क्या पीरियड में पहन सकते हैं पैंटी लाइनर्स? जानें पैड और Liner में फर्क
पीरियड्स के दौरान पैंटी लाइनर पहनना सही है या नहीं, इसे लेकर अक्सर कंफ्यूजन रहता है. लाइनर और पैड दिखने में भले ही एक जैसे लगें, लेकिन दोनों का इस्तेमाल और काम अलग होता है, जिसे समझना जरूरी है.
पीरियड्स के दौरान क्या पैंटी लाइनर पहनना सही है या नहीं, यह सवाल अक्सर कई लोगों के मन में आता है. पहली नजर में लाइनर और पैड एक जैसे लगते हैं, लेकिन इनका काम और इस्तेमाल पूरी तरह अलग होता है, जिसे समझे बिना सही फैसला लेना मुश्किल हो सकता है.
कई बार गलत समय पर गलत प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से असुविधा और परेशानी बढ़ सकती है. ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि आखिर पैंटी लाइनर और पैड में क्या फर्क है और पीरियड्स के दौरान किसका इस्तेमाल सही रहेगा.
क्या होते हैं पैंटी लाइनर्स?
पैंटी लाइनर्स बहुत पतले और हल्के होते हैं. ये साइज में छोटे होते हैं और इन्हें पहनने पर ज्यादा भारीपन महसूस नहीं होता. इनका ज्यादातर इस्तेमाल उन दिनों में होता है ,जब पीरियड शुरू होने वाले हों या खत्म हो रहे हों. इसके अलावा, रोजाना होने वाले हल्के सफेद डिस्चार्ज (वाइट डिस्चार्ज) या स्पॉटिंग के दौरान भी पैंटी लाइनर्स काफी मददगार होते हैं.
पैंटी लाइनर्स का इस्तेमाल क्यों किया जाता है?
पैंटी लाइनर्स का उपयोग कई छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाता है.
- रोजाना की फ्रेशनेस बनाए रखने के लिए पैंटी लाइनर्स का इस्तेमाल किया जाता है.
- हल्के डिस्चार्ज या स्पॉटिंग के दौरान भी पैंटी लाइनर्स काम आते हैं.
- पीरियड्स शुरू होने से पहले या खत्म होने के बाद पैंटी लाइनर्स फायदमेंद है.
- टैम्पोन या मेंस्ट्रुअल कप के साथ बैकअप के तौर पर भी पैंटी लाइनर्स यूज किए जाते हैं.
- यह हल्के होते हैं, इसलिए लंबे समय तक पहनने में भी ज्यादा परेशानी नहीं होती, लेकिन इन्हें नियमित गैप पर बदलना जरूरी होता है.
क्या होते हैं सैनिटरी पैड?
सैनिटरी पैड को आमतौर पर पैड कहा जाता है. खासतौर पर पीरियड्स के दौरान इस्तेमाल के लिए बनाए जाते हैं. ये पैंटी लाइनर्स की तुलना में मोटे और बड़े होते हैं, ताकि ज्यादा मात्रा में ब्लड को सोख सकें. पैड अलग-अलग साइज और मोटाई में आते हैं, जैसे नॉर्मल, हेवी फ्लो और नाइट यूज के लिए अलग पैड. ये पीरियड्स के दौरान लीक होने से बचाने और आराम देने के लिए डिजाइन किए जाते हैं.
पैंटी लाइनर्स और पैड में क्या है अंतर?
- पैड ज्यादा मात्रा में ब्लड सोख सकते हैं, जबकि पैंटी लाइनर्स केवल हल्के डिस्चार्ज के लिए होते हैं.
- पैड मोटे और बड़े होते हैं, जबकि पैंटी लाइनर्स पतले और छोटे होते हैं.
- पैड पीरियड्स के दौरान इस्तेमाल किए जाते हैं, जबकि पैंटी लाइनर्स रोजाना हाइजीन या हल्की स्पॉटिंग के लिए उपयोगी होते हैं.
- पैड को हर 3–4 घंटे में बदलना चाहिए, खासकर हेवी फ्लो में. वहीं पैंटी लाइनर्स को 4–5 घंटे में बदलना बेहतर होता है.
- पैंटी लाइनर्स और पैड दोनों ही महिलाओं की हाइजीन के लिए जरूरी हैं, लेकिन इनका इस्तेमाल अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से किया जाना चाहिए. सही प्रोडक्ट का सही समय पर उपयोग न केवल आराम देता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है.