एनर्जी, सेहत से लेकर वजन घटाने तक, ब्लैक कॉफी और ग्रीन टी में कौन ज्यादा फायदेमंद?

Black Coffee vs Green Tea: ब्लैक कॉफी और ग्रीन टी दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं. लेकिन एनर्जी, वजन कम करने और दिल-दिमाग की सेहत के मामले में कौन ज्यादा असरदार है?

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 9 March 2026 7:06 PM IST

Black Coffee vs Green Tea: आजकल हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने वाले लोग अपनी डाइट में खास तरह के ड्रिंक्स शामिल करते हैं. इनमें ग्रीन टी और ब्लैक कॉफी सबसे ज्यादा पॉपुलर हैं. कई लोग सुबह की शुरुआत ब्लैक कॉफी से करते हैं, तो कुछ लोग दिनभर में ग्रीन टी पीना पसंद करते हैं. 

लेकिन अक्सर लोगों के मन में एक सवाल रहता है कि आखिर सेहत के लिए ज्यादा बेहतर क्या है ग्रीन टी या ब्लैक कॉफी? दोनों में पोषक तत्व और फायदे मौजूद हैं, लेकिन इनके असर अलग-अलग हो सकते हैं. आइए जानते हैं एनर्जी, सेहत से लेकर वजन घटाने तक इन दोनों ड्रिंक्स के फायदे और यह भी कि आपके लिए कौन-सा ऑप्शन ज्यादा अच्छा हो सकता है.

ग्रीन टी और ब्लैक कॉफी क्या है ज्यादा फायदेमंद?

ग्रीन टी और ब्लैक कॉफी दोनों ही लो-कैलोरी ड्रिंक्स हैं, इसलिए इन्हें वजन कंट्रोल करने वालों के लिए अच्छा माना जाता है. ब्लैक कॉफी का टेस्ट काफी स्ट्रॉन्ग होता है और इसमें कैफीन की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर को तुरंत एनर्जी देने में मदद करती है. साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं. वहीं ग्रीन टी में कैफीन की मात्रा थोड़ी कम होती है. इसमें कैटेचिन और EGCG जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह के हेल्थ बेनेफिट्स देने के लिए जाने जाते हैं.

एनर्जी और फोकस के लिए क्या बेहतर?

अगर आपको तुरंत एनर्जी और फोकस चाहिए, तो ब्लैक कॉफी ज्यादा असरदार मानी जाती है. इसमें मौजूद कैफीन दिमाग को एक्टिव बनाता है और थकान को कम करता है. दूसरी तरफ ग्रीन टी में L-theanine नाम का अमीनो एसिड होता है, जो शरीर को शांत रखते हुए हल्की और स्थिर एनर्जी देता है. इसलिए जो लोग ज्यादा कैफीन नहीं लेना चाहते, उनके लिए ग्रीन टी बेहतर ऑप्शन हो सकती है.

वजन घटाने में कौन-सी ड्रिंक है ज्यादा फायदेमंद?

वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए दोनों ही ड्रिंक्स फायदेमंद माने जाते हैं. ब्लैक कॉफी मेटाबॉलिज्म को तेज करती है और फैट बर्न करने में मदद करती है, खासकर एक्सरसाइज के दौरान. ग्रीन टी में मौजूद EGCG भी फैट बर्न करने और मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने में मदद करता है. इसलिए अगर सही डाइट और एक्सरसाइज के साथ लिया जाए, तो दोनों ही वजन घटाने में मददगार साबित हो सकते हैं.

दिल और दिमाग पर इन डिंक का असर

कई शोध बताते हैं कि ब्लैक कॉफी और ग्रीन टी दोनों दिल के लिए फायदेमंद हो सकते हैं. ब्लैक कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट सूजन को कम करते हैं और दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद करते हैं. वहीं ग्रीन टी में मौजूद कैटेचिन ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं, कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में मदद करता है. इसके अलावा दोनों ड्रिंक्स दिमाग की सेहत के लिए भी अच्छे माने जाते हैं और याददाश्त को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.

ब्लैक कॉफी और ग्रीन टी के नुकसान?

हालांकि ग्रीन टी और ब्लैक कॉफी दोनों ही सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं, लेकिन इनका ज्यादा सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है. ज्यादा ब्लैक कॉफी पीने से बेचैनी, नींद की समस्या और पेट में जलन हो सकती है. वहीं बहुत अधिक ग्रीन टी पीने से शरीर में आयरन के अवशोषण में कमी आ सकती है और कुछ लोगों को पेट में हल्की परेशानी भी महसूस हो सकती है. इसलिए इन दोनों ड्रिंक्स को सीमित मात्रा में ही लेना बेहतर होता है.

ग्रीन टी और ब्लैक कॉफी दोनों ही हेल्थ के लिए फायदेमंद हैं. यह पूरी तरह आपकी पसंद, शरीर की जरूरत और हेल्थ गोल्स पर निर्भर करता है कि आप किसे चुनते हैं. अगर आपको ज्यादा एनर्जी चाहिए तो ब्लैक कॉफी बेहतर है, जबकि हल्की और बैलेंस एनर्जी के लिए ग्रीन टी ले सकते हैं.

Similar News