कौन थीं डॉ. Stephanie Buttermore? फिटनेस-यूट्यूबर और साइंस वर्ल्ड की जानी-मानी शख्सियत का 36 की उम्र में निधन

मशहूर फिटनेस यूट्यूबर और वैज्ञानिक डॉ. स्टेफ़नी बटरमोर का अचानक निधन हो गया है. उनके मंगेतर और फिटनेस क्रिएटर जेफ निप्पार्ड ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह दुखद खबर शेयर की.

( Image Source:  Instagram: stephanie_buttermore )
By :  रूपाली राय
Updated On : 9 March 2026 1:45 PM IST

दुनिया भर के फिटनेस कम्युनिटी में बहुत बड़े दुख की लहर दौड़ गई है. मशहूर फिटनेस यूट्यूबर और साइंटिस्ट डॉ. स्टेफ़नी बटरमोर (Stephanie Buttermore) का अचानक निधन हो गया है. वो सिर्फ 36 साल की थीं. इस दुखद खबर की पुष्टि 6 मार्च 2026 को उनके लंबे समय से साथी और खुद एक पॉपुलर फिटनेस क्रिएटर जेफ निप्पार्ड ने की. जेफ ने इंस्टाग्राम पर एक बहुत ही इमोशनल और दिल को छू लेने वाला मैसेज पोस्ट करके बताया कि स्टेफ़नी अब इस दुनिया में नहीं रहीं.

जेफ ने अपने पोस्ट में लिखा कि स्टेफ़नी उनके लिए पूरी दुनिया थीं. वो दस साल से ज्यादा समय से साथ थे और दोनों की सगाई अक्टूबर 2022 में हो गई थी. इस पोस्ट में जेफ ने बहुत दर्द के साथ कहा कि स्टेफ़नी का निधन अचानक हुआ है और परिवार इस बड़े सदमे से गुजर रहा है. उन्होंने सभी से प्राइवेसी देने की गुजारिश की है ताकि वो इस दुख को सह सकें. अभी तक स्टेफ़नी की मौत का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है. 

स्टेफ़नी बटरमोर सिर्फ एक फिटनेस इन्फ्लुएंसर नहीं थीं, बल्कि एक पढ़ी-लिखी साइंटिस्ट भी थी. उन्होंने दक्षिण फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी से पैथोलॉजी और सेल बायोलॉजी में पीएचडी की डिग्री ली थी. उनकी पढ़ाई का में फोकस ओवेरियन कैंसर (डिम्बग्रंथि कैंसर) के कारणों और इसे जल्दी पकड़ने के तरीकों पर था. उन्होंने ऐसे बायोमार्कर ढूंढने की कोशिश की जो भविष्य में बेहतर स्क्रीनिंग टेस्ट बना सकें. उनकी इस रिसर्च की वजह से फिटनेस और साइंस दोनों कम्युनिटी में उन्हें बहुत सम्मान मिलता था. फिटनेस की दुनिया में स्टेफ़नी बहुत पॉपुलर थीं क्योंकि वो हमेशा साइंस पर आधारित जानकारी देती थीं.

वो अपने यूट्यूब चैनल पर सच बताती थीं, बिना कोई फेक या गलत चीज प्रमोट किए. उनके चैनल पर 10 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर थे और इंस्टाग्राम पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स. उनकी सबसे ज्यादा चर्चित सीरीज 'ऑल-इन' डाइट एक्सपेरिमेंट थी. इसमें उन्होंने दिखाया कि अगर कोई व्यक्ति बहुत सख्त डाइटिंग छोड़ दे और अपने शरीर को उसके नैचुरल वजन तक पहुंचने दे, तो क्या होता है. इस सीरीज ने लोगों को बहुत कुछ सिखाया जैसे मेटाबॉलिज्म कैसे काम करता है, हार्मोन कैसे प्रभावित होते हैं, और लंबे समय तक सख्त डाइटिंग से दिमाग और शरीर पर क्या असर पड़ता है. 

कई लोगों को ये पता था कि पिछले कुछ सालों में स्टेफ़नी सोशल मीडिया से काफी दूर हो गई थी. उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 2024 में आई थी. उसमें उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया का प्रेशर उनके लिए बहुत ज्यादा हो गया था. ये उनके लिए बेहद तकलीफदेह था इसलिए उन्होंने सोशल मीडिया छोड़ दिया और अपने मेंटल हेल्थ को सबसे पहले रखा. उन्होंने लिखा था कि सोशल मीडिया से दूर रहने के बाद उनका मेंटल हेल्थ बहुत बेहतर हो गया है और वो रोजमर्रा की जिंदगी में ज्यादा खुश और एक्टिव महसूस कर रही हैं.

उनकी इस लंबी अनुपस्थिति की वजह से फैंस में तरह-तरह की बातें चल रही थीं. लेकिन किसी को उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी ऐसी दुखद खबर आएगी. स्टेफ़नी ने न सिर्फ फिटनेस के बारे में सही जानकारी दी, बल्कि बॉडी इमेज, मेंटल हेल्थ और बैलेंस्ड लाइफस्टाइल पर भी बहुत अच्छे मैसेज दिए.  उनकी मौत से पूरा फिटनेस जगत शोक में डूब गया है. लाखों लोग उन्हें याद कर रहे हैं और उनके परिवार, खासकर जेफ निप्पार्ड के लिए दुआएं मांग रहे हैं. 

Similar News