WPL 2026: 4 साल, 4 फाइनल, फिर भी खाली हाथ! 203 रन बनाने के बावजूद RCB से कैसे हार गई DC? यह ओवर बना गेमचेंजर
WPL 2026 के फाइनल में एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स का सपना टूट गया. टीम को 203 रन बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा.;
दिल्ली कैपिटल्स फिर फाइनल हार गई, स्मृति मंधाना की पारी से RCB बनी चैंपियन
(Image Source: BCCI )WPL 2026 Final RCB vs DC: 4 साल, 4 फाइनल... लेकिन एक भी खिताब नहीं... यह कहानी है दिल्ली कैपिटल्स की, जिसे लगातार चौथी बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. कभी उसे मुंबई इंडियंस से हार मिली तो कभी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से... इस बार भी टीम की किस्मत रूठी रही और 203 रन के बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा. वहीं, स्मृति मंधाना की रिकॉर्ड ब्रेकिंग पारी की बदौलत आरसीबी ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया.
DC ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए. कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने अर्धशतक लगाते हुए 57 रन बनाए. वहीं, लिजेली ली ने 37, शेफाली वर्मा ने 20, लौरा वुलवार्ट ने 44 और चिनेली हेनरी ने नाबाद 35 रन बनाए. इसके बावजूद RCB ने कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल की विस्फोटक पारियों की बदौलत 19.4 ओवर में 204 रन का टारगेट हासिल कर लिया.
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास
स्मृति मंधाना ने 41 गेंद पर 212.20 की स्ट्राइक रेट से 87 रन बनाए. यह फाइनल में किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर है. उनके अलावा, जॉर्जिया वॉल ने भी 54 गेंदों पर 14 चौके लगाते हुए 79 रन बनाए.
स्मृति मंधाना
WPL फाइनल में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- 87 (41) - स्मृति मंधाना बनाम DC, वडोदरा, 2026
- 79 (54) - जॉर्जिया वोल बनाम DC, वडोदरा, 2026
- 66 (44) - हरमनप्रीत बनाम DC, ब्रेबोर्न, 2025
- 60* (55) - नैट सीवर-ब्रंट बनाम DC, ब्रेबोर्न, 2023
- 57 (37) - जेमिमा रोड्रिग्स बनाम RCB, वडोदरा, 2026
WPL में सबसे बड़ी पार्टनरशिप (किसी भी विकेट के लिए)
- 165 - स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल (RCB) बनाम DC, वडोदरा, 2026 फाइनल
- 162 - मेग लैनिंग और शैफाली वर्मा (DC) बनाम RCB, ब्रेबोर्न, 2023
- 146 - जेस जोनासेन और शैफाली वर्मा (DC) बनाम RCB, बेंगलुरु, 2025
- 142 - स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल (RCB) बनाम DC, DY पाटिल, 2026
- 140 - बेथ मूनी और लौरा वोल्वार्ड्ट (GG) बनाम RCB, दिल्ली, 2024
मैच का टर्निंग प्वाइंट बना छठा ओवर
मैच का टर्निंग प्वाइंट नंदनी शर्मा का पहला और पारी का छठा ओवर... इस ओवर में कुल 16 रन आए, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. स्मृति मंधाना के बल्ले से 1 छक्का और एक चौका निकला, जबकि एक चौका जॉर्जिया वॉल ने लगाया. इसी ओवर से आरसीबी के बल्लेबाजों ने मैच का टोन सेट कर दिया.
इसके बाद श्री चरनी के भी पहले ओवर से 12 रन आए, जिसमें 2 चौके शामिल रहे. आरसीबी के बल्लेबाजों ने हर ओवर में बाउंड्री लगाई. श्री चरनी के तीसरे ओवर में 3 चौके लगे, वहीं मारिजाने कैप के चौथे ओवर में स्मृति ने दो गेंदों को बाउंड्री लाइन के बाहर भेजा. कुल मिलाकर, ऐसा कोई ओवर नहीं था, जिसमें बाउंड्री न लगी हो.
DC से कहां हुई चूक?
DC के गेंदबाजों ने आज खराब प्रदर्शन किया. गेंदबाजों ने आरसीबी के बल्लेबाजों के ऊपर दबाव नहीं बना सके. पहला विकेट दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर चटकाने के बावजूद दिल्ली को दूसरा विकेट पाने के लिए 17वें ओवर की तीसरी गेंद तक इंतजार करना पड़ा. तब तक मैच पूरी तरह से बेंगलुरु के पक्ष में जा चुका था. दूसरा विकेट 174 रन पर गिराने के बाद तीसरा विकेट 181 और चौथा विकेट 191 रन के स्कोर पर गिरा, लेकिन मैच जीतने के लिए यह नाकाफी साबित हुआ.
अगर शुरुआत में ही दिल्ली के गेंदबाजों ने दबाव बनाया होता तो मैच उनके पक्ष में हो सकता था... लेकिन मंधाना और वॉल ने आक्रामक तरीके से बल्लेबाजी करते हुए मैच को दिल्ली की पकड़ से दूर कर दिया. अनुभवी गेंदबाज मारिजाने कैप कोई विकेट नहीं चटका सकीं. वहीं, श्री चरनी और नंदनी शर्मा भी काफी महंगी साबित हुईं.