अकेले गेंदबाज ने झटके 10 विकेट, पूरी टीम 19 रन पर हुई ऑलआउट; ODI के इस रिकॉर्ड को कितना जानते हैं आप?

वनडे क्रिकेट में एक ही पारी में सभी 10 विकेट लेना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जाता. 50 ओवर के इस फॉर्मेट में जहां एक गेंदबाज को अधिकतम 10 ओवर ही फेंकने की अनुमति होती है.

10 Wickets in ODI Record 

(Image Source:  AI: Sora )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 8 April 2026 1:48 PM IST

क्रिकेट में अक्सर रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं जिनका टूट पाना काफी मुश्किल होता है जैसे भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर का 100 शतकों का रिकॉर्ड. वहीं आज हम आपको ऐसे ही एक रिकॉर्ड के बारे में बताने वाले हैं जिसको तोड़ पाना बेहद मुश्किल हैं. वनडे क्रिकेट में एक ही पारी में सभी 10 विकेट लेना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जाता. 50 ओवर के इस फॉर्मेट में जहां एक गेंदबाज को अधिकतम 10 ओवर ही फेंकने की अनुमति होती है, वहां पूरी टीम को अकेले समेट देना लगभग असंभव जैसा लगता है.

यही वजह है कि ऐसा कारनामा क्रिकेट इतिहास के सबसे दुर्लभ रिकॉर्ड्स में गिना जाता है. लेकिन इस नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया नेपाल के तेज गेंदबाज महबूब आलम ने, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. उनका यह ऐतिहासिक प्रदर्शन आज भी क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

कब बना था ये वर्ल्ड रिकॉर्ड?

महबूब आलम ने 25 मई 2008 को ICC World Cricket League Division 5 के दौरान मोजाम्बिक के खिलाफ एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसे आज तक कोई भी गेंदबाज दोहरा नहीं सका है. उन्होंने महज 7.5 ओवर में 12 रन देकर सभी 10 विकेट झटक लिए. यह प्रदर्शन इतना अद्भुत था कि इसे Guinness World Records में भी दर्ज किया गया.

कितने रन पर सिमटी टीम?

इस मुकाबले में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए और मोजाम्बिक के सामने 239 रनों का लक्ष्य रखा. जब मोजाम्बिक की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो महबूब आलम ने अकेले ही पूरी बल्लेबाजी लाइनअप को तहस-नहस कर दिया. पूरी टीम महज 14.5 ओवर में 19 रन पर ऑलआउट हो गई.

कितने रन किए थे खर्च?

महबूब आलम का यह गेंदबाजी स्पेल लिमिटेड ओवर क्रिकेट के इतिहास में सबसे बेहतरीन माना जाता है. उन्होंने 7.5 ओवर में 1 मेडन ओवर डाला और सिर्फ 12 रन खर्च करते हुए सभी विकेट अपने नाम किए. वनडे क्रिकेट में आज तक कोई भी गेंदबाज इस रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाया है.

कितने रन से जीता था नेपाल?

इस शानदार गेंदबाजी के दम पर नेपाल ने यह मुकाबला 219 रन के विशाल अंतर से जीत लिया. यह जीत भी अपने आप में एक रिकॉर्ड बन गई. महबूब आलम को उनके इस अविश्वसनीय प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया था.

कौन हैं महबूब आलम?

महबूब आलम नेपाल के पूर्व क्रिकेटर हैं, जो बाएं हाथ से बल्लेबाजी और बाएं हाथ से मीडियम फास्ट गेंदबाजी करते थे. वर्तमान में उनकी उम्र 44 साल है, लेकिन उनका यह रिकॉर्ड आज भी क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज है.

Similar News