WPL 2026: 4 सीजन, 4 फाइनल! क्या इस बार खिताब का सूखा खत्म कर पाएगी DC या RCB मारेगी बाजी? दो जिगरी दोस्त होंगे आमने-सामने

DC लगातार चौथी बार WPL फाइनल में पहुंची है. वह अब तक तीन फाइनल हार चुकी है. वहीं, RCB पहले ही एक बार खिताब जीत चुकी है.;

WPL Final 2026: चौथा फाइनल, क्या इस बार दिल्ली कैपिटल्स तोड़ेगी खिताबी सूखा?

(Image Source:  x.com/wplt20 )
Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 5 Feb 2026 4:35 PM IST

WPL 2025 Final Delhi Capitals vs Royal Challengers Bengaluru: दिल्ली कैपिटल्स (DC) एक बार फिर विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन इस बार दबाव पहले से कहीं ज्यादा है. यह DC का लगातार चौथा फाइनल है, मगर अब तक ट्रॉफी हाथ नहीं लगी है. तीन बार फाइनल खेलने के बावजूद खिताब से दूर रहना इस टीम के लिए सबसे बड़ी कसक रही है. ऐसे में 5 फरवरी को होने वाला फाइनल दिल्ली के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा.

दिल्ली कैपिटल्स का इस फाइनल तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. शुरुआती चार मैचों में तीन हार, फिर लीग स्टेज के अहम मुकाबलों में दबाव, और एलिमिनेटर तक पहुंचने की जद्दोजहद. इससे पहले DC को लगातार दो बार सोफी डिवाइन की टीम के खिलाफ निर्णायक मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी थी. लेकिन इस बार एलिमिनेटर में दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जायंट्स से पिछली हार का बदला लिया और फाइनल का टिकट कटाया. हालांकि, यह उनका पांच दिनों में तीसरा मैच होगा, जिससे थकान एक बड़ा फैक्टर बन सकती है.

RCB ने कितनी बार जीता WPL का खिताब?

दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ज्यादा सुकून के साथ फाइनल में उतरी है. RCB पहले ही एक बार WPL खिताब जीत चुकी है और वो भी इसी दिल्ली कैपिटल्स को हराकर. इस बार एलिस पेरी की गैरमौजूदगी के बावजूद RCB ने लीग स्टेज में जबरदस्त प्रदर्शन किया. शुरुआती पांच मैच लगातार जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास चरम पर है. आखिरी लीग मुकाबले में यूपी वॉरियर्स को करारी शिकस्त देकर RCB सीधे फाइनल में पहुंची.

RCB को जहां सीधे फाइनल का फायदा मिला, वहीं इतिहास DC के लिए थोड़ा डराने वाला है. पिछली तीन बार भी दिल्ली सीधे फाइनल में पहुंची थी, लेकिन ट्रॉफी हाथ नहीं आई. अब DC चाहेगी कि यह सिलसिला टूटे और महिला टीम पहली बार खिताब उठाए. खास बात यह है कि दिल्ली की पुरुष और महिला , दोनों टीमें अब तक IPL/WPL खिताब नहीं जीत पाई हैं.

RCB Vs DC मैच कहां खेला जाएगा?

मैच वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां अब तक बड़े स्कोर कम बने हैं. यहां 160 से ऊपर का लक्ष्य सिर्फ एक बार ही चेज हो पाया है. इस सीजन में DC का रिकॉर्ड यहां RCB से बेहतर रहा है, जो उसे मनोवैज्ञानिक बढ़त दिला सकता है. स्पिनर्स की भूमिका इस पिच पर बेहद अहम मानी जा रही है.

RCB की बल्लेबाजी कैसी रही है?

RCB की बल्लेबाजी में ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं. हैरिस का स्ट्राइक रेट 180 से ज्यादा है, जबकि मंधाना 300 रन पूरे करने से सिर्फ 10 रन दूर हैं, लेकिन DC की ऑलराउंडर मारिजाने कैप के पास इन दोनों के खिलाफ मजबूत रिकॉर्ड है और वह अब तक T20 में दोनों को मिलाकर 13 बार आउट कर चुकी हैं.

दिल्ली की टीम क्या प्लेइंग इलेवन में क्या बदलाव करेगी?

दिल्ली की टीम पिछले मैच की जीत से मिली लय को बनाए रखना चाहेगी और प्लेइंग इलेवन में बदलाव की उम्मीद नहीं है. कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स का मानना है कि मुश्किल हालात ने टीम को और मजबूत बनाया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिल्ली कैपिटल्स इस बार फाइनल की बाधा पार कर इतिहास रचती है या फिर RCB एक बार फिर दिल्ली के खिताबी सपने तोड़ देती है.

Similar News