एक तो चोरी, ऊपर से सीना जोरी! पाक खिलाड़ी ने PSL में की बॉल टेम्परिंग, जब 2 मैच का बैन लगा तो PCB के फैसले को किया चैलेंज

PSL 2026 में बॉल टेम्परिंग के मामले में फंसे पाकिस्तानी खिलाड़ी फखर जमान पर PCB ने दो मैच का बैन लगा दिया है. हालांकि, इस फैसले को जमान ने चुनौती दी है.

फखर जमान ने PCB के फैसले को किया चैलेंज(Image Source:  X@IS_Netwrk29 )
Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 2 April 2026 5:07 PM IST

PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) में बॉल टेम्परिंग विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. पाकिस्तानी बल्लेबाज फखर जमान को गेंद से छेड़छाड़ के आरोप में दो मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है, लेकिन अब उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के इस फैसले को चुनौती दी है.

PCB के मुताबिक, फखर जमान ने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.14 के तहत लेवल-3 का अपराध किया, जिसके बाद जांच पूरी होने पर उन्हें दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया. हालांकि, जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, फखर जमान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह की बॉल टेम्परिंग नहीं की.

सुनवाई में कौन-कौन मौजूद रहा?

इस मामले की सुनवाई मैच रेफरी रोशन महानामा की निगरानी में हुई, जहां फखर जमान को व्यक्तिगत रूप से अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया. सुनवाई के दौरान लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, टीम डायरेक्टर समीन राणा और टीम मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद रहे. वहीं, ऑन-फील्ड अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान अफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर तारिक राशिद ने फखर जमान के खिलाफ आरोप लगाए थे.

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान सामने आया. कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर से पहले अंपायरों को गेंद की स्थिति संदिग्ध लगी. इसके बाद अंपायरों ने तुरंत गेंद बदल दी और लाहौर कलंदर्स पर 5 रन की पेनल्टी लगा दी.

लाहौर कलंदर्स की क्यों बढ़ गईं मुश्किलें?

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब लाहौर कलंदर्स पहले से ही कई विवादों में घिरी हुई है. कप्तान शाहीन आफरीदी पर टीम होटल में सिक्योरिटी प्रोटोकॉल तोड़ने के लिए 10 लाख PKR (पाकिस्तानी रुपये) का जुर्माना लगा है. वहीं, तेज गेंदबाज नसीम शाह पर विवादित ट्वीट के चलते 20 मिलियन PKR का भारी जुर्माना लगाया गया है. अब फखर जमां पर बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर कार्रवाई की गई है.

ऐसे में सीजन की शुरुआत में ही लगातार विवादों ने लाहौर कलंदर्स की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अब देखना होगा कि टीम इस दबाव से कैसे उबरती है और फखर जमान की अपील का क्या फैसला आता है.

Similar News