IPL 2026 के बाद खत्म हो सकता है इन 4 खिलाड़ियों का सफर, लिस्ट में बड़े नाम भी शामिल
इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन शुरू होने में अब दो हफ्ते से भी कम समय बचा है और फैंस इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस सीजन में कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे, लेकिन कुछ अनुभवी क्रिकेटरों के लिए यह सीजन बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि ये उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है.
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन जल्द शुरू होने वाला है और इसके लिए क्रिकेट फैंस काफी उत्साहित हैं. Indian Premier League 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जब पिछली चैंपियन Royal Challengers Bengaluru और Sunrisers Hyderabad के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच M. Chinnaswamy Stadium में आयोजित होगा.
इस सीजन में भी फैंस को कई दिग्गज खिलाड़ियों को मैदान पर देखने का मौका मिलेगा. Virat Kohli, Rohit Sharma और MS Dhoni जैसे बड़े नाम इस लीग का हिस्सा होंगे. इनमें से धोनी अब सिर्फ आईपीएल में ही खेलते हैं, जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली भी फिलहाल वनडे इंटरनेशनल और आईपीएल में ही खेलते नजर आते हैं.
हालांकि इस बार का आईपीएल कुछ खिलाड़ियों के लिए बेहद खास हो सकता है. माना जा रहा है कि कुछ अनुभवी क्रिकेटरों के लिए यह बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन साबित हो सकता है. आइये जानते हैं कि कौन हैं वे खिलाड़ी?
एमएस धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स)
- महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं. उन्होंने अपनी कप्तानी में Chennai Super Kings को पांच बार चैंपियन बनाया है.
- धोनी आईपीएल के पहले सीजन से ही चेन्नई की टीम के साथ जुड़े हुए हैं, हालांकि 2016 और 2017 में टीम पर प्रतिबंध के कारण वह इसमें नहीं खेल पाए थे.
- फिलहाल धोनी टीम के कप्तान नहीं हैं, लेकिन पिछले सीजन में कप्तान Ruturaj Gaikwad के बाद उन्हें दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी थी. अब वह आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटे हुए हैं और माना जा रहा है कि यह उनका बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन हो सकता है.
- आईपीएल 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने Sanju Samson को अपनी टीम में शामिल किया है, जिन्हें धोनी का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है. संजू सैमसन हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे. धोनी के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं.
अजिंक्य रहाणे (कोलकाता नाइट राइडर्स)
- Ajinkya Rahane को Kolkata Knight Riders ने आईपीएल 2026 के लिए कप्तान बनाए रखने का फैसला किया है. हालांकि बल्लेबाज के तौर पर यह सीजन उनके लिए काफी अहम माना जा रहा है.
- अगर इस सीजन में रहाणे का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तो यह उनके लिए आखिरी आईपीएल सीजन साबित हो सकता है. 37 वर्षीय रहाणे को अगर कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज कर दिया तो किसी दूसरी टीम द्वारा उन्हें खरीदना मुश्किल हो सकता है.
- रहाणे ने अब तक आईपीएल में 198 मैच खेले हैं और 5032 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 33 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं.
इशांत शर्मा (गुजरात टाइटंस)
- भारतीय तेज गेंदबाज Ishant Sharma भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके लिए यह सीजन काफी महत्वपूर्ण हो सकता है. 37 वर्षीय इशांत ने आईपीएल में 117 मैचों में 96 विकेट लिए हैं.
- पिछले सीजन में वह Gujarat Titans के लिए खेले थे, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. उन्होंने 7 मैचों में सिर्फ 4 विकेट लिए थे और उनका इकॉनमी रेट 11.18 रहा था.
- आगामी सीजन में भी वह इसी टीम का हिस्सा हैं, लेकिन अगर उनका प्रदर्शन पहले जैसा ही रहा तो उनका आईपीएल करियर इस सीजन के बाद खत्म हो सकता है.
मार्कस स्टोइनिस (पंजाब किंग्स)
- ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर Marcus Stoinis भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके लिए आईपीएल 2026 बेहद अहम हो सकता है. वह Punjab Kings का हिस्सा हैं और टीम ने उन्हें 11 करोड़ रुपये की कीमत पर रिटेन किया था.
- स्टोइनिस ने आईपीएल में चार अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हुए 109 मैचों में 2026 रन बनाए हैं और 44 विकेट लिए हैं. 36 वर्षीय स्टोइनिस अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और कई अहम पारियां खेल चुके हैं.
- हालांकि पिछले कुछ समय से उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. अगर आईपीएल 2026 में उनका बल्ला नहीं चला और पंजाब किंग्स ने उन्हें रिलीज कर दिया तो यह सीजन उनके लिए बतौर खिलाड़ी आखिरी आईपीएल सीजन साबित हो सकता है.