8 साल में तीसरा U-19 वर्ल्ड कप! भारत ने इंग्लैंड को फाइनल में 100 रन से हराया, मिलिए वैभव सूर्यवंशी समेत चैंपियन टीम के 5 हीरो से

अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी. 412 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम संघर्ष तो करती दिखी, लेकिन दबाव में बिखर गई. भारत की जीत के हीरो बने वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में 80 गेंदों पर 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली.;

भारत ने छठी बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप

(Image Source:  BCCI )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 6 Feb 2026 9:07 PM IST

India Clinch Record Sixth Under-19 World Cup After Defending 412 in Final: विश्व कप फाइनल में 412 रनों का पीछा करना किसी भी टीम के लिए बेहद मुश्किल चुनौती थी. इंग्लैंड ने पूरी कोशिश की, लेकिन अंत में भारत ने बाज़ी मारते हुए आठ साल में अपना तीसरा खिताब जीत लिया. टॉस जीतकर भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे ने पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया और पिच को बड़े स्कोर के लिए मुफ़ीद बताया। भारतीय बल्लेबाज़ों ने इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया.

भारत की ऐतिहासिक पारी की नींव रखी वैभव सूर्यवंशी ने, जिन्होंने सिर्फ 80 गेंदों पर तूफानी 175 रन जड़ दिए. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने शुरुआत से ही इंग्लैंड के गेंदबाज़ों पर हमला बोल दिया और बेखौफ, क्लीन हिटिंग से मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया. दूसरे छोर से मिले भरपूर सहयोग की बदौलत भारत ने 400 रन का आंकड़ा पार कर लिया और इंग्लैंड के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा कर दिया.



कहां पलटा मैच?

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी रही. बेन डॉकिन्स, बेन मेयस और कप्तान थॉमस र्यू ने रन गति बनाए रखी और 20 ओवर तक मुकाबला बराबरी का नजर आया, लेकिन जैसे ही थॉमस र्यू आउट हुए, मैच पूरी तरह पलट गया. इसके बाद इंग्लैंड ने महज तीन रन पर चार विकेट गंवा दिए और टीम दबाव में आ गई.



इंग्लैंड ने आखिर तक लड़ी लड़ाई

इसके बाद कालेब फाल्कनर और जेम्स मिंटो ने इंग्लैंड की उम्मीदों को जिंदा रखने की कोशिश की. दोनों के बीच 92 रनों की साझेदारी हुई, जो इंग्लैंड की पारी की सबसे बड़ी पार्टनरशिप रही. फाल्कनर ने ज़्यादातर रन बनाए और अंत तक लड़ते रहे, लेकिन जब वह आख़िरी बल्लेबाज़ के रूप में 67 गेंदों पर 115 रन बनाकर आउट हुए, तब जीत भारत के नाम तय हो चुकी थी.

भारतीय खिलाड़ियों ने मनाया जोरदार जश्न 

मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मैदान पर एक साथ जमा हुए. खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाया, कुछ ने तिरंगा ओढ़ लिया और जोरदार जश्न मनाया.  इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड छठा खिताब अपने नाम किया.  यह जीत एक बार फिर साबित करती है कि भारत की अंडर-19 सफलता किसी एक पीढ़ी तक सीमित नहीं है. हर टूर्नामेंट में नए चेहरे सामने आते हैं, लेकिन नतीजा वही रहता है- जीत. अलग-अलग खिलाड़ी, लेकिन वही निरंतरता. यही भारत की सबसे बड़ी ताकत और इस ऐतिहासिक खिताब की असली कहानी है.



भारतीय टीम को चैंपियन बनाने वाले 5 हीरो

1- वैभव सूर्यवंशी- प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ सीरीज

इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार पारी खेली. उन्होंने 80 गेंद में 175 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच को भारत की तरफ कर दिया. वैभव ने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. इस दौरान उन्होंने एक मैच में और एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.



2- आयुष म्हात्रे

कप्तान आयुष म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी. उन्होंने 51 गेंद में 2 छक्के और 7 चौके जड़ते हुए 53 रन बनाए. उन्होंने सूर्यवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंद में 142 रन की निर्णायक पार्टनरशिप की. इसके बाद आयुष ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए खतरनाक दिख रहे Ben Dawkins को पवेलियन की राह दिखाई.

3-आरएस अंबरीश

आरएस अंबरीश ने मैच में शानदार गेंदबाजी की. उन्हों 9 ओवर में 1 मेडन फेंकते ए 56 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिससे इंग्लैंड की टीम बैकफुट पर आ गई.

4- दीपेश देवेंद्रन

दीपेश देवेंद्रन भारतीय टीम के लिए संकटमोचक की भूमिका में नजर आए. उन्होंने मैच में 6 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 64 रन देकर 2 विकेट चटकाए.

5- कनिष्क चौहान

कनिष्क चौहान ने इस मैच में, बल्ले और गेंद, दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंद में 1 गगनचुंबी छक्का और 3 चौके लगाते हुए 185 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ नाबाद 37 रन जड़ दिए. फिर गेंदबाजी में भी जलवा बिखेरते हुए 8.2 ओवर में 63 रन देकर 2 विकेट लिए.  

Similar News