U19 World Cup 2026: 310 रन बनाकर भी 53 गेंद पहले कैसे हार गया अफगानिस्तान? भारत ने की फाइनल में एंट्री, जॉर्ज-सूर्यवंशी चमके
भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है. उसने अफगानिस्तान को सेमीफाइनल में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. आरोन जॉर्ज ने शानदार शतक लगाया.;
वैभव का तूफान, आरोन का शतक; भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को रौंदा
(Image Source: BCCI )U19 World Cup 2026 Semi-final Match: अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने मैच को एकतरफा बना दिया. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 310 रन ठोक दिए थे, लेकिन भारत की युवा टीम ने इस बड़े स्कोर को भी बौना साबित करते हुए 53 गेंद शेष रहते 7 विकेट से मैच जीत लिया.
सेमीफाइनल एक हाई-स्कोरिंग थ्रिलर बन सकता था, लेकिन भारत के टॉप ऑर्डर ने शुरुआत से ही साफ कर दिया कि लक्ष्य कितना भी बड़ा क्यों न हो, इरादे उससे बड़े हैं. भारत ने 41.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 311 रन बनाते हुए शान से फाइनल में एंट्री कर ली.
अफगानिस्तान की पारी कैसी रही?
अफगानिस्तान की ओर से फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई ने भारतीय गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली. शिनोजादा ने 93 गेंदों में 110 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल थे. वहीं नियाजई 86 गेंदों पर 101 रन बनाकर नाबाद लौटे. दोनों ने मिलकर बड़े स्कोर की नींव रखी और टीम को 300 के पार पहुंचाया.
हालांकि भारत के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में अहम विकेट निकालकर अफगानिस्तान को 340 जैसे स्कोर तक जाने से रोक दिया. दीपेश देवेंद्रन (2/64) और कनिष्क चौहान (2/55) ने सही समय पर ब्रेक लगाए. अफगानिस्तान के विकेट 53, 117, 265 और 293 के स्कोर पर गिरे, जिससे अंतिम ओवरों की रफ्तार थोड़ी थमी.
वैभव सूर्यवंशी ने कितने रन बनाए?
310 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दी. उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 68 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने रनरेट को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया. हालांकि ओमरजई ने वैभव और फिर कप्तान को आउट कर कुछ देर के लिए उम्मीद जगाई, लेकिन तब तक मैच भारत की पकड़ में आ चुका था.
आरोन जॉर्ज और आयुष म्हात्रे का प्रदर्शन कैसा रहा?
दूसरे छोर पर आरोन जॉर्ज ने बेहद परिपक्व पारी खेली. उन्होंने 104 गेंदों पर 115 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 2 छक्के शामिल थे. आरोन ने जहां जरूरत पड़ी, वहां सिंगल-डबल लिए और दबाव लगातार अफगानिस्तान पर बनाए रखा. जब वह आउट हुए, तब तक मैच लगभग खत्म हो चुका था. कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 59 गेंदों पर 62 रन बनाए और टीम को स्थिरता दी.
भारत ने कितने ओवर पहले मैच किया खत्म?
आखिर में विहान मल्होत्रा ने नाबाद 38 रन बनाकर भारत को आसानी से जीत तक पहुंचाया. भारत ने लक्ष्य को लगभग 9 ओवर पहले हासिल कर लिया. अब भारत का सामना 6 फरवरी 2026 को हरारे स्पोर्ट्स क्लब, जिम्बाब्वे में फाइनल में इंग्लैंड से होगा.