बिल्ली के चेहरे वाली हील्स! Paris Fashion Week में Cat Head Heels का अजीबोगरीब डिजाइन देख लोग हैरान

फैशन की दुनिया इन दिनों अजीबोगरीब और क्रिएटिव डिजाइनों से लोगों को चौंका रही है. पहले लग्जरी ब्रांड ने कुत्ते के शेप वाला बैग लॉन्च करके चर्चा बटोरी थी, और अब Paris Fashion Week में सामने आई Cat Head Heels ने हर किसी का ध्यान खींच लिया है.

( Image Source:  instagram-@schiaparelli )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 7 March 2026 12:06 PM IST

फैशन की दुनिया इन दिनों ऐसे-ऐसे एक्सपेरिमेंट देख रही है, जिन्हें देखकर लोग हैरान भी हो रहे हैं और चर्चा भी कर रहे हैं. कभी किसी लग्जरी ब्रांड का अजीबोगरीब बैग ट्रेंड में आ जाता है, तो कभी रनवे पर ऐसा फुटवियर दिखता है जिसे देखकर लोग दोबारा नजर डालने पर मजबूर हो जाएं.

हाल ही में एक लग्जरी ब्रांड ने कुत्ते के शेप वाला बैग लॉन्च करके इंटरनेट पर हलचल मचा दी थी, और अब पेरिस फैशन वीक में सामने आई Cat Head Heels ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. इन हील्स के आगे बिल्ली का चेहरा बनाया गया है, जिसकी डिटेलिंग इतनी रियलिस्टिक है कि पहली नजर में यह किसी छोटे स्कल्पचर जैसा लगता है.

कैसी दिखती है कैट हेड हील्स?

कैट हेड हील्स का डिजाइन काफी अलग और ड्रैमेटिक है. ये हील्स हल्के बेज रंग की लेदर पंप्स हैं, जिनकी टो यानी आगे की जगह पर बिल्ली का चेहरा उकेरा गया है. सबसे खास बात यह है कि इस बिल्ली के चेहरे की डिटेलिंग बेहद बारीकी से की गई है. इसमें बिल्ली के दांत, नुकीली मुस्कान और यहां तक कि मूंछें भी साफ दिखाई देती हैं. हील का शेप भी थोड़ा कर्व्ड यानी मुड़ा हुआ है, जिससे जूते का लुक और भी ज्यादा आर्टिस्टिक बन जाता है. रनवे पर मॉडल्स जब इन हील्स को पहनकर चलीं तो ऐसा लगा जैसे जूते नहीं बल्कि कोई मिनी स्कल्पचर हों.

किन चीजों से बनी हैं ये हील्स?

सोशल मीडिया पर इन हील्स को देखकर कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या इसमें असली जानवरों का इस्तेमाल किया गया है. लेकिन डिजाइनर डेनियल रोज़बेरी ने साफ किया कि ऐसा बिल्कुल नहीं है. इन जूतों में दिखाई देने वाला बिल्ली का चेहरा रेज़िन और फेल्ट जैसे मटेरियल से बनाया गया है. यानी इसमें किसी भी जानवर को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है. यह पूरी तरह से आर्टिस्टिक क्राफ्ट और हैंड-स्कल्प्टिंग का नतीजा है.

सोशल मीडिया पर क्यों मची बहस?

जैसे ही Cat Head Heels की तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग रिएक्शन देने लगे. कुछ यूजर्स को यह डिजाइन बहुत क्रिएटिव और “कैम्प फैशन” लगा, जबकि कई लोगों ने इसे थोड़ा अनकंफर्टेबल और डरावना बताया. फिर भी एक बात तय है कि इन हील्स ने फैशन की दुनिया में फिर से यह साबित कर दिया कि रनवे सिर्फ कपड़ों के लिए नहीं, बल्कि कल्पना और आर्ट दिखाने के लिए भी होता है.

Similar News