IND vs PAK: मैच जीतकर भी कुलदीप यादव पर भड़के हार्दिक पांड्या, इस गलती पर सूर्यकुमार ने भी दिखाई आंख; देखें VIDEO

T20 World Cup 2026 में टीम इंडिया ने भले ही पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया हो लेकिन मैच जीतने के बाद भी हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव से नाखुश दिखे.;

IND vs PAK Hardik Pandya

(Image Source:  X/ @JaikyYadav16 )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 16 Feb 2026 9:30 AM IST

T20 World Cup 2026, IND vs PAK: टीम इंडिया ने 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 की लगातार तीसरी जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने सुपर-8 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. टीम इंडिया ने इस मैच को 2 ओवर पहले ही जीत लिया था, लेकिन फिर भी हार्दिक पांड्या स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव पर भड़कते हुए नजर आए.

इतना ही नहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी कुलदीप को जीत के बाद आंखें दिखाई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसके बाद सवाल उठ रहा है कि कुलदीप यादव ने कौनसी गलती कर दी जो उन पर हार्दिक और सूर्या भड़क गए.

क्या ये गलती बनी नाराजगी की वजह?

आधिकारिक तौर पर इस पूरे घटनाक्रम पर कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसकी जड़ पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर में हुई एक फील्डिंग गलती से जुड़ी है. उस समय गेंदबाजी हार्दिक पंड्या कर रहे थे. ओवर की दूसरी गेंद पर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की.

लॉन्ग ऑन पर खड़े कुलदीप यादव के पास आसान मौका था, लेकिन उनसे कैच छूट गया. नतीजा यह हुआ कि जहां पाकिस्तान का विकेट गिरना चाहिए था, वहां टीम को पूरे 6 रन मिल गए. हालांकि उसी ओवर में हार्दिक ने पाकिस्तान की पारी का अंत कर दिया, लेकिन कुलदीप की यह गलती शायद सीनियर खिलाड़ियों के मन में रह गई.

जश्न के बीच दिखी नाराजगी

मैच खत्म होने के बाद जब भारतीय खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे और जीत की बधाई दे रहे थे, तभी कैमरे में एक अलग ही तस्वीर कैद हुई. जब कुलदीप यादव की बारी आई, तो हार्दिक पंड्या उन्हें कुछ कहते और नाराजगी जाहिर करते नजर आए. वहीं सूर्यकुमार यादव भी उन्हें तीखी नजरों से देखते दिखे. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

गेंदबाजी में कैसा रहा कुलदीप का प्रदर्शन?

भले इस मैच में कुलदीप यादव से फील्डिंग के दौरान थोड़ी गलती हो गई हो, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन करके दिखाया. कुलदीप ने इस मैच में 2 ओवर में महज 14 रन देकर 1 विकेट हासिल किया.

Similar News