Suryakumar Yadav को कप्तान बनाने के पीछे किसका हाथ? जानें गौतम गंभीर नहीं SKY ने किसका लिया नाम

जब सूर्यकुमार यादव को अचानक से टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया था तो हर कोई हैरान था. हर किसी को लगा था कि सूर्या के कप्तान बनने के पीछे गौतम गंभीर का हाथ है लेकिन अब खुद सूर्या ने इसका खुलासा किया है.

Suryakumar Yadav

(Image Source:  X/ @surya_14kumar )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 18 March 2026 11:09 AM IST

भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव तब देखने को मिला जब सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम की कमान सौंपी गई. रोहित शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह फैसला कई लोगों के लिए चौंकाने वाला था, क्योंकि उस समय सूर्यकुमार टीम के उपकप्तान भी नहीं थे। इसके बावजूद उन्हें सीधे कप्तानी सौंप दी गई.

हालांकि, इस फैसले के पीछे कौन लोग थे, इसे लेकर लंबे समय तक अटकलें लगती रहीं. अब खुद सूर्यकुमार यादव ने इस पर बड़ा खुलासा करते हुए उन चार अहम नामों का जिक्र किया है, जिन्होंने उन्हें भारत का टी20 कप्तान बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई.

कप्तानी के फैसले के पीछे कौन?

हाल ही में पीटीआई से बातचीत में सूर्यकुमार यादव ने बताया कि जय शाह, अजित अगरकर, राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा इस फैसले के प्रमुख चेहरे थे. उन्होंने कहा "उस समय जय शाह बीसीसीआई के सचिव थे और उन्होंने श्रीलंका सीरीज से तीन-चार दिन पहले बुलाया. उन्होंने बताया कि वो मुझे टी20 टीम का कप्तान बना रहे हैं. उन्होंने सबसे पहले मुझे कॉल किया."

सूर्यकुमार ने आगे बताया कि यह फैसला एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था. उन्होंने कहा "मुझे पता है कि यह सबकुछ रोहित भाई और अजित भाई ने मिलकर प्लान किया था. गौतम भाई बाद में आए थे. उन दोनों ने उस समय के कोच राहुल द्रविड़ के साथ मिलकर जय शाह से बात की थी. इसके बाद उन्होंने फैसला लिया कि मुझे भारत का कप्तान बनाया जाना चाहिए."

कैसा रहा कप्तानी में प्रदर्शन?

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. पिछले दो साल में टीम ने 52 मुकाबले खेले, जिनमें से 42 में जीत हासिल की. उनका जीत प्रतिशत 80% से ज्यादा है, जो उन्हें मौजूदा दौर के सबसे सफल टी20 कप्तानों में शामिल करता है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि उन्होंने अब तक एक भी द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं गंवाई है.

Similar News