Sunrisers ने करोड़ों में खरीदा पाकिस्तानी खिलाड़ी, लेकिन खेलने पर सस्पेंस बरकरार, क्या PCB रोकेगा उनकी एंट्री?
पाकिस्तान के स्पिनर Abrar Ahmed को द हंड्रेड की नीलामी में SunRisers Leeds ने 1.90 लाख पाउंड में खरीदा, लेकिन उनका खेलना अभी भी तय नहीं है. एक अहम ईवेंट होने की वजह से माना जा रहा है कि पीसीबी उन्हें NOC नहीं देगा.
The Hundred League: पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज Abrar Ahmed को द हंड्रेड लीग की नीलामी में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी SunRisers Leeds द्वारा चुने जाने के बाद काफी विवाद और आलोचना देखने को मिल रही है. लंदन में रविवार को हुई नीलामी में फ्रेंचाइजी ने अबरार अहमद को 1,90,000 पाउंड (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में अपने साथ जोड़ा है.
यह फ्रेंचाइजी उसी ग्रुप के कंट्रोल में है जो Sunrisers Hyderabad और Sunrisers Eastern Cape का भी संचालन करता है. हालांकि अब यह संभावना भी जताई जा रही है कि अबरार अहमद शायद इस लीग में खेल ही न पाएं.
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी Pakistan Cricket Board उन्हें खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) नहीं दे सकता, क्योंकि उसी समय पाकिस्तान टीम का वेस्टइंडीज दौरा तय है. पाकिस्तान की टीम 15 जुलाई से 7 अगस्त के बीच वेस्टइंडीज का दौरा करेगी, जहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है. वहीं दूसरी ओर, The Hundred की शुरुआत 21 जुलाई से होगी और यह टूर्नामेंट 16 अगस्त तक चलेगा. इसी वजह से दोनों कार्यक्रमों के समय में टकराव हो रहा है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया है, “संभव है कि वह द हंड्रेड में न खेल पाएं, क्योंकि उसी समय पाकिस्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रहा है.”
सूत्र ने आगे कहा, “यह बहुत बड़ी रकम है. उनके एजेंट ने उनका नाम नीलामी में डाला है, जिसका मतलब है कि उन्हें भरोसा है कि उन्हें एनओसी मिल सकता है. वह मौजूदा पाकिस्तानी खिलाड़ियों में उन कुछ लोगों में से हैं जिनके पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख के साथ अच्छे संबंध हैं. इसलिए उनके द हंड्रेड में खेलने की संभावना 50-50 है.”
अबरार को क्यों चुना गया?
इस बीच सनराइजर्स लीड्स के मुख्य कोच Daniel Vettori ने बताया कि टीम ने अबरार अहमद को इसलिए चुना क्योंकि उनके पास अच्छे स्पिन गेंदबाजों की कमी थी. टीम पहले इंग्लैंड के स्टार स्पिनर Adil Rashid को लेने की कोशिश कर रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
डेनियल विटोरी ने कहा, “जब हम आदिल राशिद को नहीं ले पाए तो हमारी प्राथमिकता एक स्पिन गेंदबाज लेने की थी. हमें लगा कि स्थानीय बाजार में उस स्तर की गुणवत्ता नहीं है, इसलिए हमें विदेशी खिलाड़ियों की ओर जाना पड़ा. रिशाद हुसैन, उस्मान तारिक और अबरार अहमद ऐसे खिलाड़ी थे जो हमारी नजर में थे.” नीलामी के दौरान डेनियल विटोरी के साथ टीम की सह-मालिक Kavya Maran भी मौजूद थीं.
इससे पहले सन टीवी समूह ने द हंड्रेड की फ्रेंचाइजी, जिसे पहले Northern Superchargers के नाम से जाना जाता था, में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी थी. Sun TV Network ने इस टीम में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी England and Wales Cricket Board से और बाकी 51 प्रतिशत हिस्सेदारी यॉर्कशायर से करीब 100 मिलियन पाउंड में खरीदी.