IPL 2026: आसान नहीं होगा विराट कोहली के लिए नया सीजन, सामने होगी ये सबसे बड़ी चुनौती

विराट कोहली आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, वे आरसीबी के कैंप से भी जुड़ चुके हैं, लेकिन कोहली के लिए इस बार आईपीएल 2026 आसान नहीं होने वाला है. उनके सामने एक बड़ी चुनौती रहने वाली है.

Virat Kohli

(Image Source:  X/ @KohliSensation )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

IPL 2026, Virat Kohli: आईपीएल इतिहास की बात हो और विराट कोहली का नाम न आए, ऐसा संभव नहीं है. 2008 से लेकर 2025 तक रन मशीन बने कोहली ने इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाकर खुद को सबसे सफल बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है. हर सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उनकी अहम भूमिका रही है.

हालांकि, आईपीएल 2026 उनके लिए आसान नहीं रहने वाला है. इस बार कोहली के सामने एक नई और बड़ी चुनौती होगी, जिसे लेकर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि इस सीजन में कोहली को खुद को एक अलग तरीके से साबित करना होगा.

कोहली के सामने क्या है चुनौती?

इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कोहली की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब कोहली के लिए सीधे आईपीएल जैसे आक्रामक फॉर्मेट में ढलना आसान नहीं होगा. पठान के अनुसार, भले ही कोहली ने वनडे क्रिकेट में हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन टी20 की तेज और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए अलग मानसिकता की जरूरत होती है.

इरफान पठान ने कहा 'इस बार कोहली के लिए चीजें थोड़ी अलग होंगी. पहली बार वे टेस्ट क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेने के बाद आईपीएल खेलेंगे. वे अब केवल एक ही फॉर्मेट (ODI) खेल रहे हैं. किसी के लिए भी ये आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने रन बनाए हैं और उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. यहां तक कि ब्रेक के बाद भी वनडे क्रिकेट में उन्हें कोई मुश्किल नहीं हुई है. टी20 में जब आप आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं और ज्यादा मैच नहीं खेले होते हैं, तो ये चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन उन्होंने पहले भी कई चुनौतियों का सामना किया है. मैं ये देखने के लिए बहुत उत्सुक हूं कि इस सीजन में वो कैसा प्रदर्शन करेंगे.'

कोहली-आरसीबी के रिश्ते पर क्या बोले इरफान?

विराट कोहली पिछले 18 सीजन से एक ही फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं. यह रिश्ता सिर्फ एक खिलाड़ी और टीम का नहीं, बल्कि पहचान का बन चुका है. इस पर इरफान पठान ने कहा 'विराट कोहली और आरसीबी एक ऐसी पहचान है जो साथ चलती है. पिछले सीजन में जब टीम जीती, तो उनका स्ट्राइक रेट बढ़ा था. उन्होंने एंकर की जगह अग्रेसर की भूमिका निभाई, जो टीम की जीत का बड़ा फैक्टर था. इस बार भी फैंस उनसे वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे.'

क्यों आसान नहीं होगा IPL 2026?

कोहली के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस सीजन में उनकी बल्लेबाजी की शैली को लेकर होगी. पहले जहां वे टीम के लिए एंकर की भूमिका निभाते थे, वहीं अब उनसे तेज रन बनाने और मैच जिताने वाली पारियां खेलने की उम्मीद की जाएगी. टी20 क्रिकेट में लगातार आक्रामक बने रहना और कम मैच खेलने के बाद उसी लय में लौटना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता.

आईपीएल 2026 में फैंस की नजरें एक बार फिर कोहली पर टिकी होंगी. उनकी फॉर्म, स्ट्राइक रेट और मैच विनिंग क्षमता इस सीजन में आरसीबी की सफलता तय कर सकती है.

Similar News