एक प्लान बनाया. उन्होंने हत्या को लूट की घटना का रूप देने की कोशिश की, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके. प्रियंका के प्रेमी कमलेश ने अपने एक दोस्त सुरेंद्र भाटी को एक लाख रुपये में सुपारी दी थी. सुरेंद्र ने रात में देवकृष्ण पुरोहित के घर में घुसकर, सो रहे देवकृष्ण पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में देवकृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें सरदारपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद प्रियंका ने पुलिस और परिवार वालों के सामने एक झूठी कहानी गढ़ी. उसने बताया कि कुछ लुटेरों ने घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया, घर से नकदी और गहने लूट लिए और पति की मारपीट करके चले गए. लेकिन पुलिस ने जब गहराई से जांच शुरू की तो सारी कहानी संदिग्ध लगने लगी.
पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और साइबर जांच के आधार पर पूछताछ की. जब प्रियंका से सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि उसके और पति देवकृष्ण के बीच रिश्ते काफी खराब चल रहे थे. पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते थे. प्रियंका का राजगढ़ जिले के रहने वाले कमलेश पुरोहित नाम के युवक से नौ साल से प्रेम संबंध चल रहा था. वर्ष 2017 में एक शादी के समारोह में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी. उसके बाद दोनों के बीच गहरा प्रेम संबंध बन गया. लेकिन पति देवकृष्ण इस रिश्ते में रोड़ा बन रहे थे. वे प्रियंका को रोकते थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. इसी वजह से प्रियंका और कमलेश ने मिलकर फैसला किया कि देवकृष्ण को रास्ते से हटा दिया जाए. करीब दस दिन पहले दोनों ने हत्या की साजिश रची. कमलेश ने अपने दोस्त सुरेंद्र को एक लाख रुपये देकर हत्या का काम सौंप दिया. वारदात के बाद प्रियंका ने लूट की कहानी बनाकर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और वैज्ञानिक जांच के आगे उसकी सारी चालें नाकाम हो गईं.
पुलिस की कार्रवाई
धार पुलिस ने इस मामले में प्रियंका पुरोहित और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और विभिन्न थानों की टीमों ने मिलकर इस मामले का खुलासा किया. फरार आरोपी सुरेंद्र भाटी की तलाश जारी है.