जेल से जनादेश तक : 85 की बूढ़ी मां ने बेटे को 2021 में दिलाई जीत, Akhil Gogoi की कहानी, 2026 में किसका गेम ओवर?

Akhil Gogoi की कहानी - जेल में रहते हुए 2021 में जीत, 85 साल की मां का संघर्ष और 2026 असम चुनाव में उनका असर. क्या वह BJP या कांग्रेस का खेल बिगाड़ेंगे?

( Image Source:  Akhil Gogoi Facebook )
By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 3 April 2026 2:23 PM IST

असम की राजनीति में कुछ कहानियां सिर्फ चुनावी नहीं होतीं, वे प्रतीक बन जाती हैं. Akhil Gogoi की कहानी भी ऐसी ही है, जहां जेल की सलाखों के पीछे बंद एक एक्टिविस्ट, 85 साल की बुजुर्ग मां प्रियदा गोगोई की अपील और जनता का भरोसा मिलकर एक असाधारण चुनावी जीत की पटकथा लिखते हैं. 2026 के असम चुनाव में यही कहानी फिर से सुर्खियों में है. इस बार सवाल सिर्फ जीत-हार का नहीं, बल्कि यह है कि गोगोई किसका खेल बिगाड़ेंगे?

सड़क से सत्ता तक: एक ‘आउटसाइडर’ की एंट्री

अखिल गोगोई की राजनीति की शुरुआत पारंपरिक नहीं थी. वह पहले एक RTI एक्टिविस्ट के रूप में उभरे और Krishak Mukti Sangram Samiti के जरिए किसानों, विस्थापन और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन खड़ा किया. यही वजह है कि उनकी छवि एक ऐसे नेता की बनी, जो सिस्टम के भीतर से नहीं बल्कि सिस्टम के खिलाफ लड़कर राजनीति में आया है. उनकी यह “आउटसाइडर” पहचान आज भी उनकी सबसे बड़ी ताकत है. खासकर उन युवाओं के बीच, जो पारंपरिक राजनीति से निराश हैं.

जेल, आंदोलन और पहचान की राजनीति

नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ प्रोटेस्ट के दौरान अखिल गोगोई असम में सबसे आक्रामक चेहरों में से एक बनकर उभरे. उन्होंने 'असमिया पहचान' बनाम 'बाहरी' के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया.

इस आंदोलन के दौरान उनकी गिरफ्तारी ने उन्हें कमजोर नहीं किया, बल्कि एक “फाइटर लीडर” की छवि को और मजबूत किया. जब वह जेल में थे, तब उनकी 85 साल की मां ने चुनावी मैदान में उतरकर जनता से बेटे के लिए वोट मांगा, यही भावनात्मक अपील गोगोई की जीत का बड़ा कारण बनी.

राजनीति का नया इक्वेशन

Raijor Dal के नेता के तौर पर गोगोई खुद को 'एंटी-एस्टैब्लिशमेंट' और क्षेत्रीय राजनीति के प्रतिनिधि के रूप में पेश करते हैं. लेकिन 2026 के चुनाव में उनकी सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वे विचारधारा और जमीनी राजनीति के बीच संतुलन कैसे बनाते हैं. अगर वे कांग्रेस के साथ गठबंधन में रहते हैं, तो उनकी “सिस्टम के खिलाफ” वाली छवि कमजोर पड़ सकती है. वहीं, अगर वे अकेले चुनाव लड़ते हैं, तो सीटें कम आ सकती हैं, लेकिन उनका प्रभाव और नैरेटिव मजबूत रह सकता है.

अखिल गोगोई का वोट बैंक पारंपरिक जाति या धर्म पर आधारित नहीं है. यह ज्यादा 'इमोशनल' और 'आईडियोलॉजिकल' है. अपर असम के शिवसागर और जोरहाट जैसे इलाकों में छात्रों, युवाओं और एक्टिविस्ट्स के बीच उनका खासा प्रभाव है.

हालांकि, लोअर असम और अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर उनकी पकड़ कमजोर मानी जाती है, जहां दूसरे दलों का प्रभाव ज्यादा है. यही वजह है कि उनका प्रभाव सीमित क्षेत्रों में ज्यादा गहरा है, लेकिन पूरे राज्य में समान रूप से फैला नहीं है.

अखिल गोगोई की ताकत क्या?

अखिल गोगोई की सबसे बड़ी ताकत उनकी साफ-सुथरी छवि और आंदोलनकारी पृष्ठभूमि है. वह एक प्रभावशाली वक्ता हैं और युवाओं के बीच उनकी पकड़ मजबूत है. लेकिन उनकी कमजोरियां भी साफ हैं, उनकी पार्टी का संगठन अभी कमजोर है, राज्यव्यापी नेटवर्क सीमित है और उनकी आक्रामक राजनीति कभी-कभी मध्यम वर्ग के वोटर्स को दूर कर देती है.

BJP बनाम कांग्रेस: गोगोई का रोल क्या?

