IPL 2026 से पहले छोड़ी शराब, 35 वर्षीय खिलाड़ी का खुलासा; पंजाब किंग्स के लिए अपना 150 प्रतिशत देगा ये दिग्गज

आईपीएल 2026 से पहले पंजाब किंग्स के स्टार स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने बड़ा खुलासा किया है. चहल ने अपने जीवन में बड़ा बदलाव करते हुए शराब से दूरी बना ली है.

Punjab Kings

(Image Source:  X/ @CricCrazyJohns )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है. पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं टूर्नामेंट के लिए अब पंजाब किंग्स भी पूरी तरह से तैयार है, जो अपने अभियान की शुरुआत 31 मार्च से करेगी. पिछली बार फाइनल में मिली हार को भुलाकर पंजाब इस बार खिताब उठाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

वहीं आईपीएल 2026 से पहले पंजाब किंग्स के स्टार स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने बड़ा खुलासा किया है. चहल ने अपने जीवन में बड़ा बदलाव करते हुए शराब से दूरी बना ली है. चहल ने खुलासा किया कि वे पिछले कई महीनों से शराब का सेवन नहीं कर रहे हैं. 35 वर्षीय गेंदबाज का मानना है कि यह फैसला उनके करियर और फिटनेस के लिए बेहद अहम साबित होगा.

क्या बोले युजवेंद्र चहल?

चहल ने अपने फैसले को लेकर साफ शब्दों में कहा कि “इस साल, मेरे मन ने तय किया है कि मैं सबसे पहले अपने शरीर का ख्याल रखूंगा और मेरे पास आपके लिए एक अच्छी खबर है मैंने शराब पीना छोड़ दिया है. 6 महीने से ज्यादा हो गए हैं. अब मैं 35 साल का हो गया हूं. मैं और ज्यादा सक्रिय रहना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए 150 प्रतिशत देना चाहता हूं. एक वरिष्ठ गेंदबाज के तौर पर, अगर मैं आईपीएल में जाता हूं, तो मैं चाहता हूं कि लोग मुझे देखकर सोचें कि हमें इससे कुछ सीखना चाहिए.”

क्या वापसी की कोशिश कर रहे चहल?

पिछले कुछ साल चहल के लिए आसान नहीं रहे. मैदान पर उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और टीम इंडिया में भी उनकी जगह पक्की नहीं हो सकी. 2023 के बाद से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका नहीं मिला है. टी20 इंटरनेशनल में 96 विकेट के आंकड़े पर रुक जाने के बाद वे 100 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन सकते थे, लेकिन यह उपलब्धि बाद में अन्य खिलाड़ियों ने हासिल कर ली.

कैसा रहा था पिछला सीजन?

पिछले सीजन में चहल ने पंजाब किंग्स के लिए अहम भूमिका निभाई. 14 मैचों में 16 विकेट लेने के साथ उन्होंने टीम को 11 साल बाद प्लेऑफ तक पहुंचाने में योगदान दिया. उनकी इकॉनमी रेट 9.56 रही. इस दौरान उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जो उनके अनुभव और क्षमता को दर्शाता है.

Similar News