आखिरी ओवर में KKR को चित करने वाले 21 साल के मुकुल चौधरी कौन? 2.60 करोड़ रुपये में LSG के हाथ लगा हीरा
KKR के खिलाफ लखनऊ की हार लगभग तय नजर आ रही थी, लेकिन मुकुल चौधरी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख ही बदल दिया. उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों में ऐसा खेल दिखाया, जिसने हार को जीत में बदल दिया.
केकेआर के खिलाफ मुकुल चौधरी
(Image Source: X/@IPL )IPL 2026, KKR vs LSG: आईपीएल 2026 में 9 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइजर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. जिसमें एक और युवा सितारा उभरकर दुनिया के सामने आया है, जिसकी अब हर तरफ चर्चा हो रही है. जी हां हम बात कर रहे हैं लखनऊ के विस्फोटक बल्लेबाज मुकुल चौधरी की. जिन्होंने ईडन गार्डन्स में एक ऐतिहासिक पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी.
ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में एक समय लखनऊ की हार लगभग तय नजर आ रही थी, लेकिन मुकुल चौधरी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख ही बदल दिया. उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों में ऐसा खेल दिखाया, जिसने हार को जीत में बदल दिया.
कैसे आखिरी ओवर में पलटा मैच?
मुकाबले के 19वें ओवर तक केकेआर पूरी तरह हावी थी। लखनऊ को जीत के लिए अंतिम ओवर में 14 रनों की जरूरत थी। क्रीज पर मौजूद थे मुकुल चौधरी, जो 54 रन बनाकर खेल रहे थे. केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आखिरी ओवर की जिम्मेदारी तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा को सौंपी। पहली गेंद पर आवेश खान ने समझदारी दिखाते हुए एक रन लिया, जिससे स्ट्राइक मुकुल के पास आ गई.
दूसरी गेंद पर वैभव अरोड़ा की एक छोटी सी गलती भारी पड़ गई. उन्होंने शॉर्ट गेंद फेंकी और मुकुल चौधरी ने शानदार पुल शॉट खेलते हुए गेंद को बाउंड्री के बाहर भेज दिया. इस छक्के के साथ समीकरण बदल गया. अब 4 गेंदों में सिर्फ 7 रन चाहिए थे. हालांकि, इसके बाद वैभव ने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो यॉर्कर डालीं, जिन पर मुकुल रन नहीं बना सके. दो डॉट गेंदों ने एक बार फिर मैच को रोमांचक बना दिया और केकेआर की उम्मीदें जगा दीं.
कैसा रहा आखिरी दो गेंदों का रोमांच?
अब मुकाबला 2 गेंदों में 7 रन पर आ गया था. पांचवीं गेंद पर वैभव अरोड़ा ने फिर यॉर्कर डालने की कोशिश की, लेकिन गेंद थोड़ी फुल और वाइड हो गई. इस मौके का फायदा उठाते हुए मुकुल चौधरी ने जोरदार शॉट खेला और गेंद को स्वीपर कवर के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया. इस शानदार शॉट के साथ न केवल उनका अर्धशतक पूरा हुआ, बल्कि स्कोर भी बराबर हो गया. इस पल ने मैच का पूरा माहौल बदल दिया और लखनऊ की जीत लगभग तय कर दी. इसके बाद आखिरी गेंद पर सिंगर लेकर मैच लखनऊ ने जीत लिया.
कौन हैं मुकुल चौधरी?
मुकुल चौधरी एक दाएं हाथ के आक्रामक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं. उनका जन्म 6 अगस्त 2004 को राजस्थान के झुंझुनू में हुआ था. आईपीएल 2026 ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुकुल को 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा था. मुकुल घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं और अब तक 4 फर्स्ट क्लास, 5 लिस्ट-ए और 10 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. इस पारी ने उन्हें अचानक सुर्खियों में ला दिया है और क्रिकेट प्रेमियों के बीच उनकी पहचान मजबूत कर दी है.