IPL छोड़ एडम जम्पा ने क्यों चुना PSL? बताई इसके पीछे की असल कहानी

आईपीएल छोड़कर PSL में खेलने को लेकर ऑस्ट्रेलियाई स्टार स्पिन गेंदबाज एडम जम्पा ने खुलासा किया है. पिछले सीजन जम्पा को सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए देखा गया था.

सनराइजर्स हैदराबाद की जर्सी में एडम जम्पा

(Image Source:  X/ @CricketCentrl )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 1 April 2026 2:59 PM IST

जहां भारत में इन दिनों आईपीएल का सीजन-19 खेला जा रहा है तो वहीं पाकिस्तान में पीएसएल चल रहा है. पाकिस्तान सुपर लीग में भी कई विदेशी खिलाड़ी खेल रहे हैं, जिनमें से एक हैं ऑस्ट्रेलियाई स्टार स्पिनर एडम जम्पा.

पिछले सीजन एडम जम्पा को आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए देखा गया था, जिनको हैदराबाद ने 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन इस बार जम्पा ने आईपीएल को छोड़कर पीएसएल में खेलने का फैसला किया था, जिसको लेकर उन्होंने अब खुलासा किया है कि आखिर क्यों पीएसएल के लिए आईपीएल छोड़ दिया?

IPL की जगह PSL क्यों चुना?

एक पाकिस्तानी पॉडकास्ट के दौरान एडम जम्पा ने बताया कि "हां, सच कहूं तो, मैं सबकी नजरों में नहीं था. मैंने इस साल आईपीएल से नाम वापस ले लिया. ईमानदारी से कहूं तो, मेरे जैसे कौशल वाले खिलाड़ी को आमतौर पर उतनी कमाई नहीं मिलती जितनी दूसरों को मिलती है. आईपीएल में लगने वाले समय को देखते हुए, मुझे लगा कि मेरे लिए इसमें खेलना जारी रखना उचित विकल्प नहीं था. मैं ब्रेक लेने की योजना बना रहा था, लेकिन करीब एक महीने पहले पीएसएल की बात सामने आ गई. सब कुछ बहुत जल्दी हुआ है, लेकिन मुझे इसका आनंद आ रहा है."

कराची किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में रविवार को गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कराची किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लाहौर कलंदर्स को चार विकेट से हरा दिया. इस जीत में ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जम्पा ने अहम भूमिका निभाई और अपनी कसी हुई गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया. लाहौर कलंदर्स के खिलाफ मैच गेंदबाजी करते हुए जम्पा ने 4 ओवर में महज 11 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी डाला था.

कैसा है IPL करियर?

आईपीएल में एडम जम्पा कई टीमों का हिस्सा रह चुके हैं, जिनमें राइजिंग पुणे सुपरजायंट, आरसीबी, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद शामिल हैं. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में कुल 22 मैच खेले हैं, जिसमें 31 विकेट उनके नाम दर्ज हैं.

Similar News