T20 WC 2026: आखिर क्यों संजू सैमसन ने घुटनों पर बैठकर मनाया था जश्न? खुद खोला इसके पीछे का राज

टीम इंडिया के विनिंग चौका लगाने के बाद संजू वहीं पिच पर घुटनो के बल बैठ गए और आसमान की तरफ देखकर जश्न मनाया. अब फैंस जानना चाहते है कि आखिर संजू के उस जश्न का क्या राज है?

sanju samson

(Image Source:  X/ @BCCI )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 2 March 2026 8:28 AM IST

T20 World Cup 2026, Sanju Samson: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बीते दिन 1 मार्च को सुपर-8 का आखिरी मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया. इस मैच में संजू सैमसन का धमाल देखने को मिला. उनकी शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया.

लंबे समय के बाद संजू के बल्ले से ऐसी शानदार पारी देखने को मिली है. हर किसी ने संजू की इस पारी का इस्तकबाल किया है. टीम इंडिया के विनिंग चौका लगाने के बाद संजू वहीं पिच पर घुटनो के बल बैठ गए और आसमान की तरफ देखकर जश्न मनाया. अब फैंस जानना चाहते है कि आखिर संजू के उस जश्न का क्या राज है?

क्या था संजू के उस जश्न का राज?

मैच के बाद जियोहॉटस्टार पर पार्थिव पटेल से बातचीत में संजू सैमसन ने अपने जश्न को लेकर कहा कि 'यह बहुत ही खास पल है. मैं ईश्वर में गहरी आस्था रखता हूं और इसे निजी रखना चाहता हूं. यह मेरे लिए बहुत ही खास पल है.' बल्लेबाजी को लेकर संजू ने बताया 'हां, बिल्कुल मुझे लगता है कि यह थोड़ा मुश्किल था. हमारी बल्लेबाजी की ताकत को देखते हुए, मुझे लगा कि ईडन गार्डन्स में 190 रन का पीछा करना संभव है. मुझे लगता है कि जब ओस पड़ती है, तो यह थोड़ा आसान हो जाता है लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो गया.'

अपनी बल्लेबाजी पर क्या बोले संजू?

सैमसन ने खुलासा किया कि अच्छी शुरुआत मिलने के बाद आमतौर पर वह मैच को तेजी से खत्म करने की कोशिश करते हैं. लेकिन इस मैच में हालात ने उन्हें अपनी शैली में बदलाव करने को मजबूर कर दिया.

उन्होंने कहा 'सच कहूं तो, मुझे लगता है कि यहीं पर मेरे अनुभव और मेरी भूमिका ने अहम भूमिका निभाई. मुझे अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन आमतौर पर अच्छी शुरुआत के बाद मैं पूरी तरह हावी होकर कुछ ही ओवरों में मैच खत्म करना चाहता हूं लेकिन जब लगातार विकेट गिरते रहे, तो मुझे लगा कि ठीक है, मुझे यह मैच खत्म करना होगा। मुझे आखिरी क्षण तक खेलना होगा और ऐसा ही हुआ.'

कैसा रहा IND vs WI मैच का हाल?

इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए थे. जिसमें रॉस्टन चेज ने 40, जेसन होल्डर ने 37, पोवेल ने 34, शाई होप ने 32 और हेटमायर 27 रन जोड़े थे. टीम इंडिया की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए थे.

इसके बाद भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था. इस दौरान संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रनों की पारी खेली. जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.

Similar News