IND vs PAK: पाकिस्तान ने टॉस जीतकर क्यों किया था गेंदबाजी का हैरान करने वाला फैसला? मैच के बाद कप्तान ने दिया जवाब

T20 Wolrd Cup 2026 में टीम इंडिया ने एकबार फिर से पाकिस्तान को हराया. इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का हैरानी भरा फैसला किया था.;

salman ali agha

(Image Source:  X/ @TsMeSalman, @ICC )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

T20 World Cup 2026, IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को मुकाबला खेला गया. कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एक बार फिर से करारी शिकस्त दी. टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 8वीं बार टीम इंडिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा है.

इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. कप्तान का ये फैसला कई पूर्व क्रिकेटर्स और फैंस को थोड़ा हैरान कर देने वाला लगा. वहीं मैच के बाद सलमान आगा ने बताया कि आखिर क्यों उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था?

पाक ने क्यों लिया था गेंदबाजी का फैसला?

कमेंट्री के दौरान पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक ने भी कहा था कि उनको सलमान अली आगा का पहले गेंदबाजी करने वाला फैसला थोड़ा हैरानी भरा लगा. वहीं अपने इस फैसले को लेकर सलमान अली आगा ने कहा कि 'ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि पहली पारी की तरह पिच थोड़ी चिपचिपी थी. गेंद भी ग्रिप कर रही थी. इसलिए, गेंदबाजी के मामले में हमारी गेंदबाजी में कमी दिखी, लेकिन मुझे लगता है कि दूसरी पारी में पिच पहली पारी की तुलना में बेहतर खेली. लेकिन हमारे गेंदबाजों ने स्थिति के अनुसार गेंदबाजी नहीं की और बल्लेबाजी की बात करें तो हमने खुद को ठीक से नहीं संभाला और हमें मैच में आगे बढ़ने का मौका दिया.'

हार पर क्या बोले सलमान आगा?

टीम इंडिया से मिली हार पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि 'हमें अपने स्पिनरों पर भरोसा था, लेकिन आज उनका दिन अच्छा नहीं रहा. खेल के कुछ हिस्सों में हमारी गेंदबाजी में कमी दिखी. जाहिर है, हम हमेशा अपने स्पिनरों पर भरोसा करते हैं, क्योंकि उन्होंने पिछले छह महीनों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. बल्लेबाजी की बात करें तो मुझे लगता है कि हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही और टी20 मैचों में अगर हम पावरप्ले में 3 या 4 विकेट खो देते हैं, तो हम हमेशा मैच में पिछड़ जाते हैं.'

अगले मैच को लेकर क्या बोले कप्तान?

पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अगला मैच नामीबिया के साथ है. इस मैच को लेकर कप्तान सलमान आगा ने कहा कि 'हमें जल्द से जल्द खुद को संभालना होगा और दो दिन बाद हमारा एक मैच है, जिसके लिए हमें पूरी तरह से तैयार रहना होगा. हमें वह मैच जीतना होगा और सुपर फोर के लिए क्वालीफाई करना होगा, फिर टूर्नामेंट की नई शुरुआत होगी.'

Similar News