साल 2026 के चुनाव में गोगोई का रोल दिलचस्प है. BJP उन्हें अक्सर “अराजक” और “एजिटेटर” के रूप में पेश करती है. जबकि कांग्रेस के लिए वे एक मजबूत ग्राउंड मोबिलाइजर हैं, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में नहीं. यही वजह है कि गोगोई दोनों बड़े दलों के लिए असहज स्थिति पैदा करते हैं.

इलेक्शन 2026 में गेमचेंजर कैसे?

अखिल गोगोई भले ही 'किंगमेकर' न हों, लेकिन वे 'नैरेटिव मेकर' जरूर हैं. करीब 5–10 सीटों पर उनका सीधा असर पड़ सकता है. अगर विपक्षी वोट बंटते हैं, तो इसका फायदा BJP को मिल सकता है. लेकिन अगर वोटों का ध्रुवीकरण होता है और विपक्ष एकजुट रहता है, तो गोगोई कांग्रेस के लिए बड़ा बूस्ट बन सकते हैं. खासकर शिवसागर सीट पर उनका मुकाबला फिर से चर्चा में है, जहां उनकी व्यक्तिगत छवि और राजनीतिक प्रतीकवाद दोनों काम करते हैं.

क्या बनेंगे ‘असम के केजरीवाल’?

लंबी अवधि में गोगोई की राजनीति इस बात पर निर्भर करेगी कि वे अपनी पार्टी को कितना मजबूत बना पाते हैं. अगर वे संगठन खड़ा कर लेते हैं, तो वे असम में एक वैकल्पिक राजनीति का मॉडल बन सकते हैं. कुछ हद तक “केजरीवाल मॉडल” की तरह.

अखिल गोगोई सिर्फ एक सीट जीतने वाले नेता नहीं हैं, बल्कि एक ऐसा चेहरा हैं जो असम की राजनीति का नैरेटिव बदल सकता है. 2026 में वे चुनाव जीतें या हारें, इससे ज्यादा अहम यह है कि वे युवाओं, पहचान की राजनीति और एंटी-एस्टैब्लिशमेंट भावना को किस दिशा में ले जाते हैं. इस बार सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि गोगोई जीतेंगे या हारेंगे, बल्कि यह है कि वे किसका गेम ओवर करेंगे.

मां की इमोशनल अपील, हार गई थी BJP

पांच साल पहले 85 वर्षीय मां प्रियदा गोगोई की भावुक अपील ने एक्टिविस्ट Akhil Gogoi की जीत को सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि एक इमोशनल स्टोरी बना दिया था. Sivasagar से जीत दर्ज करने वाले अखिल गोगोई उस समय जेल में बंद थे, क्योंकि उन्होंने Citizenship Amendment Act (CAA) का जोरदार विरोध किया था.

उस समय प्रियदा गोगोई ने लोगों से पूछा था, “मेरे बेटे Akhil Gogoi ने क्या अपराध किया है कि उसे डेढ़ साल से जेल में रखा गया? असमिया पहचान और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाना क्या गुनाह है? वह कोई अपराधी नहीं है. वह हमेशा अपने लोगों के लिए लड़ता रहा है. शिवसागर की जनता ने उसे जिता कर इस संघर्ष पर मुहर लगाई है.”

दिलचस्प बात यह रही कि चुनाव प्रचार के दौरान अखिल खुद मैदान में नहीं थे, वो जेल में थे. लेकिन उनकी मां ने गांव-गांव जाकर लोगों से समर्थन मांगा. इस बीच पीएम मोदी, अमित शाह और राहुल गांधी जैसे बड़े नेताओं ने खुद की पार्टी प्रत्याशी के लिए रैलियां कीं और वोट मांगे. फिर भी जनता ने अखिल पर भरोसा जताया. बतौर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने बीजेपी की सुरभि राजकोंवरी को 11,875 वोटों से हराया. उनकी यह जीत CAA विरोध की लहर और जमीनी संघर्ष की ताकत का प्रतीक मानी जा रही है.

शिवसागर सीट पर क्या है इक्वेशन?

असम की शिवसागर सीट का वोट बैंक पारंपरिक जातीय समीकरण से ज्यादा असमिया पहचान और राजनीतिक जागरूकता पर आधारित है. यहां ऊपरी असम के अहोम समुदाय का प्रभाव सबसे मजबूत माना जाता है, जो चुनावी दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभाता है. चाय जनजाति (Tea Tribes), कुछ ओबीसी समूह और शहरी मध्यम वर्ग भी अहम वोटर हैं.

Akhil Gogoi को यहां युवाओं, छात्रों और एक्टिविस्ट वर्ग का मजबूत समर्थन मिलता है. खासकर CAA विरोध आंदोलन के बाद. वहीं BJP को हिंदू एकजुटता, संगठन और विकास एजेंडा का फायदा मिलता है. कांग्रेस यहां “टैक्टिकल” भूमिका में रहती है.

Similar News